क्या आप ने कभी सोचा है कि पुरुष को ही क्यों सर्वशक्तिशाली ईश्वर ने श्मश्रु से पुरस्कृत किया है? क्या यह इसलिए है ईश्वर स्वयं एक नर है और चूंकि पुरुष उस विराट कालपुरुष का सूक्ष्म संस्करण है इसलिए उसके दाढ़ी-मूंछ होना स्वाभाविक है? ये दीगर बात है कि बीसवीं सदी के आरम्भ में जनमी कैलेण्डर आर्ट के अनुसार क्षीर सागर में शयन करने वाला वह वैकुण्ठी विष्णु सदैव श्मश्रुहीन अवस्था में ही पाया जाता है। वैसे सोचने की बात तो ये भी है कि किन कलात्मक आग्रहों और दबावों के चलते आर्टिस्ट ने ऐसा चुनाव किया होगा कि सभी अवतारी पुरुषों से उनकी पुरुषत्व का सबसे सहज प्रतीक छीन लिया होगा? रविवार, 19 सितंबर 2010
बुरक़े में दाढ़ी
क्या आप ने कभी सोचा है कि पुरुष को ही क्यों सर्वशक्तिशाली ईश्वर ने श्मश्रु से पुरस्कृत किया है? क्या यह इसलिए है ईश्वर स्वयं एक नर है और चूंकि पुरुष उस विराट कालपुरुष का सूक्ष्म संस्करण है इसलिए उसके दाढ़ी-मूंछ होना स्वाभाविक है? ये दीगर बात है कि बीसवीं सदी के आरम्भ में जनमी कैलेण्डर आर्ट के अनुसार क्षीर सागर में शयन करने वाला वह वैकुण्ठी विष्णु सदैव श्मश्रुहीन अवस्था में ही पाया जाता है। वैसे सोचने की बात तो ये भी है कि किन कलात्मक आग्रहों और दबावों के चलते आर्टिस्ट ने ऐसा चुनाव किया होगा कि सभी अवतारी पुरुषों से उनकी पुरुषत्व का सबसे सहज प्रतीक छीन लिया होगा? गुरुवार, 12 अगस्त 2010
सदाचार और छिनार
बुधवार, 14 जुलाई 2010
विरोधाभास
रविवार, 16 मई 2010
जुझारू जेसिका
सात मास समुद्र में अकेले! चालीस फ़ुट ऊँची लहरों के मुक़ाबिल एक ‘अबला’ षोडशी? जिसके लिए एक आम राय ये बन रही थी कि उसके माँ-बाप ने उसे एक आत्मघाती अभियान पर जाने की अनुमति दी है, वो लड़की लौट आई, न सिर्फ़ सही सलामत बल्कि एक ऐसे अनुभव की विजेता होकर जो जीवन भर उसके भीतर चट्टान जैसा हौसला भर देगा और उसकी संतति की कोशिकाओं में ‘जीन’ बनकर जिएगा। जेसिका वाटसन – ट्रूली अमेज़िंग! ____________________________________________________________________________
बुधवार, 25 फ़रवरी 2009
एक गुस्ताख सवाल के बहाने
अभयजी,
एक मुश्किल में हूँ. जहाँ तक मुझे याद है आपने अपनी विनोद अग्रवाल वाली पोस्ट में कुछ ऐसा लिखा था कि आप नही जानते अगर अमिताभ अपने हर वाक्य के साथ श्री राम कहना शुरू कर दें, जैसे कि शाहरुख हर वाक्य में अल्लाह ले आते हैं, तो सेकुलरिस्टों की क्या प्रतिक्रिया होगी. अभी मैं यह या इससे मिलता-जुलता वाक्य उस लेख में नही पा रही हूँ. क्या आपने यह वाक्य एडिट कर दिया है? अगर किया है तो, और अगर आप उचित समझें तो कृपया बताएं की ऐसा आपने क्यो किया?
धन्यवाद
सोनाली
सोनाली जोशी अमरीका के एक संस्थान से मीडिया का अध्ययन कर रही हैं। वे मेरे ब्लॉग की नियमित पाठक हैं, और पिछले हफ़्ते उनका यह पत्र मुझे प्राप्त हुआ।
मेरा जवाब था:
सोनाली,
मैंने ऐसा तो कुछ नहीं लिखा था। हाँ, मैंने यह ज़रूर लिखा था:
“मैं ने पाया है कि सेक्यूलर एथॉस के भद्रलोक ‘अली मौला’ और ‘अल्ला हू’ पर झूमने में तो ज़रा नहीं झिझकते मगर ‘कृष्ण गोविन्द गोविन्द’ की धुन पर संशय में पड़ कर उसमें साम्प्रदायिकता की बू तलाशने लगते हैं। हो सकता है मेरी इस बात से हाफ़पैंटिया लोग उछलने लगें और सेक्यूलर बंधु नाराज़ हो जायं। मगर जो सच है वो सच है।"
और हाँ.. मैं अपनी पोस्टों को लगातार एडिट और रिएडिट करता हूँ। मैं नहीं समझता कि कि आदमी को सब से पहले जो दिमाग़ में आए लिख देना चाहिए। क्रूरता और हिंसा मनुष्य के स्वभावगत गुण है, जबकि मनुष्यता एक संस्कारजन्य अर्जित गुण है। मेरे अन्दर कई तरह के पतित, पतनशील और नकारात्मक विचार और मत वास करते हैं- जातिवादी और साम्प्रदायिक भी- और मैं उनसे लगातार लड़ता हूँ।
मुझे खुशी है तुम में ऐसा गुस्ताख सवाल करने का साहस है।
क्या तुम मुझे इसे एक पोस्ट बनाने की इजाज़त दोगी?
