फ़िल्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
फ़िल्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 18 दिसंबर 2010

जो मिथकीय है, वही वास्तविक है..

हर चीज़ पवित्र है, याद रखो मेरे बच्चे हर चीज़ पवित्र है। प्रकृति में कुछ भी प्राकृतिक नहीं है। जब तुम्हे ये प्राकृतिक लगने लगे, समझो कि वो उनका अंत है। फिर कुछ और शुरु होगा। अलविदा आसमान! अलविदा सागर!

ये आसमान कितना ख़ूबसूरत है। कितना शांत और कितना चमकदार। क्या तुम्हे नहीं लगता कि आसमान का वह एक टुकड़ा ज़रा भी प्राकृतिक नहीं है और एक देवता द्वारा ग्रस्त है? .. ह्म्म.. समन्दर भी ऐसा ही लगता है...

अपने पीछे देखो! क्या दिखाई देता है? क्या कुछ भी प्राकृतिक है? जो कुछ भी दिखता है सब एक छाया है, एक माया। तीसरे पहर की धूप में ठहरे शांत पानी में प्रतिबिम्बित होते बादल.. देखो उधर! समन्दर के उस पतली काली पट्टी पर तेल जैसे गुलाबी चमक। पेड़ो की छायाएं और बांसो के झुरमुट.. जिधर भी नज़र जाती है, एक देवता छिपा हुआ है। और यदि ग़लती से नहीं भी है, तो उसकी पवित्र उपस्थिति के निशान हैं। ये सन्नाटा, घास की ख़ुशबू, ठण्डे पानी की ताज़गी.. हाँ, यह सब पवित्र है। लेकिन पवित्रता भी एक शाप है। देवता यदि प्रेम करते हैं तो घृणा भी करते हैं...

शायद तुम्हे लगता हो कि मैं बिलकुल झूठा हूँ .. या फिर सिर्फ़ कविताई कर रहा हूँ। लेकिन प्राचीन मानव के लिए मिथक और अनुष्ठान, ठोस अनुभव हैं जो उसके दैनिक जीवन में और शरीर में, हिस्से की तरह शामिल होते हैं। उसके लिए वास्तविकता एक ऐसी सम्पूर्ण अवधारणा है जिसमें वह, मिसाल के लिए, शांत आकाश के ठहराव को देखकर जो भाव महसूस करता है वही भाव आधुनिक मानव अपने गहनतम निजी और व्यक्तिगत अनुभव में महसूस करता है।

तुम्हारा राज्य जिसने छीना है, तुम अपने उस चचा के पास जाओगे और अपना हक़ माँगोगे तो वो तुमसे छुटकारा पाने के लिए तुम्हे किसी अभियान पर भेज देगा.. शायद सुनहरी ऊन को लाने के लिए। उसके लिए तुम्हें समन्दर पार दूर देस में जाना होगा। वहाँ तुम्हारा सामना ऐसी दुनिया से होगा जहाँ बुद्धि का उपयोग, हमारी दुनिया से काफ़ी अलग है। वहाँ जीवन बड़ा वास्तविक है। क्योंकि केवल वो जो कि मिथकीय है, वही असल में वास्तविक है.. और केवल वो जो वास्तविक हैं, मिथकीय है।



(पासोलिनी की फ़िल्म मिदीया के एक लम्बे वार्तालाप का हिस्सा जो चेन्तौर किरौन, जेसन से करता है)





मंगलवार, 16 नवंबर 2010

सोशल नेटवर्क

नया करने वाला हर व्यक्ति किसी आदर्श व्यक्तित्व का स्वामी, किसी उच्च चेतना और नैतिकता का वाहक नहीं होता। वे तो बस अपने ज़रिये अपने समय को बेलाग-बेलौस अभिव्यक्त कर रहे होते हैं। पुराने ढाँचे में नए की अभिव्यक्ति सहज सरल रूप से ही हो जाय यह हमेशा सम्भव नहीं होता। नया अक्सर वह पुराने ढाँचे को ढहा कर, उस की बाँस-बल्लियां हिला कर ही पैदा होता है। और इसीलिए वह अवैध और अनैतिक बताया जाता है। सोशल नेटवर्क में भी मूल सवाल यही है- मार्क ज़करबर्ग क्या एक अपराधी है? क्या उसने झूठ बोला है, चोरी की है, धोखा दिया है?

हाँ यह ठीक है कि मार्क 'दिए गए' मानकों पर अपराधी नज़र आता है लेकिन अगर वह समाज की स्थापित नैतिकता के अनुसार ही चलने लगता तो शायद कभी भी फ़ेसबुक को वो शकल नहीं दे पाता जो आज है। उसने व्यक्तियों और दिये गए विधान के बदले, अपने और अपने आविष्कार के प्रति निष्ठावान होने का चुनाव किया; जो अमानवीय नज़र आता है पर हर आविष्कारी की मौलिक पहचान होता है।आविष्कार मानवता के हित में, प्रगति के हित में होते हैं जबकि नैतिकता सिर्फ़ व्यवस्था को बनाए रखने के हित में।

समाज में तमाम ज़रूरते, पहले से तैयार तंत्रों की सीमाओं से परे होती हैं। व्यवस्था के पहले से तैयार ढाँचा उस ज़रूरत को पूरा कर पाने में असमर्थ होता है। और व्यवस्था ने उस ज़रूरत का इष्टतम इस्तेमाल करने के लिए और अपने हितों की रक्षा के लिए ऐसे क़ानून बना लिए होते हैं कि किसी भी और तरीक़े से उसकी पूर्ति अवैध कहलाई जाये। जैसे क़ानूनी तौर पर किसी भी किताब को फोटोकौपी करना अपराध है, किसी भी डीवीडी को क़िराये पर देना अपराध है। इन्टरनेट से संगीत डाउनलोड करना अपराध है, फ़िल्में शेअर करना अपराध है।

लेकिन चौतरफ़ा हो रहे बदलावों की समसामयिकता या कहें कि ऐतिहासिक परिस्थितियां ऐसी पकती हैं कि ई-मेल, नैपस्टर, बिट-टौरेन्ट, यू-ट्यूब, और फ़ेसबुक जैसे आविष्कार होते हैं। इन्हे आविष्कार करने वाले सामान्य व्यक्ति नहीं थे लेकिन उन्हे किसी महान मेधा के मालिक समझना भी भूल होगी। उन्होने बस समय की गति को पहचाना और अपने आप को उसमें बहने दिया। अगर वो उन आविष्कार को अंजाम नहीं देते तो छह-आठ महीनों में ही कोई और नौजवान वैसे या उस जैसे किसी और आविष्कार को पेश कर देता।

सोशल नेटवर्क की सबसे सफल बात यही है कि वह तमाम गहरी बातों को बिना बहुत गम्भीर हुए, एक ज़बरदस्त गति और दिलचस्पी बनाए रखते हुए कह ले जाती है। फ़िल्म का आख़िरी दृश्य मार्क ज़करबर्ग की विडम्बना को एक छवि में समेट लेता है- अपने ही द्वारा आविष्कृत फ़ेसबुक में मार्क अपनी भूतपूर्व प्रेमिका से दोस्ती की स्वीकृति का इन्तज़ार करता हुआ उतना ही निरीह है जितना कि कोई भी दूसरा टीनेजर होगा।

सोमवार, 26 जुलाई 2010

सच का सिनेमा


डौक्यूमेण्ट्री शब्द से यही मालूम देता है कि इसका सम्बन्ध डौक्यूमेण्ट करने या किसी भी घटना की एक स्मृति, एक यादगार तैयार करने से है। मूलतः यह बात सही है। गतिमान चित्रों की सबसे पहली फ़िल्म, लूमियर बन्धु द्वारा बनाई गई ‘स्टेशन पर ट्रेन का आगमन’ वास्तव में एक डौक्यूमेण्ट्री ही थी। ट्रेन स्टेशन पर आ रही थी, फ़िल्मकार ने उसे कैमरा लगा के एक यादगार के रूप में क़ैद कर लिया। लेकिन बाद के वर्षों में गतिमान चित्रों की इस कला का वह स्वरूप अधिक लोकप्रिय हुआ जिसे हम सिनेमा के नाम से जानते हैं, जिस में एक वास्तविकता से मिलती-जुलती एक कहानी होती है, पेशेवर अभिनेता होते हैं, विस्मयकारी दृश्य होते हैं, और जिसे नाटकों की तरह मंचित किया जाता है। चूंकि लगभग सौ वर्षों तक गतिमान चित्रों की यह कला बेहद महँगी टेक्नोलौजी पर आधारित थी इसलिए डौक्यूमेण्ट्री के रूप में फ़िल्म का प्रयोग बेहद सीमित रहा। आम जन अपने आम जीवन की घटनाओं को स्थायी स्मृतियों में बदलने के लिए इस कला का व्यवहार नहीं कर सके।

अन्य देशों की तरह भारत में सबसे पहले डौक्यूमेण्टरी का इस्तेमाल महत्वपूर्ण घटनाओं को दस्तावेज़ के रूप बन्द करने के लिए अंग्रेज़ों ने किया। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अपने पक्ष का सम्बल बनाए रखने के लिए उन्होने एक प्रकोष्ठ भी बनाया लेकिन उसके पहले से ही अपनी प्रजा को समझने की औपनिवेशिक मानसिकता से हैन्स नीटर के ‘ए रोड इन इण्डिया’ जैसी लघुफ़िल्में भी बनती रही थीं।

विस्मयकारी अनोखे नज़ारों और ऐतिहासिक घटनाओं की राह से निकल कर फ़िल्म इतिहास में बहुत जल्दी ही डौक्यूमेन्टरी का शब्द राजनैतिक प्रचार की फ़िल्मों के अर्थ में रूढ़ हो गया और इस प्रक्रिया में नाज़ी समर्थक जर्मन फ़िल्मकार लेनी राफ़ेन्स्थाल की मुख्य भूमिका सी रही। उनके फ़िल्मों के भीतर के नाज़ी तत्व को तो लोगों ने नकार दिया मगर फ़िल्म माध्यम का इस्तेमाल प्रचार के लिए कैसे किया जाय, ये उनसे सीख लिया। यह प्रयोग आज़ादी के पहले अंग्रेज़ो ने अपने हितों के लिए किया फिर स्वतंत्र भारत की सरकार ने भी उसे जारी रखा।

देश के आज़ादी के बाद नेहरू जी सिनेमा की ताक़त को समझ कर फ़िल्म्स डिवीज़न की नींव डाली जिन्हे हर हफ़्ते एक वृत्तचित्र बनाने की बन्दिश थी। भारतीय जनमानस में डौक्यूमेण्ट्री की पूर्वतम स्मृति के रूप में क़ैद ये वृत्त चित्र फ़ीचर फ़िल्मों के पहले दिखलाया नियमबद्ध था। इनका मक़्सद तो नेहरू की नीतियों व नवोदित भारतीय राज्य के राजनीतिक आदर्शों का प्रचार ही था मगर अपनी सीमाओं के भीतर ही फ़िल्म्स डिवीज़न में प्रमोदपति, सुखदेव और एस एन एस शास्त्री जैसे लोगों ने डौक्यूमेण्टरी का एक कलारूप के बतौर ज़बरदस्त इस्तेमाल किया। उनकी फ़िल्में आई एम ट्वेन्टी या इण्डिया सिक्सटी सेवेन आज भी याद की जाती हैं। मणि कौल व कुमार साहनी ने फ़िल्म्स डिवीज़न के लिए जो फ़िल्में बनाईं वो इसी कलात्मक परम्परा में थीं। लेकिन ये सभी फ़िल्में राज्य, उसके चरित्र और उसकी गतिविधि पर ही केन्दित हो कर उसका प्रचार करती रहीं।

सत्तर के दशक में जब इंदिरा गांधी की तानाशाही के ख़िलाफ़ और इमरजेन्सी के आस-पास जो प्रतिरोध की राजनीति पनपी का उसकी एक अभिव्यक्ति प्रतिरोध की डौक्यूमेण्टरी, या भूमिगत डौक्यूमेण्टरीज़ में हुई। इस अभिव्यक्ति का परचम आनन्द पटवर्धन के हाथ में लहरा रहा था। आने वाले दो दशकों तक वे न सिर्फ़ डौक्यूमेण्टरी के शिखर पुरुष बने रहे बल्कि राजनैतिक नैतिकता व आदर्श की चरम अभिव्यक्ति भी।

ऐनालौग वीडियो तकनीक के आ जाने से अस्सी के दशक में ही एक बड़े परिवर्तन की सुगबुगाहट शुरु हो गई थी जो नब्बे के दशक में डिजिटल के विस्फोट से एक क्रांति में बदल गई। हाई-ऐट और ऐविड जैसे नए माध्यमों के आने से वीडियो पहले से कहीं अधिक सुलभ और सरल हो गया। और दूसरी तरफ़ देश में उदारीकरण की नीतियों के चलते देश में संचार क्रांति हो गई। 90 के दशक के बाद और ख़ासकर नई सदी में डॉक्‍यमेंट्री फिल्‍मों की ओर आकर्षण बढ़ा है, लेकिन अब भी यह इतना नहीं है कि पश्चिम की डॉक्‍यमेंट्री विधा के सामने खड़ा हो सके। स्‍वाभाविक है कि इसका कोई एक कारण नहीं है। हाल के वर्षों में ज़रूर मास कम्‍यूनिकेशन संस्‍थानों में प्रशिक्षण और प्रदर्शन के नए तरीक़ों के आने के बाद डौक्यूमेण्ट्री की लोक‍प्रियता में पहले के मुका़बले इज़ाफ़ा हुआ है।

***

इस पूरे बदलाव पर बातचीत करते हुए आज के डौक्यूमेण्ट्री परिदृश्य में अपनी एक सशक्त पहचान बना चुकीं पारोमिता वोहरा कहती हैं कि भारत में सरकारी तंत्र के बाहर डौक्यूमेण्ट्री फ़िल्मों के लिए कोई ठोस वित्तीय सहायता न होने के कारण शुरुआती दौर में अधिकतर फ़िल्में राजनैतिक आन्दोलनों के संसर्ग में ही बनीं; और ये भी कहना अनुचित नहीं होगा कि वे उन आन्दोलनों के द्वारा ही प्रायोजित थीं। १९९० के पहले या तो फ़िल्में सरकारी तत्वाधान में बन रही थीं या राजनैतिक आन्दोलनों के तत्वाधान में।

भारत में डौक्यूमेण्ट्री के इतिहास की समझ को एक दिलचस्प लोच देती हैं मुम्बई स्थित सांस्कृतिक संस्था ‘मजलिस’ की संचालक और स्वतंत्र डौक्यूमेण्ट्री फ़िल्मकार मधुश्री दत्ता; वे कहती हैं कि भारत में डौक्यूमेण्ट्री की शुरुआत राज्य की तरफ़ से ही हुई और जब सत्तर के दशक में जब आनन्द पटवर्धन जैसे फ़िल्मकारों ने ‘प्रिज़नर्स औफ़ कान्शसनेस’ जैसी प्रतिरोध की डौक्यूमेण्ट्री बनाना आरम्भ किया तो उनका भी ध्यान पूरी तरह से राज्य पर ही केन्द्रित रहा। वे राज्य के यथार्थ के एक दूसरे पहलू का उद्‌घाटन करते रहे।