सादर
अभय
जवाब में सोनाली ने ये इजाज़त मुझे बख्श दी।
पिछले दिनों हमारे ब्लॉग जगत के बहुचर्चित अविनाश दास एक नए विवाद में घिर गए। इस विवाद की मूलवस्तु यही मनुष्यता का ही सवाल था हालांकि उसे इस दृष्टि से देखा नहीं गया। बात ये होती रही कि अविनाश ने ऐसा अपराध किया कि नहीं किया..? वो ऐसा कर सकते हैं कि नहीं कर सकते हैं। किया नहीं किया के प्रश्न के सम्बन्ध में लोग महज़ क़यास ही लगा सकते हैं। सच्चाई या तो वो लड़की जानती है, या फिर स्वयं अविनाश। ब्लॉग की दुनिया में लड़की का पक्ष कोई नहीं जानता; पर अविनाश के अनुसार वह लड़की पारम्परिक शब्दावली में चरित्रहीन है। और 'कर सकने' वाले सवाल पर मेरा मानना है कि हाँ वे ऐसा कर सकते हैं।
यहाँ मैं साफ़ कर दूँ कि न तो अविनाश के ऊपर पारिभाषिक अर्थों में किसी बलात्कार का कोई आरोप है और न ही मैं उन्हे बलात्कारी कह रहा हूँ। जहाँ तक मुझे मालूम है उनके ऊपर एक प्रकार की ज़बरदस्ती प्रेम (मॉलेस्टेशन) करने का आरोप है.. और जैसे अविनाश के तमाम नामी और अनाम मित्र कह रहे हैं कि अविनाश ऐसा कर ही नहीं सकते.. मैं मानता हूँ कि अविनाश ऐसा कर सकते हैं। और अविनाश ही क्यों.. हमारे बीच तमाम सारे लोग ऐसा कर सकते हैं.. किन्ही हालात में शायद मै स्वयं ऐसा कर सकता हूँ।
वैसे लोगों के साथ एक तरह की ज़बरदस्ती करना अविनाश का व्यवहार रहा है। ब्लॉग जगत में लोग उनकी उदण्डता से दुखी रहे हैं। उनके 'मोहल्ले' पर लोगों को अनाम चोले पहनकर नामधारी बन्धु गलियाते रहे हैं। गाली खाने वाले लोग विनती करते रहे हैं कि भई ये अनाम गालियों से मुक्ति दिला दो, पर अविनाश ने किसी के निवेदन पर कभी कान नहीं दिया और अपनी नैतिकता पर क़ायम बने रहे हैं।
मनीषा पाण्डे के साथ उनकी चैट को उन्होने जिस तरह से अपने ब्लॉग पर छापा और तमाम मिन्नतों और क्रोध प्रदर्शनों के बावजूद नहीं हटाया, वो एक तरह की ज़बरदस्ती ही थी। फिर एक अन्य प्रकरण में उन्होने हिन्दी के एक सम्मानित कवि असद ज़ैदी के साथ भी अपनी तरह की एक ज़बरदस्ती का नमूना पेश किया।
ब्लॉग जगत में मनीषा के प्रति उनके व्यवहार से सभी स्तब्ध थे, पर अविनाश की नज़र में ऐसी ज़बरदस्ती, उनकी पत्रकारिता की नैतिकता थी। मगर अभी हाल में अविनाश अपनी छात्रा पर प्रेम की ज़बरदस्ती के जिन आरोपों में उलझे हैं, उस के सिलसिले में उन्होने किसी भी नैतिकता का हवाला नहीं दिया बल्कि सीधे-सीधे अपनी छात्रा के चरित्र पर सवाल उठाया है।
अविनाश कोई एक अकेले व्यक्ति नहीं है जिसके ऊपर आरोप लगा है कि उसने एक लड़की के साथ ज़बरदस्ती की है। महिलाएं जानती हैं कि बहुत सारे सम्बन्धी, मित्र और सहकर्मी इस प्रकार की ज़बरदस्ती करते रहते हैं। अधिकतर आरोप तो मन में घुमड़कर ही दफ़्न हो जाते हैं। यदि महिलाएं लगाने पर आएं तो प्रेमी और पतियों पर भी ऐसे अनेको आरोप सामने आ जाएंगे।
मेरा आशय यहाँ पर अविनाश को किसी कटघरे में खड़ा करना है भी नहीं। मेरा आशय पुरुष के उस पाशविक वृत्ति की ओर इशारा करना है जो स्त्री के प्रेम को बाहुबल से हासिल कर लेना चाहता है। इसके पीछे पुरुष का स्वभाव है, सामाजिक संस्कार है, ऐतिहासिक परिस्थितियाँ है.. ये सब बहस का विषय है।
सविता भाभी जैसे साइट्स पर भी प्रगतिशीलता की बहस चलाने वाले अविनाश से मैं उम्मीद करता था कि वे प्रेम को लेकर स्त्री और पुरुष के अलग–अलग रवैये पर एक बहस छेड़ेंगे। मगर वे आत्म-ग्लानि और आत्म दया में लिप्त हो कर दुखी हो गए और अपने नारीवादी होने की बात दोहरा कर रह गए।
अविनाश भले ही मेरे मित्र न हों मगर मैं उनको सलाह देना चाहूँगा कि इस आपराधिक आरोप को बहुत निजी तौर पर ना देंखे बल्कि एक सामजिक वृत्ति के रूप में देंखे.. हम में से कोई भी ये अपराध कर सकता था.. किसी पर भी ये आरोप लग सकता था। क्योंकि हम सब मौलिक रूप से पशु हैं ये सिर्फ़ संस्कार ही हैं जो हमें मनुष्य बनाते हैं। अगर हम निरन्तर अपने आप को सुधारने की प्रक्रिया जारी न रखें तो हम कभी भी अपनी पाशविकता में उतर सकते हैं। दंगो में भी देखा जाता है कि अच्छे भले लोग दरिन्दों में बदल जाते हैं।
अब पिछले दिनों पिंक अन्डीज़ को लेकर ब्लॉग पर जो बहस चलीं उसमें सारथी के संचालक शास्त्री फिलिप- जो ईसा के चरण सेवक हैं और ब्लॉग जगत में बेहद सम्मानित हैं- एक बेहद शर्मनाक कमेंट कर बैंठे।
यह कमेन्ट उन्होने कुछ महिलाओं द्वारा प्रमोद मुतालिक नाम के राक्षस -सही अर्थों में राक्षस; उसके अनुसार महिलाओं पर किया गया हमला, भारतीय संस्कृति की रक्षा में था- को पिंक अन्डीज़ भेजकर की जाने वाली अभद्रता का विरोध करते हुए किया। अनैतिकता और अभद्रता के विरोध का ऐसा जज़्बा कि स्वयं अभद्र हो गए!
मैं ऐसे किसी भी कमेंट से बचने के लिए कुछ भी लिखने के पहले सोचता हूँ.. लिखने के बाद सोचता हूँ.. छापने के बाद भी सोचता हूँ.. और अगले दिन तक भी जो बात अखरती है तो उसे सुधारता रहता हूँ। फिर भी कभी-कभी ग़लती हो जाती है।
मेरा खयाल है कि मनुष्य पैदा तो पशु होता है; निरन्तर संस्कार से ही उसके भीतर से मनुष्यता पैदा होती है।
सोमवार, 11 फ़रवरी 2008
शी वान्ट्स अ वीनी
वीनी मायने कैसे कहूँ क्या.. आप समझ जाइये न.. वीनी के बारे में फ़्रायड महाराज का सिद्धान्त है कि स्त्रियाँ वीनी-ईर्ष्या से न केवल ग्रस्त होती है वरन संचालित भी होती हैं।
गुरुवार, 31 जनवरी 2008
इन प्रेज़ ऑफ़ अ नान-भिन्नाटी वूमन
सादर चरण स्पर्श,
मैं यहाँ कुशल-मंगल से हूँ और ईश्वर से आप की और भाईसाहब की कुशलता की कामना किया करता हूँ। पिछले दिनों भाईसाहब ने आपकी बहू के हाथ की खिचड़ी खाने की इच्छा प्रकट की थी। मैंने भाईसाहब को निमंत्रण तो उसी वक्त दे दिया था पर इस कामकाजी औरत ने तो..क्या बताएं.. जिन्दगी खराब कर दी हमारी।
अगर आप की बात मानकर वो सिराथू वाली से बिआह कर लिए होते तो आज ये दिन न देख रहे होते। अशोक नगर वाला बंगले के साथ सफ़ेद एस्टीम भी गद्दी के नीचे होती और बीबी हाथ जोड़े खड़ी भी होती और घर में कोई भिन्ना रहा होता तो हम। बड़ा मिसटेक हो गया वरना आज भाईसाहब जैसा जलवा अपना भी होता.. कहा ही है.. बिहाईन्ड एव्हरी सकसेजफ़ुल मैन.. देअर इज अ वूमन। आई वुड से.. देअर इज अ नान-भिन्नाटी वूमन।
आप चिंता न करें.. भाईसाहब की खिचड़ी पक्की है। अरे मेरी इज्जत का सवाल है। सबके सामने कहा है.. अगर नहीं खिलाई तो क्या कहेंगे लोग कि देखो साला जोरू का गुलाम है बीबी इसकी खिचड़ी तक नहीं बनाती। इस मामले में भाईसाहब बड़े लकी हैं उनको आप जो मिली हैं।
अच्छा भाईसाहब का स्वास्थ्य तो ठीक-ठाक है ना.. ये अचानाक अपनी ब्लॉगरी छोड़कर आप को रसोई से निकाल कर आप के पीछे जा कर क्यों खड़े हो गए हैं? क्या उनको लगता है कि औरतों के मुँह नहीं लगना चाहिए? और औरतों के मामले में घर की औरत ज्यादा अच्छा मुँहतोड़ जवाब दे सकती है? खैर जो भी बात हो आप ने भी क्या करारा रख के दिया है.. औरतें इतनी जल्दी भिन्ना क्यों जाती हैं। जरा सी बात में ’नारी मुक्ति संगठन’ खड़ा हो जाता है। जिन्दाबाद मुर्दाबाद शुरू हो जाता है..