९० के बाद आने वाले बड़े बदलाव के पहले ८० के दशक में एक छोटा बदलाव भी आता है। एक तरफ़ तो फ़िल्म के सिल्वर आयोडाइड के बदले वीडियो के प्रचलन से टेक्नोलौजी ने करवट बदली और दूसरी तरफ़ उत्तर आधुनिकता, इतिहास के वैकल्पिक चिन्तन, और नारीवाद जैसे आन्दोलनों के चलते यथार्थ को देखने की एक नई दृष्टि का भी विकास हुआ। एक तरफ़ यथार्थ को कैमरे में क़ैद करने की नई बहुसुलभ तकनीक विकसित हो रही थी और दूसरी यथार्थ को समझने की नई नज़र भी विकसित हो रही थी। मधुश्री मानती हैं कि ९० के दशक में पनपा डौक्यूमेण्ट्री का कलारूप इन दो परिघटनाओं के संयोग का परिणाम है। क्योंकि रीनामोहन द्वारा बनाई गई फ़िल्म ‘कमलाबाई’ (१९९२) जो हिन्दी सिनेमा की प्रथम महिला कलाकार के निजत्व से निकट से रूबरू कराती है, १६एमएम पर ज़रूर बनाई गई लेकिन उसका सौन्दर्यबोध और यथार्थबोध उस नए चिंतन से प्रभावित है जिसने बाद के वर्षो में डौक्यूमेण्ट्री के कई कलारूपों को जन्म दिया।

लेकिन यह समझ लेना कि डौक्यूमेण्ट्री कोई प्रगतिशील माध्यम है, सही न होगा। डौक्यूमेण्ट्री भी किसी भी कलारूप की तरह है जिसका चरित्र उसके इस्तेमाल करने वाले की समझ व नैतिकता से प्रभावित हो कर बदलता रहता है। पारोमिता कहती हैं कि शुरुआत में अधिकतर फ़िल्में वाम-लोकतांत्रिक शक्तियों के पक्ष में बनीं लेकिन बाद में राम जन्म भूमि आन्दोलन के अन्तर्गत ‘भए प्रगट कृपाला’ जैसी फ़िल्मों का भी निर्माण हुआ जिनके द्वारा विकसित शैली का इस्तेमाल आज भी कई हिन्दी समाचार चैनल करते आ रहे हैं।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फ़िल्मकार और मूर्धन्य चिंतक कमल स्वरूप के अनुसार हाथ में छिप से जाने वाले डीवी कैमरों के आने से सब से बड़ा बदलाव ये आया कि फ़िल्म बनाने वाले और फ़िल्म पर नज़र आने वाले आदमी के बीच यंत्र का महत्व भी घट कर बेहद मामूली हो गया। उनका कहना है कि आज डौक्यूमेण्ट्री के मंज़र में जो बाढ़ आई है उसके केन्द्र में यह सर्वसुलभ टेक्नोलौजी ही है, सस्ते कैमरे आने से सब के हाथ में कैमरा आ गया। वरना कैमरा एक ऐसा बहुईष्यित यंत्र था जिस का स्पर्श कुछ कुलीनजन ही कर सकते थे। पारोमिता वोहरा के अनुसार १९९० के बाद हुए टेक्नोलाजिकल बदलाव का सबसे बड़ा असर यह रहा कि सस्ते कैमरे और सस्ती सम्पादन मशीनों के चलते फ़िल्मकार अपने उत्पादन के साधनों का मालिक ख़ुद होने लगा।

पारोमिता यह भी मानती हैं कि भारत में १९९० में एक बड़ा राजनैतिक-आर्थिक परिवर्तन आया, और इन बदली हुई राजनीतिक सच्चाईयां में ७० व ८० के दशक का डौक्यूमेण्ट्री कलारूप पर्याप्त नहीं रह गया था। आज का युवा अपना जीवन कई स्तर पर जी रहा है, और इसीलिए डौक्यूमेण्ट्री में भी एक ऐसे कलारूप की तलाश शुरु हुई जो अपने आस-पास की सच्चाई को उसकी पूरी जटिलता में पकड़ सके। बदल गईं। पहले वाले कलारूप नकारे नहीं गए, लेकिन और नए कलारूपों का प्रयोग किया जाने लगा।

प्रतिष्ठित डौक्यूमेण्ट्री फ़िल्मकार और एफ़ टी आई आई, पुणे में निर्देशन के प्राध्यापक अजय रैना इसे तो मानते हैं कि पिछले बीस सालों में डौक्यूमेण्ट्री के परिदृश्य में पुरानी प्रचारवादी फ़िल्मों से इतर निजी जीवन पर केन्दित, काव्यात्मक और अमूर्त शैलियों का विकास हुआ है, लेकिन उनका कहना है कि योरोप व अमरीका में ये कलारूप पहले से ही विकसित हो चुके थे। डिजिटल तकनीक की सुलभता के कारण ही इस तरह के कलाप्रयोग भारत जैसे ग़रीब देश में भी मुमकिन हो सके।

धीरे-धीरे ‘सत्य के पर्दाफ़ाश’ वाली डौक्यूमेण्टरी, और ‘सत्य के प्रचार’ वाली सोच की विरासत न्यूज़ चैनलों ने सम्हाल ली, हालांकि यह कहा जा सकता है कि वो सत्ता पक्ष के ‘सत्य’ को ही प्रचारित करते रहे और ‘जनता’ के पक्ष के प्रचार की जगह बनी रही और इसीलिए डौक्यूमेण्ट्री की प्रचार शैली पूरी तरह से विलीन नहीं हुई। कश्मीर में मानवाधिकारों के हनन पर ‘जश्ने आज़ादी’ (२००७) और नर्मदा के सरदार सरोवर डैम के विरुद्ध चल रहे जनान्दोलन पर ‘वर्ड्स औन वाटर’ (२००३) फ़िल्म बनाने वाले संजय काक जैसे क्रोधित फ़िल्मकार भारतीय राज्य के चरित्र को नंगा करते हुए अभी तक भू-भ्रमण कर रहे हैं। पर शायद यह कहना भी अनुचित नहीं होगा कि डौक्यूमेण्ट्री की प्रचारशैली अब ओल्ड-फ़ैशण्ड हो चली है।

***

पहले से स्थापित डौक्यूमेण्ट्री के रहस्योद्‌घाटक क़िस्म के स्वरूप को नए फ़िल्मकारों ने चुनौती दी। मधुश्री मानती हैं कि ये नए फ़िल्मकार यथार्थ का अनावरण करके उसे अपनी विचारधारा के पक्ष में सबूत की तरह पेश नहीं करते, बल्कि उसे समझने की कोशिश करते हैं। मिसाल के तौर पर निलिता वछानी की फ़िल्म ‘आईज़ औफ़ स्टोन’ (१९९०) जो एक राजस्थानी औरत शांता की कहानी है जिस पर ‘माता’ आती हैं। फ़िल्म न तो इस परम्परा पर कोई निर्णय सुनाती हैं और न ही इसे कोई सैद्धान्तिक चोला पहनाती है। वे दर्शक को कोई संदेश नहीं देती बल्कि इस अवधारणा को सोचने-समझने की प्रक्रिया में दर्शक को हिस्सेदार कर लेती है। डौक्यूमेण्ट्री के इतिहास में इस शैली को सिनेमा वेरिते (सच्चा सिनेमा) के नाम से जाना गया, और यह फ़िल्म उस शैली का बेहतरीन उदाहरण मानी जाती है। मेघालय के आदिवासियों के बीच विवाह की अनोखी रीति और उसे चलाने वाले समाज से परिचय कराती, नन्दिनी बेदी की २००८ की फ़िल्म ‘नोट्स औन मैनकैप्चर’ भी इसी परम्परा में है।

वृत्त चित्रों की विरासत के रूप में यह जो समझ विकसित हुई थी कि डौक्यूमेण्टरी सिर्फ़ वस्तुगत सच्चाई का चित्रण भर है। इस पुरानी पड़ गई सोच के बरक्स नए डौक्यूमेण्टरी फ़िल्मकारों ने अपने लिए नए मुहावरे तलाशना शुरु कर दिया। मनोजगत के पहलुओं को भी यथार्थ के रूप में जगह देने के लिए नाट्य रूपान्तर, गानों, एनीमेशन, ग्राफ़िक्स सभी तत्वों के इस्तेमाल किया गया। कलारूपों की इस आज़ादी का परिणाम ये हुआ कि फ़िल्म में दिख रहे लोगों का ही नहीं, फ़िल्मकार का व्यक्तित्व भी फ़िल्म में झलकने लगा। क्योंकि वह स्वयं भी यथार्थ का एक हिस्सा है।

इस लिहाज़ से पारोमिता वोहरा की नारीवादी फ़िल्म ‘अनलिमिटेड गर्ल्स’ (२००२) बेहद अहम फ़िल्म है, क्योंकि उसने नारीवाद जैसे रूखे समझे जाने वाले विषय को एक ऐसे मनोरंजक स्वरूप में ढाला कि वह नई पीढ़ी के लिए सुस्वादु हो गया अपने विषय के साथ किसी तरह का समझौता किए बिना । इस्मत चुग़ताई और स‍आदत हसन मंटो के काल्पनिक वार्तालाप के गिर्द बुनी हुई मधुश्री दत्ता की फ़िल्म ‘सेवेन आईलैन्ड्स एण्ड ए मेट्रो’ (२००६) मुम्बई शहर के वस्तुनिष्ठ यथार्थ से अधिक मुम्बई शहर के उदास अन्तर्भाव पर अपना ध्यान केन्द्रित करती है।

दूसरी ओर स्वयं फ़िल्मकार को केन्द्र में रखकर कहानी सुनाने का अन्दाज़ विकसित हुआ है क्योंकि निजी का वृहद स्तर की वास्तविकता से रिश्ता है, सूक्ष्म में विराट की झलक है।’ पंकज ऋषिकुमार की ‘कुमार टाकीज़’ एक छोटे कस्बे के एक बंद हो चुके सिनेमा हाल और उसके ज़रिये फ़िल्मकार के परिवार की एक निजी कथा कहती है। अजय रैना अपनी फ़िल्म ‘टैल देम द ट्री दे हैड प्लाण्टेड हैज़ नाउ ग्रोन’ (२००१) में कश्मीर घाटी स्थित अपनी पारिवारिक जड़ों को टटोलते हुए वहाँ लोगों के बदलते हुए मिज़ाज को पकड़ते हैं। और इस सब से इतर श्यामल करमाकर की ‘आई एम दि वेरी ब्यूटिफ़ुल’ (२००६) जैसी फ़िल्म है जो फ़िल्मकार के उसके विषय- एक प्रौढ़ होती बार सिंगर के सम्बन्ध को एक ख़तरनाक श्रृंगारिक धार पर बनाए रखती है और अपने दर्शक को वायेरिज़्म के बारे में गहराई से सोचने पर मजबूर करती है।


***

ये कुछ यादगार और पथप्रवर्तक फ़िल्में हैं। और इन में अधिकतर फ़िल्में निजी प्रयासों, किसी एन जी ओ की आर्थिक सहायता, या विदेशी अनुदान के सहारे बनी हैं। जबकि भारत में अधिकतर डौक्यूमेण्ट्री फ़िल्में दूरदर्शन के सहयोग से, मंत्रालयों के अनुदानों से बनती हैं। कम ही लोग होते हैं जो अपने तईं फ़िल्म का निर्माण करते हैं। पिछ्ले बीस साल में कुछ अच्छे बदलाव ज़रूर हुए हैं मगर अभी भी डौक्यूमेण्ट्री फ़िल्मों की न कोई समुचित अनुदानतंत्र विकसित हुआ है, न तो कोई वितरण व्यवस्था विकसित हो सकी है और न ही कोई पेशेवर संस्कृति बन पाई है। इस सूरते हाल पर अजय रैना मानते हैं कि इसकी मुख्य ज़िम्मेवारी सैटेलाइट चैनलों की है जो अपनी व्यापक पहुँच के बावजूद न तो वे स्वयं डौक्यूमेण्ट्री बनाते हैं, न उसके लिए अनुदान देते हैं और तो और दिखाते तक नहीं है।

भारत के डौक्यूमेण्ट्री मंज़र में इस बदलाव में सरकार और भारतीय बाज़ार की कोई विशेष भूमिका भले न हो मगर विस्व बाज़ार की एक बड़ी भूमिका है। मधुश्री मानती हैं कि ये जो तथाकथित डिजिटल क्रांति हुई है, इसमें फ़िल्मकारों ने कुछ नहीं किया- ये तो सोनी ने तय किया। उन्होने इस बाज़ार को बनाया है और हम इस बाज़ार के हिस्से हैं। हम सोच सकते हैं कि हमने एक नया सौन्दर्यबोध गढ़ा है मगर वह आत्मश्लाघा और अपना ही महिमामण्डन होगा। दर‍असल हम सोनी जैसे कम्पनियों के द्वारा बनाए माल के उपभोक्ता हैं। इस तरह की तकनीक आधारित कला का चुनाव करके हम सत्तातंत्र से बाहर नहीं रह सकते। हम हैं क्योंकि सोनी आदि कम्पनियों को अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए ज़रूरी हो जाता है कि बड़ी संख्या में लोग फ़िल्मकार का चोला पहनें।

इसी बात को एक दूसरी गहराई देते हुए कमल स्वरूप बताते हैं कि कला को जब तक बेचा न जाय वो कला के रूप में स्वीकार नहीं होती। कला के पीछे एक वैचारिक बल हो और उसकी सांस्कृतिक बिक्री की जाय, तभी कला, कला बनती है। एण्डी वारहोल के पीछे अमरीका का पूरा विज्ञापन उद्योग और मार्शल दुशौं जैसे कलाविचारक का बल लगा हुआ था तभी वारहोल को एक अनोखे कलाकार के रूप में प्रतिष्ठा मिल सकी। कला की क़दर और कला की समझ कोई जन्म से ले के नहीं पैदा होता, उसकी शिक्षा लेनी पड़ती है। कमल स्वरूप अपनी मातृ संस्था एफ़ टी आई आई पुणे की मिसाल से अपनी बात को साफ़ करते हैं कि शुरुआत में योरोप ने अपनी फ़िल्में और फ़िल्मों पर किताबें मुफ़्त में भेजी। किताबों को पढ़कर और फ़िल्मों को देख-देख कर संस्था के छात्रों में योरोपीय फ़िल्मों के लिए एक स्वाद पैदा हुआ और वे योरोपीय फ़िल्मों के लिए एक दर्शक वर्ग में बदल गए। अभी वे लोग, फ़िल्म एप्रीसिएशन कोर्स के ज़रिये और लोगों को इस कला की सराहना में शिक्षित करते हैं, और उन्हे दर्शक में बदलते हैं। आज भारत में डौक्यूमेण्ट्री का कोई दर्शकवर्ग नहीं है, इसलिए उनका दर्शकवर्ग भी तैयार किया जा रहा है; जगह-जगह जो मैस कौम कोर्सेस शुरु किए गए हैं, उनसे डौक्यूमेण्ट्री का नया दर्शकवर्ग तैयार हो के निकलेगा। कला अन्ततः एक माल है, उसे भी बेचना पड़ता है।

कमल स्वरूप यह भी कहते हैं कि सूचना और ज्ञान की परिभाषाएं पहले से ही पश्चिम में तय हो जाती हैं। और अधिकतर लोग योरोप में हो रहे काम की नक़ल कर रहे होते हैं क्योंकि अनुदान संस्थाएं योरोप में हैं और वे तय करती हैं कि क्या चलेगा और कया नहीं, क्या कला है और क्या नहीं। फ़िल्मोत्सव में मिलने वाली पुरुस्कार भी इन्ही योरोपीय वैचारिक मानदण्डों व कलात्मक मानदण्डों पर मिलते हैं। तो चाहे-अनचाहे हर फ़िल्मकार उन्ही मानदण्डों के अनुसार सोचने और करने लगता है क्योंकि जिस फ़िल्मकार विदेश में पुरस्कृत न हुआ हो, उस की इज़्ज़त नहीं होती।

ऐसा मालूम दे सकता है कि फ़ीचर फ़िल्मों के मुक़ाबले डौक्यूमेण्टरी फ़िल्मों में फ़िल्मकार अपनी बातों को कहने के लिए अधिक स्वतंत्र है। ये थोड़ा सही है लेकिन थोड़ा नहीं भी। उनके पास आधी आज़ादी है। अभी भी उनको अपनी तरह की फ़िल्में बनाने के लिए, विषयों की बन्दिश से इतर, अपने प्रस्तावित मसविदों को भी ऐसी भाषा में और ऐसे जुमलों से सजा कर लिखना होता है कि पैसे की थैली पकड़ने वाली मुट्ठी उसे अपनी ही बात समझ कर ढीली हो जाय।

***

हाल के बर्षों में जिस तरह से मोबाइल फोन और कम्प्यूटरों में कैमरों की गुणवत्ता में इजाफ़ा हुआ है, और छवियों के सम्पादन की सुविधाएं मुहय्या हुई हैं, उस से व्यापक जन तक फ़िल्म बनाने का माध्यम की पहुँच हो गई है। इस राह से खुलती नई सम्भावनाओं के बारे में पारोमित को नहीं लगता कि उस से कोई क्रांति होने वाली है।वे पूछती हैं कि ८० के दशक में जब वी एच एस था, मगर लोगों ने उस से क्या किया? शादी के वीडियो बनाए। पारोमिता मानती हैं कि डौक्यूमेण्ट्री चाहे जिस भी शैली में हो, उस का मक़सद विमर्श के नए आयाम खोलना है। उसका काम यथार्थ का चित्रण नहीं बल्कि यथार्थ के प्रति जवाबदेह होना है। और इसी वजह से वह हमेशा हाशिये पर ही रहने वाली है। इतना ज़रूर है कि वह ऐसे लोगों के लिए भी कला के दरवाज़े खोलेगी जो अभी तक उस से वंचित थे। टेक्नोलौजी का लोकतंत्रीकरण कला की पहुँच का भी लोकतंत्रीकरण कर देगा।

जबकि अजय रैना मानते हैं कि मोबाईल फोन और इन्टरनेट के आने से ये हुआ है कि डौक्यूमेण्ट्री की पहुँच एक व्यापक दर्शकवर्ग तक हो गई है। यूट्यूब जैसे वितरणमंच के आ जाने से डौक्यूमेण्ट्री का जो रूप हम अभी तक जानते आए हैं, उस में बदलाव आना निश्चित है। अब इस नए दर्शकवर्ग की पसन्द और समझ के अनुरुप नए कलारूप विकसित होंगे। हमारी भी ऐसी ही उम्मीद है!

***

महत्‍वपूर्ण डॉक्‍यूमेंटरी फिल्‍में

१. कमला बाई, १९९२; रीना मोहन
२. हमारा शहर/ बौम्बे अवर सिटी, १९८५; आनन्द पटवर्धन
३. सिद्धेश्वरी, १९८९; मणि कौल
४. सेवेन आईलैण्ड्स एण्ड ए मैट्रो, २००६; मधुश्री दत्ता
५. इण्डिया '६७, १९६८; एस. सुखदेव
६. ए नाइट औफ़ प्रौफेसी, २००२; अमर कँवर
७. अनलिमिटेड गर्ल्स, २००२, पारोमिता वोहरा
८. ब्रह्मा, विष्णु, शिव, १९९९; आर वी रमणी
९. हवा महल, २००४, विपिन विजय
१०. आई एम दि वेरी ब्यूटिफ़ुल, २००६, श्यामल कर्माकर

(फिल्‍मकार पारोमिता वोहरा, मधुश्री दत्ता, कमल स्वरूप और अजय रैना की पंसद के आधार पर)


***

कहां से मिलेंगी ये फिल्‍में

लगभग चार दशको के स्वतंत्र डौक्यूमेण्ट्री आन्दोलन के बावजूद भी फ़िल्मों की वितरण की समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था जब फ़िल्मकार और दर्शक के बीच को सम्बन्ध को नियमित और सुगम बनाने के लिए गार्गी सेन और उनके साथियों ने अपने मैजिक लैनटर्न फ़ाउण्डेशन के तहत २००६ में अण्डर कन्स्ट्रक्शन नाम के एक वैकल्पिक व्यवस्था की नींव डाली। इन का मक़सद न केवल आम जनता के बीच डौक्यूमेण्ट्री का प्रसार है बल्कि एक ऐसे संग्रह को भी तैयार करना जिसके ज़रिये डौक्यूमेण्ट्री को फ़िक्शन फ़िल्मों के साये से बाहर निकलने में मदद हो सके और वो अपने लिए एक ऐसा दायरा बना सके जो न सिर्फ़ मुम्बईया फ़िल्मों से अलग हो बल्कि टेलेविज़न से भी।

इस प्रकार से संग्रहित फ़िल्मों का अण्डर कन्स्स्ट्रक्शन और मैजिक लैनटर्न फ़ाउण्डेशन २००८ से विभिन्न शहरों में नए मिज़ाज और अन्दाज़ से फ़िल्मोत्सव कर रहे हैं। १०० से भी अधिक फ़िल्मकारों की तक़रीबन २५० महत्वपूर्ण फ़िल्मों का वितरण कर रहा है अण्डर कन्स्ट्रक्शन। इंटरनेट पर इन के वेब पते पर फ़िल्मों व फ़िल्मकारों की जानकारी प्राप्त भी की जा सकती है और फ़िल्में ख़रीदने की मालूमात भी हासिल की जा सकती है।
वेब पता: underconstruction@magiclanternfoundation.org

डाक पता: द्वारा मैजिक लैनटर्न फ़ाउण्डेशन
जे-१८८१, चित्तोरंजन पार्क, बेसमेण्ट
नई दिल्ली ११००१९
फोन: (०११) २६२७३२४४, ४१६०५२३९


(यह लेख दैनिक भास्कर की रविवारीय पत्रिका 'रसरंग' के लिए लिखा गया जो २५ जुलाई को सम्पादित रूप में प्रकाशित हुआ। यह असम्पादित रूप है।)

शुक्रवार, 25 जून 2010

राजनीति: एक बिकाऊ माल


राजनीति नाम से यह आभास होता है कि फ़िल्म भारत की समकालीन राजनीतिक सच्चाईयों पर आधारित कोई फ़िल्म है। और बहुत से लोग इस धोखे का शिकार हो भी गए हैं जिसमें प्रखर राजनैतिक टिप्पणीकार पुण्य प्रसून बाजपेयी भी शामिल हैं।

राजनीति एक कुशल हाथों से गढ़ी हुई रचना है लेकिन उसका मक़सद लोगों का मनोरंजन करना है आज की राजनैतिक सच्चाईयों का चित्रांकन करना नहीं। फ़िल्म की ख़ूबी इसमें है कि वो दो बेहद लोकप्रिय पाठों -महाभारत और गौडफ़ादर- का संकर रूप है जिसे भारतीय चुनावी राजनीति के पृष्ठभूमि में उतारा गया है। महाभारत के तत्व कहाँ ख़त्म होते हैं और कहाँ गौडफ़ादर के तत्व शुरु होते हैं, फ़िल्म के कथानक में ये सरहदें नज़र नहीं आती हैं। जबकि रामायण पर आधारित 'रावण' इसी लिहाज़ से निहायत असफल फ़िल्म है क्योंकि दर्शक लगातार मूल कहानी से तुलना करता रहता है। लेखन के अलावा अभिनय पक्ष में भी 'राजनीति', 'रावण' से बहुत मज़बूत फ़िल्म है। 'रावण' में जहाँ आप अभिषेक और ऐश्वर्या को देख कर दर्शकों के भीतर हिंसा बाहर आने के लिए कुलबुलाने लगती होगी, 'राजनीति' में मामला उलटा है। नाना व मनोज की प्रतिभा को तो सभी मानते रहे हैं लेकिन अर्जुन रामपाल का अभिनेता के रूप में तो जैसे नया जन्म हुआ है 'राजनीति' से।

फ़िल्म के कथ्य पर वापस लौटते हुए यही कहूँगा कि यह फ़िल्म वास्तविकता का एक अच्छा भ्रम पैदा करती है लेकिन है वह भ्रम ही, वास्तविकता नहीं है। प्रकाश झा ने महाभारत और गौडफ़ादर की कहानी का इस्तेमाल किया है एक सफल फ़िल्म बनाने के लिए और सफल हुए हैं। कर्ण को दलित बना कर  दलित राजनीति का कोई नया पहलू उजागर नहीं हुआ, कर्ण तो पहले भी सूतपुत्र ही था। बी एस पी जैसी परिघटना को तो अपनी पटकथा में क्यों नहीं सजा पाए झा जी? क्योंकि उनका ज़ोर समकालीन भारतीय सच्चाई को दिखाना नहीं, समकालीन भारतीय सच्चाईयों का इस्तेमाल कर के एक कामयाब यानी बिकाऊ माल बनाने पर है।

इसलिए 'राजनीति' को बिलकुल भी उस नए सिनेमा की श्रेणी में रखने की ग़लती मत करें जिसकी पताका दिबाकर बैनरजी और अनुराग कश्यप लहरा रहे हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ी पूंजी का दखल, मूल मुद्दे, नक़्ली भावनात्मक मुद्दे, जनता की विविध आकांक्षाएं, सड़क, पानी और बिजली के साथ जंगल, ज़मीन और पर्यावरण के सवालों को घेरे में लिए बिना कोई कैसे भारत की राजनीति की सच्ची तस्वीर बना सकता है?

प्रकाश झा की 'राजनीति' सिर्फ़ सामंती आपराधिक राजनीति की एक अतिरंजित तस्वीर बन गई है जो एक बीती हुई दुनिया का अवाञ्छित अवशेष है। आज की असली राजनीति में अपराध, शुद्ध सामन्ती सत्ता के लिए नहीं आर्थिक सत्ता के लिए होते हैं। सत्ता की राजनीति, अपनी अहम-तुष्टि के लिए गद्दी हासिल करने की राजनीति नहीं है। गद्दी हासिल कर के अर्थव्यवस्था को अपने अनुकूल करने की राजनीति है जिसकी एक भोथरी झलक कर्णाटक के रेड्डी बन्धुओं में और उसका महीन वितान अम्बानियों में मिलता है।


शनिवार, 20 मार्च 2010

एल एस डी नहीं सच की गोली

फ़िल्म का नाम सचमुच वहमाना है। एल एस डी जो सच्चाई से दूर एक सपनीली दुनिया में तैराने की एक गोली हुआ करती थी, यह फ़िल्म आज के इण्डिया की वो सच्ची तस्वीर है जिसमें बुरक़े पहन कर जवान मुस्लिम लड़कियां ‘लव सेक्स और धोख़ा’ देखने चली आतीं है। सिनेमा हॉल में नौजवान लड़कों के गिरोह, लड़कियों के गिरोह, दर्ज़न भर जवान जोड़ों के बीच दो गिरोह बुरक़े बन्द लड़कियों के भी थे जो पूरी फ़िल्म में सेक्स के सारे सन्दर्भों पर खिलखिलाते रहे।

फ़िल्म में तीन अलग-अलग कहानियां है, तीनों में स्त्री-पुरुष सम्बन्ध के बीच में कैमरा है और सेक्स। फिर भी ये फ़िल्म वायरिज़्म के बारे में नहीं है। मानव मन के उस पहलू की कोई अलग से पड़ताल इसमें नहीं की गई है। कहा जा सकता है कि उनका सेक्स और कैमरे से सम्बन्धित होना एक संयोग है या आज के समय की एक दी हुई सच्चाई है जिसे दर्शाने में दिबाकर बैनरजी ने कोई चूक नहीं की है।

पिछले कुछ बरसों में इन्डियन सोसायटी में आए बदलावों के सेक्चुअल पहलू को ‘लव सेक्स और धोख़ा’ बख़ूबी पेश करने में कामयाब हैं। जैसा कि फ़िल्म दावा करती है बीच-बीच में धोख़ा होने लगता है कि आप फ़िल्म नहीं रिएलटी टी वी देख रहे हैं। सारे चरित्र दमबदम ज़िन्दा और तमाम जटिलताओं को समोये हुए हैं। अख़रने वाला प्रसंग सिर्फ़ एक है जब फ़िल्म के अंत के एक छोटे से सीन में आदर्श नाम का चरित्र अचानक अपनी किरदार की हदों से बाहर जा कर बड़ा विटी और कूल बन जाता है।

एल एस डी हिन्दी फ़िल्म इतिहास में एक अनोखा प्रयोग है मगर अफ़सोस! 'ओय लकी, लकी ओय' में दिबाकर ने मनोरंजक बने रहते हुए ही दिल्ली के समाज की जो परतें उघाड़ी थीं, यहाँ वो परतें तो हैं लेकिन फ़िल्म बोझिल सी है। पहली कहानी तो इतनी उबाऊ है कि आप को थिएटर छोड़ कर भागने की इच्छा करने लगती है। अलबत्ता फ़िल्म छोड़ कर भागा कोई नहीं क्योंकि शायद सभी दर्शक दिबाकर से किसी ओय लकी जैसे जादू की उम्मीद कर रहे थे। जादू नहीं होता, मगर हाँ फ़िल्म अपने अंजाम के क़रीब जाकर काफ़ी संगठित बन जाती हैऔर दिलचस्प भी। फ़िल्म के दो गानों में जो ऊर्जा है वह फ़िल्म में नहीं दिखती, इस अर्थ में फ़िल्म दुबारा वहमाना है।

इस प्रयोग के मेरी उम्मीदों पर पूरी तरह खरे न उतरने के बावजूद दिबाकर बैनरजी की प्रतिभा पर मेरे विश्वास को ज़रा ठेस नहीं पहुँची है।

रविवार, 14 मार्च 2010

आदमी की औरत और अन्य कहानियां

शनिवार की शाम को अमित दत्ता की फ़िल्म ‘आदमी की औरत और अन्य कहानियां’ देखने का अवसर हुआ। अमित दत्ता की पिछली छोटी फ़िल्में ‘क्षत्रज्ञ’ और क्रमशः’ मैं ने देख रखीं है। इसके अलावा अमित ने एक और छोटी फ़िल्म ‘का’ भी बनाई है, वह भी मैंने देखी है। अमित के शिल्प की बहुत चर्चा होती रही है। तमाम लोग उनकी तुलना मणि कौल और कमल स्वरूप के साथ करते रहे हैं। जब मैंने इस फ़िल्म के बारे में पहले-पहल सुना था तो ही जिज्ञासा उग गई थी। वो सामान्य से अधिक बलवती इस कारण भी थी क्योंकि ‘आदमी की औरत और अन्य कहानियां’ की तीन कहानियों में दो मेरे प्रिय लेखक विनोद कुमार शुक्ल की हैं और तीसरी मेरे एक और प्रिय लेखक सआदत हसन मंटो की।


चूँकि मैं अमित के शिल्प से परिचित था तो मेरी उम्मीद किसी तरह का लीनियर नैरेटिव देखने की क़तई नहीं थी। बावजूद इस तैयारी के मैं अमित दत्ता की फ़िल्म से निराश हुआ। उसकी एक से अधिक वजहें हैं।
कहानियों पर बनी फ़िल्मों को हमेशा इस सवाल का सामना करना पड़ता है कि किस हद तक निष्ठा निभाई जाय? हर फ़िल्मकार के लिए निष्ठा की परिभाषा और उसकी हदें दोनों अलग होंगी। अमित की सोच में न सिर्फ़ इस मामले में काफ़ी रूपवादिता नज़र आई। संवादों और घटनाओं के साथ तो उसने अधिक छेड़छाड़ न की मगर चरित्रों की भावना और कथा की आत्मा के प्रति वो, मेरी उम्मीद है कि अनचाहे तौर पर, ईमानदारी नहीं निभा सके।