आप की यह बात पढ़कर तो हमारा माथा श्रद्धा से और झुक गया कहाँ मिलती हैं ऐसी औरतें आजकल जो जरूरत पड़ने पर मर्द की रक्षा कर सकें। आप महान हैं भाभी जी सचमुच महान! आप को दुर्गा की तरह कलम उठाते देख कर ही तो मेरे अन्दर भी अपनी बात कहने की प्रेरणा जाग गई।
और कहा ही क्या था भाईसाहब ने.. औरतों को किताब पढ़ने की जरूरत क्या है..? ठीक ही तो कहा था मैं तो कहता हूँ कि किताब ही पढ़ने का जरूरत क्या है। अरे इस सर्दी में किताब पढ़ने से अच्छा उसे अलाव में झोंक के थोड़ा आग ताप लो। हाँ नहीं तो.. बेकार की चिकाई चल रही है।
भाईसाहब के प्रमोशन के लिए मैंने सिद्धिविनायक के दरबार में चार आने का प्रसाद चढ़ा दिया है। बड़े प्रसन्न थे.. अपने पास मुम्बई बुलाने की बात कर रहे थे। चार आने की ये बुद्धि रामखिलावन ने दी थी- हमारा चौकीदार- उसका कहना था कि सिद्दिविनायक के दरबार में सब सौ-हजार-लाखों का चढ़ावा चढ़ाएगा, उसमें चार आने का प्रसाद गणपति बाप्पा को अपने पुरातन काल की स्वर्णिम याद दिलाएगा। बस सजल होकर इच्छा पूरन कर देंगे। है न कमाल की बुद्धि अपने रामखिलावन की.. होनी ही है किताब जो नहीं पढ़ा कोई। जैसे अपना भरतलाल .. क्य दिमाग पाया है उसने।
कभी कभी सोचता हूँ कि अगर वो न होता तो भाईसाहब इतनी बड़ी अफ़सरी सम्हालते कैसे? कॉलेज के समय जो दो चार किताब पढ़े थे, उसका असर तो आप के मिलने के बाद ठिकाने लग गया था; लेकिन फिर बीच में गीता बाँच लिए? अगर उन दिनो भरतलाल छुट्टी पर नहीं गया होता तो फिर लोग उनकी बुद्धि ऐसे थोड़ी भ्रष्ट कर पाते। ये आजकल भाईसाहब जो बीच-बीच में बहक के उलटी खोपड़ी की बात करने लगते हैं.. ये सब किताब पढ़ने की बीमारी ही है। आप को याद है न जब तक नहीं पढ़े थे.. तो कितना मीठी-मीठी बात करते थे। लो भूली (और भोली भी) दास्तां फिर याद आ गई..
अब इस याद के बोझ से कलम भारी हो गई अब आगे लिखना मुश्किल हो रहा है..
बड़ों को नमस्कार छोटों को प्यार
कम लिखा ज्यादा समझना
आशा है आप ने इस बार करौंदे का अचार डालते समय मेरा हिस्सा अलग कर दिया होगा.. मैंने यहाँ पर गोभी का अचार डाला है। पिटू मंगल को बनारस जा रहा है महानगरी से, उसके हाथ भेज रहा हूँ। भरतलाल को स्टेशन भेज कर मँगवा लीजियेगा। उसका कोच नम्बर भाईसाहब को मालूम है, उन्होने ही तो कनफ़र्म करवाया है।
आपका आज्ञाकारी देवर
और हाँ भाईसाहब को कहियेगा किताब बुरी चीज है मैं भी मानता हूँ पर कम से कम चिट्ठी की बहिष्कार तो छोड़ दें.. वो मान जायं तो उनको भी चिट्ठी लिखना शुरु करूँ फिर से..
और एक बात और.. भाईसाहब की किताब वाली वो रैक जिसके बराबर खड़े होकर पन्ने पलटते हुए मनन करते रहे हैं उसकी किताबों को रैक समेत इस जाड़े का मुकाबला करने में काम में ले आयं.. कुछ तो उपयोग हो इन कटे हुए पेड़ की रंगी हुई लुगदी का.. इस कोहरे में किसी को चमकाने के काम की भी नहीं रही..