अमित ने अपने छोटे करियर में ही अपना एक स्टाइल, एक अंदाज़ विकसित कर लिया है। लोग उसे पहचानने लगे हैं। एक कलाकार के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है कि आप को एक ‘स्वरूप’ हासिल हो जाय जिसमें ढाल कर आप अपनी शराब लोगों को पेश करते रहें। मगर इस स्टाइल की मुश्किल भी होतीं हैं और ये एक हासिल की जगह बन्धन भी बन सकता है। ये मुश्किल और भी जटिल तब हो उठ सकती है जब आप की बोतल में स्वरूप ही स्वरूप रह जाय और शराब ग़ायब हो चले। लोग बोतल के कांच के रंग, आकार और ढलाई की तो तारीफ़ करें मगर न गला तर हो और न नशा हो? भगवान न करे कि अमित का स्टाईल इस अंजाम तक पहुँचें लेकिन इस की आशंकाएं हैं।


‘आदमी की औरत और अन्य कहानियां’ फ़िल्म में पहली कहानी है ‘पेड़ पर कमरा’। जिन्होने भी यह कहानियां पढ़ी है वे इसके मुरीद हैं। शहर की कचर-मचर के भीतर प्रकृति के साथ एक बीहड़ कि़स्म का रिश्ते बनने की कहानी है। एक कमरा है जिस की बिना सीखचों और पल्लों की खिड़की से सटी एक पीपल की एक मोटी सी डाल है। जिस से होकर गिलहरियां कमरे में और लेखक के मन में घुसी चली आती हैं। प्रकृति के साथ जो तादाम्य और संघर्ष का रिश्ता आदमी का है उसी के आयामों को खोलती हुई कहानी है यह।

फ़िल्म में गिलहरियों के नाम पर सफ़ेद चूहें हैं, चीलों के नाम पर सफ़ेद कबूतर। कमरा इतना संकरा है कि उसे देख कर घुटन होती है। खिड़कियां एक नहीं चार हैं। पेड़ की शाख़ और कमरा अलग-अलग ही बने रहते हैं; कहीं से भी यह भाव बनता ही नहीं कि ‘पेड़ पर कमरा’ है। ये सारी बातें क्षम्य हैं क्योंकि फ़िल्म ‘फ़ि टे इ इ, पुणे’ के अभिनय कोर्स के विद्यार्थियों के लिए सीमित साधनों में बनाई गई है और नियमों के अनुसार पूरी तरह संस्थान के अन्दर शूट की गई है। लेकिन यह ऊपरी बाते हैं। मूल मसला आत्मा का है, भावना का है।

अमित का शिल्प आप को चरित्र की भावना में गिरने ही नहीं देता, कहानी की आत्मा में उतरने ही नहीं देता। फ़िल्म माध्यम के अलग-अलग तत्व, अलग-अलग दिखाई देते रहते हैं। शाट अलग नज़र आता है, चिड़ियों की आवाज़ें अलग सुनाई पड़ती हैं। अभिनेताओं के चेहरे पर आते-जाते भाव अलग-अलग दिखाई पड़ते हैं। शाट कहाँ कट हुआ आप नोटिस करते हैं। सब कुछ पारा-पारा होकर हवा में झूलता रहता है। कहानी का तारतम्य नहीं बनता, कोई नैरेटिव नहीं बनता।*


क्या अमित से यह ग़लती से हो गया है? नहीं, अमित ने जो कुछ किया सब सायास है, डेलीबिरेट है। फ़िल्म कला के विमर्श में पिछले सालों शिल्प के कनर्वजेन्स को तोड़ने की, तत्वो की एकता की दादागिरी को ख़त्म करके अनेकता को जगह देने की बातें होती रही हैं। ऐसा मालूम देता है अमित परदे पर किसी बात को उकेरने के पहले से स्थापित तरीक़ों को नकार रहा है और एक नया रस्ता ले रहा है। इस प्रयोगधर्मिता में बात अक्सर कुछ की कुछ हो जा रही है और दर्शक तक पहुँचने के पहले ही कहीं खो जा रही है। ऐसी प्रयोगधर्मिता से मुझे कोई ऐतराज़ नहीं अगर वो किसी दूसरे के कलाकर्म/कहानी को अपनी प्रयोग के अनुष्ठान में बलि नहीं दे रही। विनोद जी कहानी के साथ इस तरह की अनुशासनहीनता मुझे नहीं रुची।

मणि कौल ने भी विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास 'नौकर की कमीज़' पर फ़िल्म बनाई है। उसे देखते हुए मुझे निराशा हुई कि फ़िल्म, उपन्यास का काफ़ी खुदरा रूप बन कर सामने आती है। मगर वो फ़िल्म विनोद कुमार शुक्ल के कृतित्व के प्रति ईमानदार है, कोशिश करती है कि उनकी भाषा की महीन बिनाई को दर्शक तक पहुँचाए। लेकिन अमित, विनोद जी की कथा और दर्शक के बीच अपनी बुनावट से कुछ अधिक ही व्यवधान पैदा कर देते हैं।

वैसे अमित अपने स्टाईल के प्रति अनुशासनबद्ध ही रहे, उसकी हदों को नहीं लांघा उन्होने। दूसरी कहानी ‘आदमी की औरत’ भी विनोद जी के कथा संग्रह ‘महाविद्यालय' से है। कहानी के साथ कुछ आज़ादी लेते हुए उसका शिल्प पहली कहानी से कुछ जुदा बनाया अमित ने लेकिन अपने मौलिक अंदाज़ से बहुत हिले नहीं। जो शिकायतें मैंने ऊपर दर्ज की हैं उनसे यह टुकड़ा भी अछूता नहीं था, लेकिन इस के तत्व इतने विखण्डित नहीं थे। फिर भी कहानी के भीतर मौजूद कई पहलू परदे पर आने से रह जाते हैं। शायद इसलिए भी कि यह पहला अवसर है कि जब अमित ने अभिनेताओं के साथ काम किया है।


तीसरी कहानी ‘ १०० कैन्डल पावर का बल्ब’ ही फ़िल्म की ठीक-ठाक और मुकम्मल कहानी मालूम देती है। उसके बारे में दो बातें हैं। एक तो यह कि मैंने वह कहानी पढ़ी नहीं है तो फ़िल्म का वह अंश किसी भी तरह की तुलना से स्वतंत्र है। और दूसरे यह कि परदे पर देखने से ऐसा लगा कि उस कहानी के भीतर विनोद कुमार शुक्ल जैसे महीन आयाम कम हैं और सेक्स. वेश्यावृत्ति और हत्या जैसे तत्व होने के कारण उसका कथ्य शिल्प के रूपवादी आग्रह में अटकता नहीं। और भी बहुत बाते हैं लेकिन उस विस्तार में जाने की कोई ज़रूरत नहीं है।


जो भी हो, ये मेरी राय है। सुना गया है कि लोग इस फ़िल्म को हाथो-हाथ ले रहे हैं और वेनिस फ़िल्मोत्सव में यह क्लोज़िंग फ़िल्म रही और इसे स्पेशल मेंशन भी हासिल हुआ।** भारतीय फ़िल्मों में इस से पहले यह सम्मान १९३६ की शेख़ फ़त्तेलाल की संत तुकाराम और सत्यजित राय की अपराजितो को ही हासिल हुआ है। अमित दत्ता जैसे फ़िल्मकार कम हैं जो बात को कहने के नई तरीक़े खोजते हैं, और सिनेमाई तत्वों के आपसी सम्बन्ध और उनकी सापेक्षिक आज़ादी के बारे में चिंता करते हैं। मेरी इस आलोचना के बावजूद मेरी शुभकामनाएं और उम्मीदें उनके साथ हैं।




* फ़िल्म न तो तस्वीरों का माध्यम है न आवाज़ों का। कितनी भी आवाज़ और मोहक तस्वीरें जोड़कर आप एक असरदार फ़िल्म नहीं बना सकते। जबकि इसका उलट अकसर होते देखा गया है। दीवार जैसी फ़िल्म को आप क्या कहेंगे? या अभी हाल की थ्री ईडियट्स -उस फ़िल्म से मेरी आपत्तियां दरकिनार- भी एक माक़ूल मिसाल है। जैसे कहानी टाईम का फ़ंक्शन है वैसे ही फ़िल्म भी अपने मौलिक रूप में टाईम का ही फ़ंक्शन है।

**विदेशी सिनेमा को देखने की नज़र अलहदा होती है और अपने समाज में धंसी हुई फ़िल्म को देखने का अनुभव अलहदा। अकसर अनजान समाज की फ़िल्में एक ए़क्ज़ोटिका के बतौर काफ़ी आकर्षक हो जाती हैं। उनके मीन-मेख निकाल सकने की क़ुव्वत हमारे पास नहीं होती, वो एक सच्चाई का अक्स नहीं बल्कि एक स्वतंत्र सच्चाई के रूप में खड़ी हो जाती हैं। आजकल यह असर अपनी फ़िल्मों को लेकर भी हो गया है लेकिन फिर भी उस की आलोचना सम्भव है।

शुक्रवार, 12 मार्च 2010

रोड मूवी

हिन्दी फ़िल्मों की मसालेदार दुनिया से एकदम अलग स्वाद की बनी एक हिन्दी फ़िल्म है रोड मूवी। हिन्दी समाज के किसी भी स्वाद से फ़ीकी, एकदम बेस्वाद। इस क़दर नक़ली और बनावटी कि हैरत होती है कि ऐसी फ़िल्म बनाने के पीछे क्या सोच काम कर रही है आख़िर?

नक़ली चरित्रों द्वारा एक हवाई घटनाक्रम में उचारे गए अंग्रेज़ी से तरजुमा किए हुए उतने ही नक़ली संवाद! विम वेन्डर्स की 'किंग्स ऑफ़ दि रोड' और मार्सेलो गोमेज़ की 'सिनेमा, एस्पिरिन एण्ड वलचर्स' से ‘बुरी तरह’ प्रभावित यह फ़िल्म बिलकुल बेअसर है।

हम हिन्दुस्तानी जिस तरह के कचर—मचर के समाज में रहते हैं, उन के लिए दूर-दूर तक के ख़ालीपन का आतंकित कर देने वाला लैण्डस्केप और उसमें विचरने की आज़ादी बहुत आकर्षक मालूम दे सकती है; मुझे देती है। लेकिन उसे सिनेमा की शक्ल देने का भी एक तरीक़ा होगा जिस से कि वो निहायत बेहूदी और हवाई शोशेबाज़ी न बन के रह जाय।

मैं यह नहीं मानता कि सिनेमा सिर्फ़ सामाजिक सच्चाईयों को प्रस्तुत करने का माध्यम है। आदमी के भीतर की ‘उड़ानों को पकड़ने’ का भी वो एक सशक्त और सफल माध्यम है। और अपने उसी रूप में अधिक लुभावना लगता है। असल में वो उड़ानें भी एक तरह की सच्चाईयां है- हमारे अन्तर्मन की सच्चाईयां। लेकिन कुछ फ़िल्में होती हैं जो न घर की रहती हैं न घाट की, रोड मूवी की गिनती उन्ही में की जा सकती है।

गुरुवार, 25 फ़रवरी 2010

दिल्ली में देखें सरपत

अक्सर दोस्तों की शिकायत रहती है किस तरह से मेरी लघु फ़िल्म 'सरपत' देखना मुमकिन हो.. सत्ताइस फ़रवरी को नई दिल्ली के इन्डिया इन्टरनेशनल सेन्टर में दिन के डेढ़ बजे कोई भी टहलते हुए जा कर सरपत देख सकता है। यह प्रदर्शन मैजिक लैन्टर्न फ़ाउन्डेशन के द्वारा आयोजित फ़िल्म फ़ेस्टिवल 'पर्सिस्टेन्स रेज़िसटेन्स के तहत हो रहा है। देश-दुनिया की चिन्ताओं से दो-चार होती और तमाम फ़िल्में भी इस फ़ेस्टिवल में दिखाईं जा रही है। फ़िल्म प्रेमी ज़रूर जायें और आनन्द लें।

पूरा कार्यक्रम इस पते पर देखें!

गुरुवार, 11 फ़रवरी 2010

क्या बेच रहे हैं शाहरुख़ ख़ान?

कल माई नेम इज़ ख़ान रिलीज़ होने वाली है। शाहरुख़ उम्मीद कर रहे होंगे कि यह फ़िल्म थ्री ईडियट्स से भी बड़ी ओपेनिंग लेगी और उस से भी बड़ी हिट साबित होगी। मुम्बई के कुछ सिनेमाघरों में शिवसेना के कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन वह विरोध असल में नुक़सान पहुँचाने के बजाय फ़ाएदा पहुँचा रहा है।

मेरी ये बात कुछ लोगों को अजीब लग सकती है मगर सच्चाई ये है कि शाहरुख़ ख़ान और शिवसेना की यह लड़ाई बहुत ही सोच-समझ कर लड़ी जा रही है। और इसमे सचेत पहल की है शाहरुख़ ने।

आई पी एल के ऑक्शन के दूसरे-तीसरे दिन एन डी टी वी २४x७ पर आकर उन्होने आई पी एल के उस फ़ैसले पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए सवाल खड़ा किया, जिसमें आठों टीम के मालिकों ने सम्भवतः किसी ‘गुप्त समझौते’ के तहत किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं ख़रीदा। भारत सरकार के ऐसे फ़ैसले में किसी भी तरह की कोई भी भूमिका होने की बात तो अब पाकिस्तान में भी ख़ारिज की जा चुकी है।

तो टीम ओनर्स ने यह फ़ैसला क्यों किया? शिल्पा शेट्टी और प्रीति ज़िन्टा ने बतलाया कि वे पाकिस्तानी खिलाडि़यों को सुरक्षा देने में असमर्थ थे। यह सुरक्षा का सवाल इस भय से उपज रहा है कि देश में किसी भी वक़्त पाकिस्तानी आतंकवादी एक और २६/११ जैसा हमला कर सकते हैं; ख़ुद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री भी इस बारे में कोई गारन्टी देने को तैयार नहीं है।

ऐसे हमले की सूरत में देश की जनसंख्या का एक हिस्सा एक बार फिर हर पाकिस्तानी के ख़िलाफ़ खड़ा हो जाएगा और पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आई पी एल से निकालने की माँग करने लगेगा और उन्हे खिलाना एक सुरक्षा मुद्दा बन जाएगा।

तो इस तरह के किसी भी झंझट से बचने के लिए- हर अच्छा बिज़नेसमैन अपने जोखिम को न्यूनतम रखना चाहता है- आई पी एल टीम ओनर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न ख़रीदने का फ़ैसला किया। यह अच्छा राजनीतिबोध नहीं था, मगर अच्छा बिज़नेसबोध ज़रूर था।

शाहरुख़ ने आई पी एल टीम ओनर्स के फ़ैसले में भागीदारी की और कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं ख़रीदा। वे चाहते तो जिसे चाहते ख़रीद लेते, मगर नहीं ख़रीदा? क्यों नहीं ख़रीदा? बिज़नेसबोध की वजह से नहीं ख़रीदा।