रविवार, 27 जनवरी 2008
ज्ञान जी भी बदल जाएंगे
१) ज्ञान जी का सुर खिलंदड़ा था और उन्हे एहसास नहीं था कि उनका मज़ाक किसी को इतना बुरा लगेगा। मेरे प्रतिक्रिया करने के पहले कई लोगों ने ज्ञान जी के मज़ाक में छिपी हुई स्त्री-विरोधी विचार को चिह्नित कर दिया था.. अगर वे ज़रा भी समझदार हैं तो समझ चुके होंगे कि उनसे क्या गलती हो गई और समझदार नहीं है तो मेरे भी उसी बात को दोहराने से कोई लाभ नहीं होने वाला था.. बल्कि असर उलटा होता। मेरे उनके बीच स्नेह का जो सम्बन्ध है वो टूट जाता। मेरा मानना है कि ज्ञान जी समझदार व्यक्ति हैं और वो पहली प्रतिक्रिया के बाद ही समझ गए थे कि उनसे कुछ ग़लती हो गई। और उन्होने फ़ौरन माफ़ी भी माँग ली थी।
२) मेरा मानना है कि भीतर बैठे हुए संस्कार सिर्फ़ समझदारी से नहीं बदलते.. एक भौतिक प्रक्रिया में बदलते हैं। मैंने अपने निजी अनुभव में पाया है कि एक व्यक्ति जो अपनी बहनों के सर से दुपट्टा थोड़ा सरकते ही उनके माथे पर दुपट्टे को कील से ठोंकने की बात करता था.. अपने बहुओं को जीन्स पहनकर स्कूटर चलाता हुआ देखकर प्रसन्न होता है और उसकी बहनें इस दुभाति व्यवहार के लिए कुढ़ती हैं। एक दूसरा आदमी जिसने कभी अपने हाथ से एक गिलास पानी लेकर नहीं पिया, अपने खाने-पीने को लेकर इतना अड़ियल रहा कि उसकी पत्नी को जीवन भर दो तरह ही की रसोई बनानी पड़ी (एक बाकी सब के लिए और एक उसके लिए)। वही आदमी अपनी बेटी के जल्दी दफ़्तर जाने पर अपनी नातिन के लिए कभी-कभी लंचबॉक्स भी बनाता है। ईवोल्यूशन का सिद्धान्त बताता है कि वातावरण के अनुकूल वांछित परिवर्तन पीढ़ियों के ज़रिये विकसित होते हैं।
३) मेरे पास इतनी ऊर्जा नहीं है कि हर प्रतिक्रियावादी विचार के साथ मैं एक बहस में उतरूँ। ज्ञान जी के अगर किसी विचार से मुझे तक्लीफ़ है मगर उसका सीधा प्रभाव मुझ पर तो पड़ नहीं रहा तो सही है मैं क्यों खर्चा होऊँ? ज्ञान जी झेंलेंगे उनका परिवार झेलेगा। मेरे-आपके बहस करने से थोड़ी बदलती है दुनिया। दुनिया के बदलने की अपनी चाल है।
अगर कोई समझता है कि सभी मनुष्यों को बराबरी का हक किसी वॉल्तेयर साहिब के सिद्धान्त और कुछ फ़्रांसीसी क्रांतिकारियों के बलिदान के चलते मिला है या भारत से जातिवाद किसी गाँधी बाबा या बाबा साहेब के बदौलत खत्म हो रहा है या स्त्रियों के अधिकार किसी रोज़ा लक्ज़्मबर्ग या मैडम क्यूरी की देन है तो ये उनकी ग़लतफ़हमी है। इन महान लोगों का योगदान को कम नहीं कर रहा बस उन्हे उनके समय में स्थापित कर रहा हूँ। ये सारे परिवर्तन इसलिए हुए और हो रहे हैं और होंगे क्योंकि वे एक ऐतिहासिक प्रगति का हिस्सा हैं। पूँजीवाद ने दुनिया में ऐसे भौतिक परिवर्तन कर दिए हैं कि कोई चाह कर भी आदमी के सांस्कृतिक जगत के इन बदलावों को नहीं रोक नहीं सकता।
गाँव में सबको सबकी जाति मालूम होती है। मगर एक बार जब ट्रेन आ गई, और आप को गाँव छोड़कर धंधे की तलाश में शहर जाना पड़ा तो आप नहीं जान सकते कि ट्रेन में आप के बगल में सटकर बैठने वाले अनजान आदमी की जाति क्या है? जाति की जड़ तो कट गई.. कुछ दिनों में पेड़ भी गिर जाएगा। ऐसे ही स्त्रियों के प्रति व्यवहार है जो वैचारिक बहस से नहीं, ठोस व्यवहार में बदलेगा।
४) ब्लॉग की दुनिया बड़ी हो रही है पर इसमें अभी भी एक पारिवारिक भावना बनी हुई है। वो पूरी तरह कब खत्म हो जाएगी या खत्म हो ही जाएगी ठीक-ठीक नहीं कहा जा सकता। पहले-पहले जब हम एक-दूसरे को नहीं जानते थे तो हमारी उनकी बड़ी रार हुई थी, जो उनकी और मेरी पुरानों पोस्टों में देखी जा सकती है। पर अब ज्ञान जी से एक बड़े भाई जैसा सम्बन्ध बन गया है। और अगर बड़ा भाई कुछ ग़लत बात कर भी रहा हो तो उसको जवाब देने का सब का अलग तरीक़ा होता है- मेरा यह तरीक़ा है।
आखिर ‘क़यामत से क़यामत तक’ के सामंतवादी समाज से ‘दिलवाले दुल्हनियाँ ले जाएंगे’ के पूँजीवादी समाज में कुछ तो अंतर है। आप को उम्मीद है कि पिछली पीढ़ी बदल जाएगी।
५) यह सिर्फ़ मेरी अपनी प्रतिक्रिया का मेरे मित्रों के लिए स्पष्टीकरण हैं मेरे उन मित्रों का विरोध नहीं जिन्होने इस मसले पर कड़ा रुख अपनाया है। बड़े भाई ज्ञान जी अगर ऐसी पोस्ट लिखेंगे तो उन्हे लोगों ऐसे कड़े रुख के लिए तैयार भी रहना चाहिये और छोटे भाई शिव कुमार मिश्र को भी।
शुक्रवार, 14 दिसंबर 2007
डोन्ट टेल हर टु स्टॉप
मैडोना कोई मामूली औरत नहीं है.. कुछ खास है उनमें। उन्होने अस्सी की दशक में कामुकता को परिभाषित किया और नब्बे के दशक में पुनर्परिभाषित किया। मैडोना ने न सिर्फ़ अपने समय के स्त्री के रूप का न सिर्फ़ प्रतिनिधित्व किया है बल्कि उस का प्रतिमान गढ़ा है.. स्त्री स्वातंत्र्य और अभिव्यक्ति का जीता-जागता स्वरूप हैं वे। उन्होने नए ज़माने की नई औरत का अपने रूप में आविष्कार किया है और फिर-फिर नए रूप में आविष्कार किया है..अगर पुरानी नज़र से देखा जाय तो उनमें वे सारे तत्व मौजूद है कि उन्हे आधुनिक देवी घोषित किया जा सके.. और होता क्या है देवी होना.. वो हमारे आत्मा में वास करती हैं.. हम उनका नाम जपते हैं.. उनकी मूर्ति लगाते हैं.. उनके नशे में चूर हो कर नाचते हैं..
पुरानी परिभाषाओं से थोड़ा विस्थापन ज़रूर है.. पर आधुनिकता के लिए आप को इतनी ढील देनी होगी.. और अब तो उत्तर आधुनिकता भी चली आई है.. प्लीज़ मेक स्पेस फ़ॉर हर.. एंड वाच हर लवली वीडियो..
Don't tell me to stop
Tell the rain not to drop
Tell the wind not to blow
'Cause you said so, mmm
Tell the sun not to shine
Not to get up this time, no, no
Let it fall by the way
But don't leave me where I lay down
(Chorus)
Tell me love isn't true
It's just something that we do
Tell me everything I'm not but
please don't tell me to stop
Tell the leaves not to turn
But don't ever tell me I'll learn, no, no
Take the black off a crow
But don't tell me I have to go
Tell the bed not to lay
Like the open mouth of a grave, yeah
Not to stare up at me
Like a calf down on its knees
(chorus)
Tell me love isn't true
It's just something that we do
Tell me everything I'm not but
don't ever tell me to stop
(Chorus)
Don't you everTell me love isn't true
It's just something that we do
Don't you ever
Tell me everything I'm not but
don't ever tell me to stop
Don't you ever
please don't, please don't,
please don't tell me to stop
Don't you ever tell me (don't you), ever
Don't ever tell me to stop
Tell the rain not to drop
Tell the bed not to lay
Like the open mouth of a grave, yeah
Not to stare up at me
Like a calf down on its knees
अपने पचासवें बरस में चल रही मैडोना अपने फ़िल्ममेकर पति गाय रिची और तीन बच्चों के साथ लन्डन में रहती हैं।
गुरुवार, 6 दिसंबर 2007
सैन्ड्रा फ़्राम बैन्ड्रा
पुराने सामंती मूल्यों पर आधारित हमारे ग्राम्य समाज का ढाँचा चरमरा कर टूट रहा था पर धराशायी हुआ नहीं था। और अंग्रेज़ो द्वारा लादी गई पूँजीवादी अर्थव्यवस्था अभी आधी-अधूरी अवस्था में थी और कोई शक्ल अख्तियार नहीं कर सकी थी। ऐसे में गाँधी जी जैसे विचारकों का मत था कि हम अंग्रेज़ी मूल्यों को पूरी तरह नकार कर अपने पुराने ढाँचे को पुनः खड़ा करें। पर सत्ता पर का़बिज़ नेहरू को पुराने समय में लौटने में कोई दिलचस्पी नहीं थी.. उनका विचार था कि नया हिन्दुस्तान नए मूल्यों पर ही आधारित होगा। ये नए मूल्य क्या थे और कहाँ से आने वाले थे? आज़ादी के साठ साल बाद हम कितना पुराने मूल्यों से दूर आए हैं और कितना उन नए मूल्यों का विकास कर सके हैं जिनकी चिंता एक समय पर नेहरू और उनके समकालीनों को रही होगी, यह एक अलग चिंता का विषय है।
व्यक्तिगत स्तर पर, निजी स्तर पर पुराने मूल्यों के बरक्स नए मूल्यों का मॉडल कहीं-कहीं भारत के ईसाई समुदाय को भी अनजाने में माना गया। एक स्तर पर तो उन्हे पतित और दुष्चरित्र समझा गया तथा दूसरे स्तर पर उन्हे, अपने घुटन पैदा करने वाले सामाजिक मूल्यों से आज़ादी का पर्याय भी समझा गया। मुम्बई की हिन्दी फ़िल्मों में यह भूमिका क्रिश्चियन सेक्रेटरी के रूप में प्रतिबिम्बित होती है, जो मर्दों की दुनिया में अकेली लड़कियों के बतौर प्रवेश करने का साहस रखती है, स्कर्ट पहनती है, गिटपिट इंगलिश बोलती है, गिटार पर गाने गाती है, डान्स करती है और प्रेम सम्बन्धों में ‘उदार’ रवैया रखती है। उसका नाम होता है बॉबी जूली रोज़ी या मेरी.. एंड शी इज़ अ गुडटाइम गर्ल.. या चालू भाषा में चालू गर्ल। तब के बॉम्बे में इसी लड़की को लोकप्रिय रूप से ‘सैन्ड्रा फ़्रॉम बैन्ड्रा’ का नाम और पहचान दी गई।फ़िल्ममेकर पारोमिता वोहरा की नई डॉक्यूमेन्टरी ‘व्हेयर इज़ सैन्ड्रा’ पड़ताल करती है इसी मिथक का.. आखिर कौन है यह सैन्ड्रा और क्या है उसकी असलियत। पारो का अपनी इस फ़िल्म के बारे में बयान है..