तो फिर तीन रोज़ बाद एन डी टी वी २४x७ पर आकर इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ बयान देने की क्या ज़रूरत थी? भारत-पाकिस्तान सम्बन्धों पर टीका-टिप्पणी करने की क्या ज़रूरत थी? और आस्टेलिया में भारतीय छात्रों पर हो रहे हमले के ख़िलाफ़ शिवसेना द्वारा आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को न खेलने देने की धमकी की कड़ी आलोचना करने की क्या ज़रूरत थी? क्या शाहरुख़ राजनीतिकर्मी हैं? वे तो बिज़नेसमैन हैं। आज के पहले तो उन्होने कोई राजनीतिक बयानबाज़ी नहीं की। इस मसले पर क्यों की? इस मसले में इस तरह के बयान देने के क्या उनका कोई हित सिद्ध होता है? जी, होता है।

हर फ़िल्म मनोरंजन का ज़रिया होता है। लेकिन मनोरंजन की भी राजनीति होती है। कुछ फ़िल्में उस राजनीति को मोटे शब्दों में रेखांकित करती हैं कुछ और इश्क़िया की तरह बच कर निकल जाती हैं। माई नेम इज़ ख़ान की एक राजनीति है। यह वह राजनीति है जो कुछ आतंकवादियों के चलते मुसलमानों को दुनिया भर में शिकार बनाए जाने का विरोध करती है। मैं इस राजनीति के साथ हूँ। लेकिन शाहरुख़ इस राजनीति का इस्तेमाल अपने बिज़नेस हितों को आगे बढ़ाने के लिए कर रहे हैं।

मुझे लगता है कि उन्होने ख़ूब सोच-समझ कर शिवसेना के साथ यह पंगा लिया है। और शिवसेना उन पर हमला कर के, उनको विक्टिमाइज़ कर के उनके हाथों में खेल रही है। और शाहरुख़ को अपनी फ़िल्म का एक मेटा-नैरिटिव बनाने में मदद कर रही है। मीडिया से किसी भी समझदारी की उम्मीद करना बेकार है वे बिकने के लिए कुछ भी कर लेंगे। और प्रगतिशील मीडिया प्रगतिशीलता के लिए कुछ भी कर लेगा।

अपने शीर्ष से धकेले गए दो लोग आपस में लड़ कर एक दूसरे को मदद कर रहे हैं। दोनों अपनी खोई गद्दी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। एक मराठी मानुस के नए चैम्पियन राज ठाकरे से और दूसरे बॉलीवुड के सबसे अधिक बिकने वाले नए बादशाह आमिर ख़ान से।

तो शाहरुख़, शिवसेना की मदद से अपने आप को- एक मुसलमान को- विक्टिम के रूप में प्रोजेक्ट कर के यह उम्मीद कर रहे हैं कि मोरक्को से लेकर इन्डोनिशिया, इंगलैण्ड, और अमेरिका का मायूस मुसलमान उनकी फ़िल्म की टिकट ख़रीदेगा, दो घण्टे आँसू बहाएगा और शाहरुख़ ख़ान को थ्री ईडियट्स से ज़्यादा कमाई करवा कर वापस बादशाह बनवा देगा।

शनिवार, 30 जनवरी 2010

दायें या बायें

यह उस फ़िल्म का नाम है जो मेरी समझ में हिन्दी फ़िल्म की एकाश्मी परम्परा से बहुत आगे, और बहुत ऊपर की संरचना में बुनी हुई है। जीवन का इतना गाढ़ा स्वाद और इतने महीन विवरण उपन्यासों में भी तो फिर भी मिलते हैं, मगर फ़िल्मों में विरलता से दिखते हैं। हिन्दी उपन्यास और हिन्दी फ़िल्म के संसार में मैंने कभी नहीं देखे। बावजूद जीवन की गाढ़ी जटिलता के ‘बायें या दायें’ एक बेहद हलकी-फुलकी और गुदगुदाने वाली फ़िल्म बनी रहती हैं, यह एक दुर्लभ गुण है। यह बड़ी उपलब्धि है और मुझे लगता है कि एफ़ टी आई आई, पुणे की स्नातक बेला नेगी की यह पहली फ़िल्म निश्चित ही मील का पत्थर साबित होगी।

फ़िल्म एक ऐसे नौजवान की कहानी है जो पहाड़ के अपने छोटे से क़स्बे या मझोले गाँव से जाकर शहर में अपना गुज़ारा करता है। शहर में अपनी प्रतिभा का कोई इस्तेमाल न पा कर और वहाँ के जीवन से पक कर वह एक रोज़ गाँव वापस चला आता है। गाँव में उसकी बीवी है, आठ-नौ बरस का बच्चा है, साली है, पड़ोसी हैं, और गाँववाले हैं, स्कूल के अध्यापक हैं; सभी उस के मुरीद हैं क्योंकि वो शहर से आया है। लेकिन सब चौंकते हैं जब वो कहता है कि वह लौटेगा नहीं बल्कि गाँव के स्कूल में बच्चो को पढ़ाएगा और गाँव के विकास के लिए वहाँ कला केन्द्र खोलेगा। लोग उसकी आदर्शवादी बातों पर हँसते हैं; गाँव की पथरीली सच्चाई दीपक के सपनों पर रगड़ने लगती है। लेकिन यह सब कुछ बहुत हलके-फुलके अन्दाज़ में चलता रहता है।

एक रोज़ जब वह अपनी कोई कविता यूँ ही बुदबुदा रहा होता है तो उसके फ़ैन उसे लिखकर एक कॉन्टेस्ट में भेज देते हैं और भाई जीत जाते हैं, ईनाम में मिलती हैं एक लाल रंग की ऐसी लुभावनी कार जैसी गाँव तो क्या आस-पास के ज़िले में भी नहीं है। यह कार दीपक का रुत्बे में क्रांतिकारी परिवर्तन लाती है और उसके जीवन दृष्टि में भी, अचानक वह एक अलग ही आदमी के रूप में पनपने लगता है। अपने रुत्बे को बनाए रखने के लिए लोग उसे आसानी से कर्ज़ा देते भी हैं और वो लेता भी है। लेकिन नई हैसियत को बनाए रखने के लिए उसे कार को तमाम तरह के कामों के लिए किराए पर देना शुरु करना पड़ता है, जैसे शादी में ले जाना और जैसे दूध वितरण।

यह जो मैं बयान कर रहा हूँ यह एक बहुत मोटा घटनाक्रम है। अच्छी से अच्छी फ़िल्मों को भी बहुत ही मरियल कथाक्रम के गिर्द गुज़ारा करते पाया जाता हैं। लेकिन दायें या बायें के कथ्य इतना सघन है कि उस को कागज़ पर लिखना लगभग नामुमकिन है। उसमें हर चरित्र की एक गहरी समझ, एक गहरी चोट एक स्वतंत्र अध्याय की तलब रखती है। हर घटना हमारे सामाजिक जीवन की एक अदेखी खिड़की खोलती है।

छोटी-बड़ी तमाम घटनाओं के बाद दीपक के सामने कई दुविधाएं आती हैं, जीवन में कई संकट आते हैं, मगर सबसे बड़ी कचोट उस की ये होती है कि उसने अपने बेटे के आँखों में इज़्ज़त खो दी है। तो कार चोरी हो जाने, और साली के गाँव के लफ़ंगे के साथ भाग जाने के बाद, वह बरस्ते अपने बेटे की नज़रों में खोया सम्मान हासिल करने के, वापस अपने आप को हासिल करने में कामयाब सा होता है।

दायें या बायें नैनीताल के नज़दीक एक गाँव में ४८ दिनों में शूट की गई। इस फ़िल्म की तमाम दूसरी उपलब्धियों के बीच एक यह भी है सिवाय तीन अभिनेताओं के शेष सभी स्थानीय लोगों ने कहानी के किरदार निभाए। फ़िल्म का निर्माण संयोजन और ध्वनि संयोजन बहुत रचनात्मक है, और कैमरा दिलकश।

मेरी उम्मीद है और कामना है कि बेला नेगी और उनकी यह फ़िल्म उनकी यात्रा का, उनकी धैर्यशीलता का इम्तिहान लेता सा, पहला क़दम होगा और इसके आगे वो तमाम सारी फ़िल्में जो भी बनायेंगी वो अपने कलात्मक आयामों में ‘दायें या बायें’ के और पार होंगी।


लेखक, सम्पादक, निर्देशक: बेला नेगी
निर्माता: सुनील दोशी
कैमरा: अम्लान दत्ता
ध्वनि: जिसी माइकेल
मुख्य कलाकार:
दीपक डोबरियाल,
मानव कौल,
बद्रुल इस्लाम,
भारती भट्ट




फ़िल्म रिलीज़ होने के इन्तज़ार में है, जब भी परदे पर आए ज़रूर देखियेगा, एक अप्रतिम अनुभव आप की प्रतीक्षा कर रहा है। मैंने यह समीक्षा एक ट्रायल शो देखने के बाद लिखी है।

शुक्रवार, 8 जनवरी 2010

आल इज नाट वेल: वी आर पैथेटिक

आज थ्री इडियट्स देख ली। अच्छा हुआ कि सुबह के शो में नब्बे रुपये दे के ही देख ली। शाम के शो में देखता तो १३५ रुपये और मेरी जेब से निकलकर विनोद चोपड़ा की जेब में पहुँच जाते। पहले ही कामयाबी के सारे रिकाड तोड़ती फ़िल्म १३५ रुपये और कामयाबतर हो जाती।

वैसे तो थ्री इडियट्स बहुत ही कामयाब फ़िल्म है। कैसे है जी कामयाब? फ़िल्म पैसे बटोर रही है और शुहरत भी बटोर रही है। इतनी कि चेतन भगत जी को शिकायत है कि जो शुहरत उनके हिस्से की थी वो भी हीरानी जी, चोपड़ा जी और जोशी जो बटोर रहे हैं। और फ़िल्म ने इसी की कामना की थी जो उन्हे प्राप्त हो गया, सो हैं वो कामयाब (कामना-प्राप्ति)।

जैसे की आम हिट फ़िल्में होती हैं वैसे ही हिट फ़िल्म हैं। लेकिन कुछ यार लोग गदगद हैं और अभिभूत हुए जा रहे हैं कि बड़ी साहसी फ़िल्म है और न जाने क्या-क्या। मेरी समझ में तो ये एक बेईमान और नक़ली फ़िल्म है। क्यों? फ़िल्म उपदेश तो ये देती है हमारी शिक्षा पद्धति ऐसी हो कि छात्र ए़क्सेलेन्स को पर्स्यू करे सक्सेज़ को नहीं। सक्सेज़ से यहाँ माएने पैसा और गाड़ी है, जो चतुर नाम के चरित्र के ज़रिये बार-बार हैमर किया जाता है। लेकिन ख़ुद फ़िल्म एक्सेलेन्स को नहीं सक्सेज़ के (मुन्नाभाई) समीकरण को लागू करती है। ये उस तरह के नक़ली बाबाओं के चरित्र जैसे है जो प्रवचन तो वैराग्य और त्याग का देते हैं, लेकिन खुद लोभ, और लालच के वासनाई दलदल में लसे रहते हैं।

जिस तरह के मोटे चरित्र बनाए गए हैं, जिस तरह की सड़कछाप बैकग्राउन्ड स्कोर तैयार किया गया है, जिस तरह की छिछोरी, चवन्नीछाप, सैक्रीन स्वीट सिचुएशन फ़िल्म में हर दस मिनट बाद टांकी गई है, जिस तरह से ‘आल इज वेल’ के अश्लील इस्तेमाल में एक बच्चे तक का शोषण किया गया है, वो सब इसी ओर इशारा करते हैं। मैं ये नहीं मान सकता कि एफ़ टी आई आई में तीन साल तक वर्ल्ड सिनेमा का आस्वादन करने और उसके बाद लगातार करते रहने के बाद राजकुमार हीरानी और विनोद चोपड़ा का मानसिक स्तर इसी फ़िल्म का है। निश्चित ही यह फ़िल्म उन्होने एक दर्शकवर्ग को खयाल में रखकर बनाई है। ये है बेईमानी नम्बर वन। यानी आप श्रेष्ठता के अपने पैमाने से इसलिए नीचे उतर आएं क्योंकि आप के पैमाने पर बनी एक्सेलेन्ट फ़िल्म को देखने और समझने वाले की संख्या बहुत सीमित होगी।

इसके जवाब में यह दलील आएगी कि जी नहीं हमने तो यह फ़िल्म दर्शक तक एक नोबेल मैसेज ले जाने के लिए बनाई है। सचमुच? अगर ऐसा है तो वो दर्शक आप की बात सुनते ही उसको लोक कैसे ले रहा है? यानी जिस बात को आप कम्यूनिकेट करने की कोशिश कर रहे हैं, उस बात से देखने वाले पहले से सहमत है; वो अपनी ही बात परदे पर देखकर ताली बजा रहा है। इसे राजनीति में पॉपुलिस्ट पॉलिटिक्स कहा जाता है, और लोकभाषा में ठकुर सुहाती। अगर कोई ये समझता है कि ये किसी की मानसिकता बदलने की कोई कोशिश है तो ग़लत समझता है, यह स्थापित मानसिकता को समर्पित फ़िल्म है, जिसे कॅनफ़ॉर्मिस्ट कहा जा सकता है।

जिस सच्चाई को फ़िल्म में दिखलाया गया है अगर वो आज से बीस साल पहले दिखाई गई होती तो मैं फिर भी मान लेता कि फ़िल्म में कुछ वास्तविकता है, और कुछ ईमानदारी भी है। ये तब होता था कि पेशे के नाम पर दो ही पेशों का ख़्याल आता था, इंजीनियर और डॉक्टर। ये सच्चाई तो कब की बदल चुकी। वाइल्डलाइफ़ फोटोग्राफ़र कितने पैसे कमा सकते हैं, वो एक इंजीनियर कभी नहीं कमा सकता। मुझे लगता कि ईमानदारी की बात हो रही है अगर आज कल के कॉल सेन्टर कल्चर में पैसा कमाने वाले बच्चों में ज्ञानार्जन को लेकर जो उदासीनता है उस की बात की जाती।
लेकिन वो करने की हिम्मत फ़िल्ममेकर में नहीं थी क्योंकि अपने दर्शक को संशय में डालना मतलब बहुत बड़ा ख़तरा मोल लेना। और ये वैसी फ़िल्म है जिसने एक जगह भी ख़तरा नहीं उठाया। मुन्नाभाई फ़ार्मूले को जमकर इस्तेमाल किया। मेरे ज़ेहन में इस फ़िल्म को डिफ़ाइन करने के लिए जो सबसे उपयुक्त शब्द आता है वो है पैथेटिक।

मेरी अपनी राय में यह फ़िल्म न सिर्फ़ फूहड़ और बेईमान है बल्कि शर्मनाक भी है मेरे लिए। राजकुमार हीरानी और विनोद चोपड़ा तो धंधे वाले लोग है, और कामयाब धंधेवाले हैं; मेरे धंधे वाले लोग हैं, उनको मेरी बधाईयां हैं। अफ़सोस और शर्म तो अपनी पीढ़ी और नौजवान पीढ़ी के लोगों से है जो अभी तक इस तरह के नौटंकीछाप सिनेमा को एक्सेलेंस समझ लेने की बकलोली कर सकते हैं।