I searched for a way to explore the stereotype of Christians more gently - through the aspects of fantasy that exist in the idea of the sexy, supposedly available but actually unattainable Christian woman. I've tried to stay away from dismantling stereotypes in the film, tending instead to create my own notion of this figure by taking my own and others' ideas of Sandra, and weaving in Bollywood imagery and interviews with women actually named Sandra living in Bandra.पारो इस पूरे बदलाव की ऐतिहासिकता में नहीं घुसती, वे अपने आप को सिर्फ़ इस मिथक की परख तक ही सीमित रखती हैं, जिसके बहाने हम बैन्ड्रा के क्रिश्चियन समुदाय के रहन-सहन की एक रूपरेखा देख पाते हैं। ये सीमाएं शायद उनकी फ़ंडिंग एजेन्सीज़ के चरित्र और फ़िल्म की छोटी अवधि के कारण उत्पन्न हुईं होंगी। पर वे ये भी कहती हैं कि.. In a time of so many stereotypes about feminism, more mischievous stories are needed and are being told with greater ease. And the way in which this story is told is an exercise of that sort.
मेरा अपना मानना है कि भले ही पारो को ये मायावी सैन्ड्रा भले ही बैन्ड्रा में कहीं न मिली हो पर आज बदलते हुए हिन्दुस्तान की हर शहरी लड़की के भीतर (मौजूद दूसरे प्रतिमानों के साथ-साथ) एक सैन्ड्रा भी मौजूद है.. अ गर्ल हू जस्ट वान्ट्स टु हैव फ़न!
पारो मेरी पुरानी मित्र हैं और उनकी मेधा से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूँ.. यह फ़िल्म अच्छी है पर मेरा मानना है कि पारो इस से कहीं बेहतर करने की सामर्थ्य रखती हैं।
इस फ़िल्म को ऑनलाइन देखने के लिए बाएँ दिख रहे फ़िल्म के पोस्टर पर क्लिक करें.. फ़िल्म की अवधि है अठारह मिनट।
गुरुवार, 15 नवंबर 2007
पद्मिनी नारी का विचार और मुश्किलें
दीपिका पादुकोने को पद्मिनी नारी की संज्ञा दिये जाने पर चन्दू भाई की टिप्पणी आई;मर्दों-औरतों के इस सिंह-शशक और पद्मिनी-हस्तिनी वर्गीकरण ने भारतीय इतिहास में बड़े-बड़े गुल खिलाए हैं- लुक्स से लेकर एनेटॉमी तक को इनका आधार बनाया जाता था और जो भी राजा-रानी इन पर खरा नहीं उतरता था उसकी अपनी तो जिंदगी रद्द होती ही थी, अपने प्रजाजनों का भी वह जीना दूभर कर देता था। पूरब में कोणार्क मंदिर बनवाने वाले राजा नरसिंह से लेकर पश्चिम में चित्तौड़ नाश की वजह बनी रानी पद्मिनी तक इसके अनेक उदाहरण हैं। आपकी पोस्ट से प्रभावित होकर यह सिलसिला कहीं दुबारा न चल पड़े...