हमारे समाज का एक बड़ा वर्ग ग़रीबी रेखा के नीचे हैं उस से आप किसी तरह की नई ऊँचाईयों को छूने की उम्मीद नहीं कर सकते। पन्द्रह बीस प्रतिशत लोग मध्यम वर्ग हैं, उसमें से अधिकतर लोग नौकरी मिलते ही किताब को रद्दी में बेच कर नमक खरीद लेते हैं। जो चुटकी भर नमक जितने रह जाते हैं वे भी अगर समवेत स्वर से आल इज वेल गाने लगें तो समझ लीजिये कि अभी देश सुसुप्तावस्था में ही है, नेहरू जी को धोखा हुआ था कि इन्डिया विल अवेक टु लाइफ़ एन्ड फ़्रीडम, एट दि स्ट्रोक ऑफ़ मिडनाईट आवर, व्हेन दि वर्ल्ड स्लीप्स। मैं उम्मीद करता हूँ कि इस चुटकी के एक अच्छे हिस्से को फ़िल्म नहीं जंची है लेकिन वो चुप है।

अगर हम इसी तरह की लैयापट्टी में कला की नफ़ासत खोजते रहे तो भारतीय महापुरुष के लिए काल्सेन्टर से अधिक उम्मीद नहीं है। जो दक्षिणभारतीय चतुर और रामलिंगम जो अमरीकादि में सफल हो गए हैं वही अपनी हद है और ये बांगडू और चाचड एक दिवास्वप्न से अधिक कुछ नहीं। जब मैं ने जामिया के एम सी आर सी में (हिन्दी फ़िल्मों) पर पेपर तैयार किया था तो उसकी आख़िरी लाइन थी, "हिन्दी फ़िल्में उसके दर्शक को अपनी आंकाक्षाओं के साथ हस्तमैथुन का खुला आमंत्रण है। तब से अब तक कुछ भी नहीं बदला है|"

फ़िल्म के आख़िर में माधवन की आवाज़ आती है – काबिल बन जाओ कामयाबी अपने आप ही मिल जाएगी। ये धोखा देने वाला बयान है। इसी तरह का धोखा ‘तारे ज़मीन पर’ में भी दिया गया था। जो बच्चा सब से अलग, अनोखा है, उसे अपने अनोखेपन में ही स्वीकार किया जाना चाहिये, मगर उस फ़िल्म में अनोखे बच्चे को पेंटिग प्रतिस्पर्धा में जितवाया जाता है, उसे मुख्यधारा में कामयाबी दिलाई जाती है।

यानी मुख्यधारा में कामयाबी ही असली पैमाना है। इस फ़िल्म में भी चतुर नाम का चरित आमिर के आग चूतिया सिद्ध हो जाता है क्योंकि आमिर को दुनियावी कामयाबी भी मिल जाती है। तो माधवन का संवाद आता है - काबिल बन जाओ कामयाबी अपने आप ही मिल जाएगी। ये भुलावा है, धोखा है। असली एक्सेलेन्स खोजने वाले के लिए काबिलियत ही कामयाबी है।

हालांकि फ़िल्म तमाम सिनेमैटिक पैमानो से बेहद घटिया है फिर भी अगर उसे तमाम फ़िल्मी अवार्ड्स में कई सारे अवार्ड्स मिल जायं तो मुझे कोई हैरत नहीं होगी- पैसा पीटने वाली फ़िल्म ही कामयाबी और एक्सलेंस का असली पैमाना है।

रविवार, 3 जनवरी 2010

चेतन भगत शुड बी थैंकफ़ुल

पिछले दिनों ख़बर थी कि सरकार कॉपीराइट क़ानून में बदलाव का मन बना रही है ताकि कलाकारों के अधिकारों की रक्षा हो सके, दुनिया भर में सिनेमा और संगीत आदि के तैयार हो जाने के बाद भी कॉपीराइट के मूल अधिकार लेखक/ कलाकार के पास सुरक्षित रहते हैं मगर भारत में निर्माता ही सब का मालिक है। एक बार पैसा देकर वह सब कुछ ख़रीद लेता है। पिछले दिनों इस सम्भावित बदलाव के आने की ख़ुशी में जावेद अख़्तर, शुभा मुद्गल, रवि शंकर और शंकर महादेवन के खिले हुए चेहरे अख़बारों में देखने को मिले।

आज ख़बर है कि 'थ्री ईडियट्स' के निर्माता विनोद चोपड़ा ने एक पत्रकार को चिल्ला कर और आँखें तरेर कर कहा कि 'शट अप!' वे पूरी फ़िल्म की कास्ट और क्रू के साथ एक पत्रकार सम्मेलन में थे। लोग उनसे 'फ़ाइव प्वायंट समवन' उपन्यास के लेखक चेतन भगत के आरोपों का जवाब चाह रहे थे, जिन्होने कहा है कि उनके साथ न्याय नहीं हुआ है। उनका नाम आया ज़रूर है मगर फ़िल्म के अन्त में रोलिंग क्रेडिट्स में। जबकि फ़िल्म की शुरुआत में कहानी लेखक के रूप में अभिजात जोशी और राजकुमार हीरानी का नाम आया है। उन्हे इस पर ऐतराज़ है, मुझे भी है थोड़ा-थोड़ा। उनका मानना है कि मूल कहानी उनकी है और शेष उसका रूपान्तरण है।

एच टी में वीर संघवी लिखते हैं कि इट्स ऑल एबाउट ग्रेस; 'स्लमडॉग मिलयनेर' भी विकास स्वरूप के नॉवेल 'क्यू एन्ड ए'से काफ़ी जुदा थी, मगर उनके भीतर इतनी गरिमा थी कि उनका नाम फ़िल्म क्रेडिट्स में निर्देशक के नाम के ठीक बाद आता है, और निर्देशक डैनी बॉयल उन्हे अपनी सफलता में शामिल करने के लिए आस्कर लेते वक़्त उनको मंच तक साथ ले जाते हैं।

फ़िल्मी दुनिया में लेखक सबसे निरीह जानवर रहा है। सबसे पहले डाका उसके पैसों और नाम पर ही पड़ता है। यहाँ हर निर्देशक को अपने नाम के पहले 'रिटेन एन्ड डाइरेक्टेड बाइ' देखने का शौक़ है। इस दुनिया ने तो बड़े-बड़े फ़िल्मों, बड़ी-बड़ी किताबों पर डाके डाले और किसी को कोई आभार तक नहीं दिया, छोटे-मोटे लेखक तो रोज़ ही मारे जाते हैं। चोपड़ा जी ने कम से कम किताब के अधिकार खरीदे, पैसे भी दिये, और भले आख़िर में, पर नाम दे तो दिया। चेतन भगत को उन के पैर छू कर धन्यवाद देना चाहिये, उन्होने धन्यवाद नहीं दिया इसीलिए चोपड़ा जी को क्रोध आ गया, नहीं तो वो देवता आदमी हैं।

बुधवार, 4 नवंबर 2009

खरगोश : नारेबाज़ी नहीं कला

एक खुशखबरी यह है कि मेरे मित्र परेश कामदार की फ़िल्म खरगोश को ओसियान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में पुरस्कार मिल गया है। और एक नहीं चार पुरस्कार मिल गए हैं: ज्यूरी पुरस्कार, अन्तर्राष्ट्रीय क्रिटिक पुरस्कार, ऑडियेन्स पुरस्कार, और नेटपैक पुरस्कार। किसी भी फ़िल्म के लिए चार अलग-अलग ज्यूरी के दिलों में अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता, खरगोश ने यह करिश्मा कर दिखाया है।

कथाकार प्रियंवद की कहानी पर बनी यह फ़िल्म के केन्द्र में एक दस बरस के बच्चे की दुनिया और उसका नज़रिया है। उसके दुनिया में माँ है, उसके अध्यापक हैं, स्कूल है, सहपाठी हैं, एक कठपुतली वाला है, मोहल्ले की गलियाँ हैं, पीछे के खेत और खेतों के पार का जंगल है, मन के भीतर एक और बड़ा जंगल है, और सबसे बढ़कर उसके घर में किरायेदार भैया है, उनकी मोटरसाइकिल है, और मोहल्ले की छतों के आर-पार संचालित होने वाला प्रेम और उसका लक्ष्य नायिका - भैया की प्रेमिका है। मासूम बच्चा इन दो नौजवानों के प्रेम का क़ासिद बनता है और जाने कब से क़ासिद से रक़ीब की हैसियत में आने लगता है, उसे खुद पता नहीं लगता। एक तरह से यह एक बच्चे के भीतर काम के प्रस्फुटन का कलात्मक लेखा है।

खरगोश परेश भाई की तीसरी फ़िल्म है। इसके पहले वे एन एफ़ डी सी के प्रायोजन से टुन्नु की टीना और जुगाड़े हुए स्रोतों व दोस्तों-यारों के प्रायोजन से 'जॉनी-जॉनी येस पापा' बना चुके हैं। टुन्नु की टीना ने बर्लिन तक का सफ़र भी किया, और दूरदर्शन के छोटे पर्दे पर भी उसे जगह मिली। जॉनी-जॉनी येस पापा इतनी भाग्यशाली नहीं रही, तीन-चार साल से बन कर तैयार है लेकिन अभी तक वितरण नहीं हो सका है। परेश भाई एफ़ टी आई आई ने सम्पादन में डिप्लोमा हासिल किया है और कुमार शाहणी के साथ भी काम करते रहे हैं, बाद के वर्षों में टी वी पर सीरियलों का निर्देशन भी किया। लेकिन अच्छी बात ये रही कि बावजूद पैसे के लालच के टीवी की दुनिया में रमे नहीं और कला का जोखिम उठाया। (आजकल कला का जोखिम महज़ अभिव्यक्ति का ही जोखिम नहीं, अस्तित्व का जोखिम भी बनता है) उनकी पत्नी और मेरी सहपाठी रह चुकीं गज़ाला नरगिस ने भी उन्हे इस राह पर बढ़ चलने के लिए उत्साहित बनाए रखा। उनके सहयोग के बिना यह सफ़र बहुत मुश्किल हो सकता था। और धन्यवाद है ऋषि चन्द्रा जैसे निर्माता को जिसने परेश जी को अपनी समझ से एक अच्छी फ़िल्म बनाने की पूरी आज़ादी दी।

फ़िल्म पिछले वर्ष ही बन कर तैयार हो गई थी और मुम्बई में हुए तमाम ट्रायल शो में से एक ट्रायल में मैंने भी इसका आस्वादन किया। इस तरह की फ़िल्में भारत में कम ही बनी हैं और सन अस्सी के बाद तो बिलकुल ही नहीं बनीं। असल में समान्तर सिनेमा के नाम पर भारत में जो सिनेमा बनाया गया वह मोटे तौर पर सामाजिक सच्चाई का सिनेमा था। सिनेमाई कला की बरीक़ियों का अनुसंधान और संधान करने वाले सिनेमा के साधक कम ही रहे। सत्यजित राय, ऋत्विक घटक और बिमल राय, कला और सामाजिक सच्चाई को संतुलित करते रहे। लेकिन धीरे-धीरे कला पिछड़ती गई और जिसे कथ्य कहा जाता है उसकी धार भोथरी होती गई। (बहुत लोग मानते हैं कि शिल्प और कथ्य दो अलग-अलग हस्तियाँ हैं, पर इस मसले पर मैं गोदार का मुरीद हूँ जो मानते थे कि कथ्य शिल्प की अन्तर्वस्तु है और शिल्प कथ्य का आवरण)

मुख्यधारा के सिनेमा ने ही सामाजिक परिवर्तन को एक मसाले की तरह अख्तियार कर लिया और अगर आप भूले न हो तों मेरी आवाज़ सुनो, आज का एम एल एल राम अवतार, इंक़िलाब, अंकुश, प्रतिघात आदि फ़िल्में इसी अन्दाज़ की फ़िल्में थीं। मणि कौल और कुमार शाहणी ने ही कलात्मक सिनेमा के महीन परचम की झण्डाबरदारी की लेकिन वह नदी नब्बे आते-आते तक सूख गई। कला के जोखिम से भरी एक अनोखी फ़िल्म कमल स्वरूप की ओम दरबदर भी अस्सी के दशक के नारेबाज़ों का शिकार हुई थी जिसे तब के ‘सचेत’ बुद्धिजीवियों ने इसलिए नकार दिया क्योंकि उसमें सामाजिक सच्चाईयों का कोई प्रगतिशील संदेश उन्हे नहीं मिल सका; आज कला के भूखे लोग खोज-खोज के वो फ़िल्म देखने के लिए मचलते हैं।

नब्बे और नई सदी के वर्षों में प्रयोग तो कई हुए पर कामयाब कम हुए। लगभग टीवी के जन्म और नई आर्थिक नीति के समान्तर ही समान्तर सिनेमा की मृत्यु हो गई। मल्टीप्लेक्स फ़िल्मों का उदय हुआ, फ़िल्मों में बड़े तकनीकि विकास हुए मगर कलात्मक विकास पिछड़ता रहा। खरगोश इन अकाल वर्षों में वर्षा की पहली फुहार की तरह हैं, उस ज़मीन पर जहाँ सिनेमाई प्रयोग के नाम पर लोग शुद्ध नक़ल, योरोपीय सिनेमा और अमरीकी इन्डेपेन्डेन्ट सिनेमा को हिन्दी की बोतल में ढाल कर पेश करने के आगे जाने से क़तराते रहे हों। खरगोश पर सिनेमा की ईरानी परम्परा का प्रभाव ज़रूर दिखता है पर किसी फ़िल्म का नहीं ज़रा नहीं।

फ़िल्म को विदिशा और महेश्वर की पुरानी क़स्बाई दुनिया में फ़िल्मांकित किया गया है। उसका भूगोल बच्चे की मानसिक दुनिया का भूगोल बनता है दरअसल। विवेक शाह का कैमरा और मनोज सिक्का का ध्वनि संयोजन दोनों फ़िल्म की अंतरंगता के माध्यम हैं। जैसा कि पुरस्कारों की झड़ी से ही ज़ाहिर है कि ओसियान में लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया। मेरी उम्मीद है कि यह सफलता परेश भाई को आगे तमाम ऐसी और फ़िल्में बनाने के रास्ते साफ़ करेगी और उनके दर्शक इस फ़िल्म की कला से अभिभूत होकर इस परम्परा को आगे बढ़ाएंगे। विशेषकर इस तथ्य की रौशनी में कि आजकल सामाजिक संदेश को प्रसारित करने का बीड़ा मनोरंजन टीवी ने अपने हाथ ले लिया है, और सिनेमा की ज़मीन का संकट गहरा गया है.. या शायद ये बेहतर हुआ है!

रविवार, 4 अक्टूबर 2009

आत्माहीन कला

इन्ग्लोरियस बास्टर्ड्स - अगर मुझे पता होता कि नाज़ियो और यहूदियों के समीकरण के ही बारे में ये एक और फ़िल्म है तो मैं कभी इस फ़िल्म को देखने को राज़ी नहीं होता। मैंने इसका पोस्टर देखा ज़रूर था और यह भी जानता था कि यह एक वॉर फ़िल्म है, लेकिन.. मेरी मूर्खता थी शायद.. मुझे बूझ लेना था। पिछले बीस सालों में मैंने यहूदियों पर नाज़ी अत्याचारों को लेकर इतनी फ़िल्में देखी हैं कि मैं अब इस विषय के प्रति अपनी संवेदना खो चुका हूँ। होलोकास्ट, गैस चैम्बर्स, यहूदियों की प्रताणना जैसे बातें सुनकर मेरे चित्त पर रञ्जना और अभिव्यञ्जना की सारी सम्भावनाएं विलोप हो जाती हैं.. चालू ज़ुबान में मैं चटने लगता हूँ।

मेरे सारे प्रगतिशील दोस्त मेरे इस बयान को लेकर अपने हाथों में पत्थर कस चुके होंगे। जैसी कि आम प्रगतिशीलों की फ़ित्रत होती हैं वे अपने कट्टर दुश्मन साम्प्रदायिकों की तरह ही, सारी दुनिया को अस एण्ड देम के दो बाड़ों में ही देख पाने के लिए अभिशप्त होते हैं। उन्होने मुझे या तो मुझे महमूद अहमेदीनिज़ाद की तर्ज़ पर होलोकास्ट को होक्स मानने वाली प्रस्थापना का समर्थक मान लिया होगा या किसी एक नई-नवेली 'हिन्दू ज़ायनिस्ट' डिज़ाइन का हिस्सा।

अगर उन के सामने आप कश्मीर के आन्दोलन में निहित मूल साम्प्रदायिकता की बात कर दीजिये तो वो आप को कम्यूनल भाजपाई मान लेंगे और इसके विपरीत अगर आप मोदी को चार गाली दे दीजिये तो अपनी राय पर थोड़ा शक़ होगा और हो सकता है कि आप को सेक्यूलर क्लब की सदस्यता की पर्ची काट दें। इसके बाद अगर आप श्राद्ध पक्ष के बाद सर घुटाए दिख गए तो हैरानी से उनका मुँह खुला रह जाएगा.. अरे आप तो.. और आप की सदस्यता पर पुनर्विचार चलने लगेगा। उनकी कमज़ोर जीवन दृष्टि पर जो मोटा चशमा चढ़ा है उससे कुछ भी महीन सूक्ष्म देख पाने की क्षमता वो खो चुके हैं। मैं कह सकता था कि ये उस चश्मे का दोष है, उनका दोष नहीं है, पर नहीं कहूँगा। मैं उन से भी बहुत चटा हुआ हूँ।

पर मेरे पाठक आप ही बताइये.. एक आदमी जो कि न तो नाज़ी है, न जर्मन है, न ब्रिटिश है, न फ़्रेंच, न यूरोपी और न अमरीकी.. और यहूदी तो बिलकुल ही नहीं..आखिर क्यूंकर उसे इस विषय के प्रति हर मौक़े-बेमौक़े पर अपनी आंसुओं की बाल्टी तैयार कर लेनी चाहिये? और माफ़ कीजिये मैं मुसलमान भी नहीं हूँ जिनके भीतर प्रायः यहूदियों के प्रति एक खास नफ़रत का समन्दर ठाठें मारता रहता है। (यहाँ पर मुझे लिखना चाहिये कि - हर मुसलमान नहीं - पर मैं नहीं लिखूंगा)

दुनिया में तमाम ऐसे दारुण विषय हैं जिन पर फ़िल्म बनने की दरकार हो सकती है लेकिन नहीं बनती। अब जैसे कल एक लेख में पढ़ रहा था कि एक चीनी लेखक द्वारा लिखी एक नई किताब के अनुसार चेयरमैन माओ की 'ग्रेट लीप फ़ारवर्ड' के तहत ३ करोड़ साठ लाख लोगों की हत्याएं हुई, जो कि होलोकास्ट में मारे गए लोगों से सम्भवतः अधिक है। मगर उस त्रासदी के बारे में कितने लोग जानते हैं? अपने १८५७ के बारे में ही एक अनुमान है कि ९० लाख लोग मारे गए - उस पर कितनी फ़िल्में बनी हैं? जो बनी थी - मंगल पाण्डेय - वो बरदाश्त के बाहर थी। लेकिन हमारी मानसिकता ऐसी बन गई है कि अत्याचार और त्रासदी के नाम पर हमारे पास सबसे दारुण मिसाल होलोकास्ट ही होती है।

मैं एक सीधा साधा फ़िल्म-प्रेमी हूँ। जो सिनेमा हॉल के गाढ़े अंधेरों में अपने मानस के जाने-अनजाने तत्वो को दूसरे मनुष्य के अनुभवों के जीवन्त चित्रण के हवाले कर उन्हे साझना चाहता है। टैरनटीनो बड़े निर्देशक हैं। किल बिल, रेज़ेरवायर डॉग्स और पल्प फ़िक्शन कल्ट फ़िल्म्स हैं और सही हैं। डेथ प्रूफ़ अच्छी नहीं थी मगर बुरी भी नहीं थी। उनकी इन्ही फ़िल्मों को प्रभाव था कि मैंने फ़िल्म रिलीज़ होने के पहले ही उसे देखने का मन बना लिया था। एक्सप्रेस में रिव्यू के आगे पाँच स्टार्ज देखे ज़रूर थे, और उस का असर भी मन पर लिया था, लेकिन पढ़ा नहीं था। अच्छा पढ़ा नहीं था फिर तो शायद और गु़स्सा होता। रिव्यू लिखने पर किसी स्टूडियो का दबाव रहा होगा ऐसा नहीं है लेकिन सबसे बड़ा दबाव प्रतिष्ठा का होता है। वो ऐसा दबाव होता है कि अगर आप को फ़िल्म न भी समझ आए, बुरी भी लग जाए तो आप कसूर फ़िल्म को देने के बजाय या अपनी राय साफ़ सामने रखने के बजाय बड़े-बड़े झूठे शब्द उछाल कर तारीफ़ों का ऐसा मुज़ाहरा करते हैं कि किसी को भनक भी न पड़ने पाए कि आप ऐसे मूर्ख हैं जिसे टैरनटीनो की फ़िल्म नहीं समझ आई?

मैं एक ऐसा मूर्ख हूँ जिसे फ़िल्म पसन्द नहीं आई। ऐसा नहीं कि फ़िल्म आप को पकड़ती नहीं, पकड़ती है और जकड़ती भी है.. इस हद तक कि आप का माथा पिराने लगे और आप आशंका और उत्तेजना से थथराने लगें। फ़िल्म की स्क्रिप्ट पर टैरनटीनो ने जो दस साल तक मेहनत की है वो दिखाई देती है, महसूस भी होती है। असर में कमी नहीं है.. फ़िल्म की जो मूल समझ है, एहसास की जिस दुनिया में फ़िल्म हमें ले जाती है, शिकायत और तक़लीफ़ उस से है।

फ़िल्म रंगीन ज़रूर है पर दिखाई देनी वाली दुनिया दुरंगी यानी काली सफ़ेद है। एक हिंसा और प्रतिहिंसा का सिलसिला है। जर्मन्स खोज-खोज कर यहूदियों की हत्याएं कर रहे हैं उसके जवाब में प्रतिशोध से भरे हुए जर्मन यहूदियों और अमरीकियों का एक गैंग है जो जरमनों की हत्याएं कर रहा है उनसे भी अधिक पाशविकता से।

फ़िल्म की पृष्ठभूमि ऐतिहासिक है मगर कथानक काल्पनिक है। फ़िल्म के अंत में जिस तरह से द्वितीय विश्व युद्ध समाप्त हो जाता है वो टैरनटीनो की ‘गूढ़’ कल्पना है। गूढ़ पर ज़ोर इसलिए कि उस कल्पना को जेब में डाले हर आतंकवादी घूम रहा है। अगर टैरनटीनो की इस दुनिया में एलाइड पक्ष की जगह अफ़्ग़ानी, पाकिस्तानी और अरब लड़ाके और नाज़ियों की जगह अमरीकी, फ़्रेंच और अंग्रेज़ हो तो आज की सही तस्वीर बन जाएगी। लेकिन शायद टैरनटीनो साहब के दिमाग़ में दो पैमाने होंगे एक अमरीकी हिंसा को तौलने का और दूसरा नाज़ियों और मुसलमानों की हिंसा को तौलने का? (मेरे प्रगतिशील मित्र नाज़ियों और मुसलमानों को समीकरण के एक ओर एक साथ रखने को अन्यथा ले सकते हैं, मेरा वैसा कोई आशय नहीं है लेकिन मैं इस वाक्य संरचना को नहीं बदल रहा हूँ)

फ़िल्म का आधार नफ़रत है। दोनों तरफ़ से हचक के नफ़रत। ऐसी करुणाहीन फ़िल्म, चाहे कितनी भी कारीगरी की शिखर पर चढ़ कर बैठी हो, मेरी नज़र में बुरी फ़िल्म है। कोई हत्यारा अगर किसी का गला काटने समय गणपति की अद्भुत आकृति उकेरने का उस्ताद हो तो क्या उसे कलाकार मान लेना चाहिये? एक ऐसा चिंतन है जो मानता है। मैं नहीं मानता।

ब्रैड पिट ने जबड़ों में अजब तनाव पैदा कर के न जाने कैसी अभिनय की कोशिश की है; मुझे तो ज़रा भी समझ नहीं आई। क्रिस्टोफ़ वाल्ट्ज़ ने बहुत बेहतर काम किया है जिसके लिए उन्हे कान फ़िल्मोत्सव में पुरस्कार भी मिला। एक बात और जो मुझे बहुत अखरी – पूरी कहानी फ़्रांस में घटित होती है लेकिन इनग्लोरियस बास्टर्ड्स में फ़्रांस की ज़रा भी आत्मा नहीं है। सच पूछिये तो आत्मा है ही नहीं।

गुरुवार, 14 मई 2009

एफ़ टी आई आई में सरपत

पिछले हफ़्ते मेरी लघु फ़िल्म सरपत का फ़िल्म एण्ड टेलेविज़न इन्स्टीट्यूट में प्रदर्शन हुआ। भाई कमल स्वरूप दूसरे वर्ष के छात्रों के लिए एक वर्कशॉप का संयोजन कर रहे थे, उसी के एक हिस्से के बतौर सरपत भी छात्रों को दिखाई गई।

अभी तक सरपत दोस्तों-यारों को ही दिखाई गई थी। फ़िल्म का पहला सार्वजनिक मंच एफ़ टी आई आई जैसा प्रतिष्ठित संस्थान बना, यह मेरे लिए गर्व की बात है। दर्शकों की संख्या कोई बहुत बड़ी नहीं थी मगर फिर भी अनुभव सुखद था।




















फ़िल्म के बाद छात्रों से कुछ परिचर्चा भी हुई जिसमें उनकी तरफ़ से कुछ सार्थक प्रश्न आए और मैंने उनका सन्तोषजनक समाधान किया। एक चीज़ मेरे लिए ज़रूर सीखने का सबब बनी – मेरा परिचय। हमेशा से ही मैं अपने प्रति कुछ हिचिकिचाया, शर्माया रहता आया हूँ। यह दिक़्क़त मुझे वहाँ भी पेश आई।

मुझे हमेशा लगता आया है कि मैंने जीवन में कुछ भी बतलाने योग्य तो नहीं किया अब तक। इस फ़िल्म को बनाने के बाद से वह एहसास कुछ जाता रहा है। और इसलिए अब सोचा है कि इस शर्मिन्दगी से छुटकारा पा कर इसे अलविदा कहा जाय। क्योंकि सार्वजनिक जीवन में लोग आप के बारे में सहज रूप से उत्सुक होते हैं और उस का सरल समाधान करना आप की ज़िम्मेदारी है उसमें शर्मिन्दगी की बाधा नहीं होनी चाहिये।

आजकल तमाम फ़िल्म-उत्सवों में सरपत को भेजने की क़वायद भी चल रही है। वे भी एक डाइरेक्टर्ज़ बायग्राफ़ी की तलब करते हैं- लगभग १०० शब्दों में। यह एक अच्छी कसरत है अगर कोई करना चाहे- अपने जीवन को सौ शब्दों में समेटना। वैसे मेरे जैसे व्यक्ति के लिए कुछ मुश्किल नहीं था जिसे लगता रहा हो कि जीवन में कुछ नहीं किया – सिवाय इस फ़िल्म के।

वैसे तो किसी भी चीज़ के बनने में तमाम चीज़ों का योगदान होता है। कुछ ऐसी जिनके प्रति व्यक्ति सजग होता है और तमाम ऐसी जो अनजाने ही मनुष्य को प्रभावित करती चलती हैं। मेरी इस रचना यात्रा में भी अनेकानेक चीज़ों की भूमिका रही है, अनजानी चीज़ों की तो बात कैसे कहूँ, पर जानी हुई चीज़ों में इस ब्लॉग की भूमिका प्रमुख है।

इस ब्लॉग पर लिखते हुए मैंने अपने सरोकारों को पहचाना, समझा, विकसित किया और अपनी अभिव्यक्ति को निखारा है। अकेले बैठे हुए सोचने और ब्लॉग पर लिखने में बहुत बड़ा अन्तर हो जाता है- पाठक का।

पाठक के अस्तित्व में आते ही फिर आप जो लिखते हैं – अपने मन की ही लिखते हैं – मगर पाठक को केन्द्र में रखकर लिखते हैं। वह आप के भीतर एक उद्देश्य की रचना करता है और एक ऊर्जा का संचार करता है। अपनी पुरातन परम्परा के अनुसार पाठक भी एक देवता हो सकता है- जो आप के भीतर एक सकारात्मक परिवर्तन कराने में सक्षम है।

अपने इस नन्हे से क़दम को उठा पाने में सफल होने के लिए मैं आप सब की भूमिका का सत्कार करता हूँ और आप का धन्यवाद करता हूँ।


* तस्वीर में संस्थान के प्राध्यापक व मेरे मित्र अजय रैना सूचना पट्ट पर लिखते हुए।

गुरुवार, 16 अप्रैल 2009

गिरगिट

गीतान्जलि राव की पहली फ़िल्म प्रिन्टेड रेनबो दुनिया भर में ढेरों पुरुस्कार बटोर चुकी है। उनकी अगली फ़िल्म गिरगिट जो एनीमेशन फ़ीचर होनी थी, पैसे की कमी के चलते अटक गई है, ऐसी खबर है। दुखद है क्योंकि आप खुद ही देखिए कि गीतान्जलि की आँखो और उंगलियों के बीच सौन्दर्य का कैसा अद्भुत संयोजन है!

सोमवार, 9 मार्च 2009

सरपत... तलवार से तेज़ घास

पिछले कुछ माह से जिस लघु फ़िल्म के निर्माण में व्यस्त था, आखिरकार वह सम्पन्न हुई। फ़िल्म की पटकथा मैंने पिछले बरस मई में ही लिख ली थी मगर शूटिंग दिसम्बर में मुमकिन हुई। तमाम दोस्तों और शुभचिन्तकों ने उदार मन से इस फ़िल्म के निर्माण में सहयोग किया, तब जा कर ये लघु फ़िल्म तैयार हो सकी। जनवरी और फ़रवरी माह फ़िल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन में गए।
अब यह फ़िल्म एक डी वी डी की शक़ल में एक स्वतंत्र अस्तित्व अख्तियार कर चुकी है। इरादा रखता हूँ कि अधिक से अधिक मंचो पर इस फ़िल्म का प्रदर्शन कर सकूँ।

दस से पन्द्रह मार्च तक मैं दिल्ली में हूँ; दिल्ली के मित्र अगर मेरे इस लघु प्रयास को अपना समय देंगे तो मुझे खुशी होगी।
फ़िल्म की अवधि है लगभग अठारह मिनट। कैमरा किया है सुधीर पलसाने ने और मुख्य कलाकार हैं प्रशान्त नारायनन, रचना शाह और गरिमा श्रीवास्तव।

मंगलवार, 10 फ़रवरी 2009

वासना का दास

हिन्दी फ़िल्मों मे आज के पहले कभी सेक्स की ऐसी अभिव्यक्ति नहीं हुई थी जैसी अनुराग कश्यप ने देव डी. में कर दिखाई है। सुनते हैं अनुराग कश्यप ने अनुरोध किया था कि उनकी फ़िल्म को सेंसर करने वाले पैनल में पुरुषों से अधिक महिलाएं मौजूद हों। अक्सर पुरुष स्वयं को महिलाओं के बारे में सब कुछ तय करने का जन्मजात अधिकारी समझते हैं। शायद अनुराग का यह अनुरोध स्वीकार भी कर लिया गया क्योंकि फ़िल्म के आज़ाद-ख्याल संवाद सलामत हैं और अनुराग ने बिना उनका हनन किए नारी पात्रों का जो सेक्स के प्रति अनगढ़ भाव दर्शाया है वो भी।

आम तौर पर जिन्हे छिनाल या रण्डी के रूप में जाना जाता है अनुराग ने उन्हे ही अपनी नायिकाओं के रूप में पेश किया है। फ़िल्म के तीनों नारी पात्र एक ही चरित्र के हैं उनके नाम और हालात अलग हैं पर प्रेम और वासना के प्रति उनका नज़रिया एक ही है। घर-गृहस्थी चलाने वाली मिडिल क्लास वाइफ़ पारो और पहाड़गंज के कोठे से धंधा करने वाली चंदा मूलतः एक ही जैसी औरत हैं.. ये महज संयोग है कि एक कोठे पर बैठी है और एक अपने पति के बच्चे पाल रही है। देव डी के नारी पात्र के भीतर कई रंग हैं और उनकी शख्सियत कहीं मुकम्मल है। देव वैसा ही एकाश्मी है जैसा कि वह हमेशा से था फ़र्क बस इतना है कि वह दारू के साथ-साथ कोकेन भी सुड़क रहा है।

देव डी के कथ्य में अनगढ़ अनुभूतियाँ तमाम हैं मगर उदात्त भाव नहीं दिखते.. ये अनायास तो नहीं हुआ होगा.. निश्चित ही अनुराग मानते हैं कि यही आज की सच्चाई है। मुझे ऐसा लगता है कि प्रेम और वासना के वितान को रंगते हुए अनुराग वासना वाले छोर पर कुछ अधिक दूर तक चले गए कि संतुलन बिगड़ा हुआ लगता है। मैं मानता हूँ कि हमारे समाज का एक बड़ा हिस्सा प्रेम को वासना के अर्थ में ही जानता है। लेकिन 'जब वी मैट' और 'जाने तू या जाने ना' जैसे फ़िल्मों की भारी सफलता उसी युवा वर्ग के मानस में एक स्वाभाविक अबोधता, मासूमियत का भी इशारा देती हैं जिस युवा वर्ग का प्रतिनिधित्व देव डी के चरित्र करते हैं।

फ़िल्म में नारी पात्रों की तो एक यात्रा दिखती है मगर देव को अनुराग ने एक अजीब सी सी जकड़न दे दी है। फ़िल्म की शुरुआत से ही वो एक ऐसे ढाँचे में फँसा दिखता है जिस से वो कभी नहीं निकलता। उसके एहसासों को दर्शकों का कुछ पता नहीं पड़ता बस सिगरेट, गाँजा और दारु ही जैसे उसके अस्तित्व का अर्थ बनते दिखते हैं।

पूरी फ़िल्म के मूल में सेक्स है.. पर एक दफ़े भी देव डी सफलता पूर्वक किसी के साथ सहवास नहीं कर पाता! इस बात के इशारे हैं कि सेक्स चारों ओर है.. मगर आप होते हुए कभी नहीं देखते। होते-होते न होते हुए देखते हैं। क्या जिस यथार्थ में फ़िल्म के चरित्र जीवित हैं.. उस में प्रेम की परिणति सम्भोग में सम्भव नहीं? या सम्भोग ही सम्भव नहीं?

मेरे एक दोस्त का कहना है कि हम एक विभाजित यथार्थ के उपभोक्ता हैं। इस टुकड़े-टुकड़े हो चुके यथार्थ की टूटन को हम क़तरा-क़तरा जानते हैं, पूरी तरह पहचानते भी नहीं। क्योंकि न सिर्फ़ हम जिस में स्थित हैं वो यथार्थ बिखरा हुआ है बल्कि हमारा अपना निजी अस्तित्व भी कई जोड़ों में बँटा हुआ है। इसीलिए जब अनुराग कश्यप जैसा प्रतिभाशाली फ़िल्मकार इस विभाजित यथार्थ को एक ढाई घण्टे की शक़ल प्रदान करता है तो लोग आह और वाह कर उठते हैं। अनुराग अपने चरित्रों को मानवीय तो बनाते हैं पर अपने एक जटिल अंदाज़ में।

देव डी हमारे यथार्थ का प्रतिबिम्ब है और एक सफल प्रतिबिम्ब है। सवाल ये है कि क्या बीमार को बीमारी का नाम बता देने भर से उसकी बीमारी ठीक हो जाने वाली है? मेरे दोस्त का मानना है कि मन की चोटों को सहलाने के लिए ओज़ू जैसे सिनेमा की ज़रूरत है जो दिलो दिमाग़ को झकझोरती नहीं, उसे पर ठण्डे फाहे रखती है।ओज़ू नहीं तो अलमोदवार ही सही जो समाज के हाशिये पर रहने वाले लोगों को भी एक मानवीय गरिमा प्रदान कर देते हैं। दिक़्क़त मगर ये भी है कि जिसे दारू की लत पड़ जाये वो ठण्डक पहुँचाने वाले रूहअफ़्ज़ा को लात मारता है, ठण्डे फाहों की क्या बात है!

फ़िल्म के भीतर दो सिनेमैटिक स्टाइल हैं। देव डी के दिल टूटने के पहले वाली हिस्से को अनुराग ने काफ़ी सपाट अन्दाज़ से पेश किया है। मगर पारो की शादी के बाद देव की स्मोकिंग स्मोकिंग उठता है धुँआ वाली दुनिया काफ़ी नशीले अन्दाज़ में प्रस्तुत की गई है। और उसके प्रति अनुराग की एक विशेष रागात्मकता नज़र आती है। हर निर्देशक की एक पैट थीम होती है.. लगता है नश्शे की सर्रियल दुनिया अनुराग की थीम है। जो नो स्मोकिंग में भी थी.. और सुना है कि अनुराग की बहुचर्चित पहली फ़िल्म जो आज तक रिलीज़ नहीं हुई, 'पाँच' की भी वही विषय वस्तु है। किसी ने शायद सही कहा है कि हर निर्देशक एक ही फ़िल्म बार-बार बनाता है।

निजी तौर पर मुझे आदमी के नारकीय पतन की धूमिल दुनिया में कोई दिलचस्पी नहीं पर अनुराग कश्यप और उनके अपने प्रति ईमानदार सिनेमा में है। क्योंकि अनुराग हिन्दी की दुनिया में सच्चे सिनेमा के हिरावल हैं। उनकी सफलता से अनेको नए रास्ते खुलेंगे और मैं बहुत कस के चाहता हूँ कि अनुराग कश्यप सफल हों।

अनुराग का सब से अधिक तारीफ़ का पक्ष भी यही है कि वो अपनी पसन्द का सिनेमा बना रहे हैं। किसी निर्माता और वितरक की समझ के अनुसार दर्शक की पसन्द का सिनेमा नहीं बना रहे। अच्छे सिनेमा के बनने की ये पहली शर्त है- जो बना रहा है अगर उसे ही पसन्द नहीं तो किसी और को क्यूंकर पसन्द आएगा।

ब्लैक फ़्राईडे हमारे समय के विकृत वास्तविकता पर आधारित एक अद्भुत फ़िल्म थी। नो स्मोकिंग एक बहकी हुई फ़न्तासी। देव डी को मैं अद्भुत तो नहीं कह सकता मगर नो स्मोकिंग से बहुत बेहतर है। अनुराग से और भी बेहतर सिनेमा बनाने की उम्मीद है!

रविवार, 1 फ़रवरी 2009

ज़ोया में दम है!

फ़िल्मो की पृष्ठभूमि पर पहले भी फ़िल्में बनी हैं लेकिन न तो कोई कोई इतनी सहज थी और न ही कोई इतनी गूढ़। ज़ोया अख्तर की लक बाई चान्स फ़िल्म के संसार की एक गहरी समझ से बनाई गई फ़िल्म है। ऐसा मालूम होता है जिस दुनिया को वो हमें दिखा रही हैं उसे वो पास से, अन्दर से जानती हैं और समझती हैं। और उसको एक ऐसे शिल्प में गाँठ के दर्शक के सामने प्रस्तुत करती हैं जो न तो भारी है, न भोथरा है और न ही छिछला है।

फ़िल्म मनोरंजक होने के लिए संवेदना का दामन छोड़ नहीं देती। वैसे तो फ़रहा खान भी ओम शांति ओम में फ़िल्मी दुनिया की ही एक कहानी कहती हैं मगर एक सस्ते मखौलिया अन्दाज़ में।

मुझे खुशी है कि ज़ोया में अपनी दुनिया को हमदर्दी से देखने की और उसकी जटिलताओं को एक महीन शिल्प में बाँधने की कला है। ये खुशी और भी ज़्यादा इसलिए है कि वे अपने प्रतिभाशाली भाई फ़रहान अख्तर के उस दृष्टिदोष की शिकार नहीं है जिसके चलते फ़रहान अपनी तीनों फ़िल्मों में अपनी दुनिया की समूची सच्चाईयों को पकड़ने में असफल रहे हैं।

दिल चाहता है ने देश के एक वर्ग-विशेष को ताज़ा हवा के झोंके का स्वाद ज़रूर दिया था। मगर उस देखकर आप को अन्दाज़ा हो जाता है कि फ़रहान कितनी सीमित दुनिया के निवासी है जिसमें कुल जमा तीन दोस्त, उनके महबूब और माँ-बाप भर हैं। शायद इसीलिए उन्हे अपनी तीसरी फ़िल्म बनाने के लिए एक पुरानी फ़िल्म का सहारा लेना पड़ा। वैसे सीखने के लिए कोई उमर कम नहीं होती और फ़रहान की तो उमर ही क्या है। उम्मीद है कि वे अपने हुनर का बेहतर इस्तेमाल करेंगे।

लक बाई चान्स में जाने-पहचाने अभिनेताओं की भरमार है और ज़ोया ने नए—पुराने सब का अच्छा इस्तेमाल किया है। फ़रहान ने फिर साबित किया कि वे सचमुच एक अच्छे एक्टर हैं। रिशी कपूर ने तो कुछ गजब का ही काम किया है। ज़रूर देखें लक बाई चान्स।

गुरुवार, 29 जनवरी 2009

खालिस मुम्बईया पावभाजी

जी देख ली स्लमडॉग मिलयनेयर। बड़ी चर्चा है फ़िल्म की। देखने के पहले ही तमाम हू-हा सुना। कुछ लोगों ने कुछ कहा। कुछ ने मेरी तरफ़ भी किसी बयान की उम्मीद से तरेरा। पर मैं चुप रहा। आज बोलने को तैयार हूँ।

कैसी लगी? मुझे अच्छी नहीं लगी! ह्म्म.. मतलब मैं अमिताभ बच्चन के बात से सहमत हूँ? नहीं! उन्होने क्या लिखा.. लोगों ने क्या समझा.. उस डिबेट से मैं दूर रहना चाहता हूँ। निजी तौर पर इस फ़िल्म में मुझे कोई मनोरंजक तत्व नहीं मिला बावजूद इसके कि यह फ़िल्म भारत की जटिल सच्चाईयों को सफलता से दो घण्टे में क़ैद कर लेती है।

कुछ इस तरह कि जो भारत को दूर से देख रहे हैं वो अश-अश कर उठते हैं। वैसे ही जैसे मैं औरे मेरे जैसे वर्ल्ड सिनेमा के दूसरे विद्यार्थी योरोपीय, चीनी, ईरानी, वियतनामी और ब्राजीली सिनेमा में देखी गई सच्चाई के आगे धराशायी हो जाते हैं। हमारे लिए वो हमारे मानस में एक अद्भुत रस का संचार करती हैं। मगर क्या मारिया फ़ुल ऑफ़ ग्रेस क्या कोलम्बियाई लोगों के लिए भी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली फ़िल्म होगी?

स्लमडॉग फ़िल्म मुझे अच्छी नहीं लगी क्यों कि मेरे लिए उसमें ऐसा कुछ भी नहीं था जिसे देखकर मैं कह उठता अद्भुत! फिर मुझे फ़िल्म की सरपट गति और भन्नाता हुआ संगीत भी पसन्द नहीं आया। दो गाने ज़रूर अच्छे हैं मगर वो भी रहमान का बेस्ट वर्क नहीं है। ये दीग़र बात है कि उसके लिए रहमान साहब को आस्कर से नामांकित किया गया है।

मेरे दूसरे कई दोस्तों को भी फ़िल्म पसन्द नहीं आई लेकिन हमारी राय बुरी तरह माइनॉरिटी में है। दुनिया भर के लोग इस फ़िल्म को महान फ़िल्म बता रहे हैं। IMDB पर उसका स्कोर ८.७/१० और rotten tomatoes पर उसका स्कोर ९४% है। आखिर ऐसा क्या है इस फ़िल्म में जिस पर विदेशी जनता इस तरह फ़िदा हो गई है? फ़िल्म के डाइरेक्टर डैनी बॉय्ल का कहना है कि उनकी फ़िल्म सत्या, दीवार, कम्पनी और ब्लैक फ़्राईडे से प्रभावित है । यानी उनमें दिखाई गई भारत की सच्चाई से।

तो स्लमडॉग का सच क्या है? उसमें भारत की कैसी छवि दिखाई गई है? मैंने ग़ौर से देखा तो पाया कि भारत जिन चीज़ों के लिए जाना जाता है वो सब कुछ है इस फ़िल्म में- पुलिस लॉकप में पिटाई और यातना, अमीर वर्ग का ग़रीब वर्ग की मक़्क़ारी पर गहरा भरोसा, गन्दगी, हगते हुए लोग, गन्द में नहाए हुए लोग फिर भी जीवन के प्रति उत्साहित लोग, हिन्दू-मुस्लिम दंगे, भिखारी, भिखारियों के गैंग, क्रिकेट, फ़िल्म स्टार्स और उनके प्रति दीवानगी, प्रेमियों का मिलना, बिछुड़ना और फिर मिलना, बचपन का प्यार, भाईयों का प्यार और झगड़ा, भाई की भाई से गद्दारी, भाई का भाई के लिए बलिदान, ट्रेन, प्लेटफ़ॉर्म, रोटी, रोटी की चोरी, ताजमहल, इतिहास और इतिहास का मिथक, माफ़िया, रण्डिया, खून, बच्चे, बच्चों के प्रति हिंसा, गालियाँ, टीवी, कौन बनेगा करोड़पति, अमिताभ बच्चन, कॉल सेन्टर, क्न्स्ट्रक्षन बूम और ऑपेरा।

ऑपेरा? वो शायद डाइरेक्टर का अपना कुछ ऑबसेशन होगा। बस एक ऑपेरा को छोड़कर बाक़ी सारे विषय भारत को परिभाषित करते हैं। फ़िल्म में जो कुछ दिखाया गया वो सच भले न हो पर वो भारत के तथाकथित सच से बहुत दूर भी नहीं हैं। मगर उनको पेश करने का अन्दाज़ खालिस मुम्बईया पावभाजी वाला है। जिनको रहमान के फ़र्राटेदार संगीत के तड़के के साथ परोसा गया है।

विदेशी जनता के लिए इतने सारे तत्वों का एक साथ होना एक नया अनुभव है और शायद फ़िल्म की इतनी बड़ी सफलता की वजह है। पर तत्वों का यही मसालेदार तमाशा मेरे लिए मनोरंजक न बन सका। वैसे भी मुझे कभी पावभाजी पसन्द नहीं आई।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...