ऐसी किसी खतरे का परिहार करने के लिए(:)) पद्मिनी नारी पर अपना स्पष्टीकरण पहले ही दे रहा हूँ। ये वर्गीकरण आदिकाल से चला आ रहा है और आज तक जारी है.. मध्य काल में स्त्रियों के चार प्रकारों की चर्चा आम थी; हस्तिनी, शंखिनी, चित्रिणी, और पद्मिनी। मलिक मुहम्म्द जायसी ने भी पद्मावत में इसका ज़िक्र इस प्रकार किया है।
चौथी कहौं पदमिनि नारी। पदुम गंध ससि दैउ सँवारी।पदमिनि जाति, पदुम रंग ओही।पदुम बास,मधुकर संग होही।
ना सुठि लांबी, ना सुठि छोटी। ना सुठि पातरि, ना सुठि मोटी।
सोरह करा रंग ओहि बानी। सो सुलतान! पदमिनि जानी।
दीरघ चारि, चारि लघु सोइ। सुभर चारि, चहुँ खीनी होई।
औ ससि बदन देखि सब सोहा। बाल मराल चलर गति सोहा।
खीर अहार न करि सुकुवाँरी।पान फूल के रहै अघारी।
सोरह करा संपूरन, औ सोरहौ सिंगार।
अब ओहि भाँति कहत हौ, जस बरनै संसार।
अर्थात सोलह कलाओं युक्त पद्मिनी नारी की चार कला/अंग (केश, उंगली, नेत्र, ग्रीवा) लम्बे होते हैं। चार कला/ अंग (दशन, कुच, ललाट और नाभि) छोटे होते हैं। चार कला/अंग (कपोल, नितम्ब, बाहु और जंघा) पुष्ट होते हैं। शेष चार कला/अंग (नासिका, कटि, पेट, और अधर) पतले होते हैं।
नारियों के वर्गीकरण की यह परम्परा मध्यकाल में आ कर नहीं शुरु हुई, बहुत सारी दूसरी चीज़ों की तरह इस के बीज भी पुराने हैं। महाभारत के गालव प्रकरण में आये उद्योग पर्व के ११६ वें अध्याय से ये श्लोक देखिये;
उन्नतेषून्नता षट्सु सूक्ष्मा सूक्ष्मेसु पञ्चसु।गम्भीरा त्रिषु गम्भीरेष्वियं रक्ता च पञ्चसु।।
श्रोण्यौ ललाट मूरू च घ्राणं चेति षडुन्नतम।
सूक्ष्माण्यङ्गुलिपर्वाणि केशरोमनखत्वचः।।
स्वरः सत्वं च नाभिश्च त्रिगम्भीरे प्रचक्षते।
पाणिपादतले रक्ते नेत्रान्तौ च नखानि च॥
अर्थ: इस कन्या के जो छै अंग ऊँचे होने चाहिये, ऊँचे हैं। पांच अंग जो सूक्ष्म होने चाहिये, सूक्ष्म हैं। तीन अंग जो गम्भीर होने चाहिये, गम्भीर हैं तथा इसके पांच अंग रक्त वर्ण के हैं।
दो नितम्ब, दो जांघे, ललाट, और नासिका, ये छै अंग ऊँचे हैं। अङ्गुलियों के पर्व, केश, रोम, नख और त्वचा- ये पाँच अंग सूक्ष्म हैं। स्वर, अंतःकरण और नाभि- ये तीन गम्भीर कहे जा सकते हैं तथा हथेली, पैरों के तलवे, दक्षिण नेत्र प्रान्त, वाम नेत्र प्रान्त और नख, ये पाँच अंग रक्त वर्ण के हैं। आगे श्लोक और है;
बहुदेवासुरालोका बहुगन्धर्व दर्शना।
बहुलक्षण सम्पन्ना बहुप्रसवधारिणी।।
समर्थेयं जनयितुं चक्रवर्तिनमात्मजम।
ब्रूहि शुल्कं द्विजश्रेष्ठ समीक्ष्य विभव मम॥
अर्थ: यह बहुत से देवो-असुरों के लिए भी दर्शनीय है। इसे गन्धर्वविद्या (संगीत) का भी अच्छा ज्ञान है। यह अनेक शुभ लक्षणों द्वारा सुशोभित और अनेक संतानों का जन्म देने में समर्थ है। विप्रवर आपकी यह कन्या चक्रवर्ती पुत्र उत्पन्न करने में समर्थ है; अतः आप मेरे वैभव की समीक्षा करके इसका समुचित शुल्क बताएं।
तो आदिकाल और मध्यकाल से होता हुआ इस वर्गीकरण की अनुगूँज अब पश्चिम की वैज्ञानिक सभ्यता में भी सुनाई दे रही है। अभी हाल में किए गए एक शोध के अनुसार जिन स्त्रियों की कमर और कूल्हे का अनुपात ज़्यादा होता हैं वे कम अनुपात वाली स्त्रियों से अधिक बुद्धिमान होती हैं। क्योंकि कूल्हों में मौजूद वसा में ओमेगा-३ एसिड पाया जाता है जो गर्भ के दौरान शिशु के मस्तिष्क के विकास में सहायक होता है और स्त्री के अपनी मानसिक शक्ति के लिए भी और इसके विपरीत कमर में जमा होने वाला वसा –ओमेगा-६ मस्तिष्क विकास में सहायक नहीं होता।अब इस पर दो तरह से प्रतिक्रिया हो सकती हैं;
१) ये मर्दवादी सोच कि आकर्षक स्त्रियाँ बुद्धिमान नहीं होती, ग़लत साबित हो ही गई।
२) या फिर इसके ठीक उलट कि ये शोध बकवास है क्योंकि यह सिद्ध करती है कि अनाकर्षक स्त्रियाँ बुद्धिमान भी नहीं होती।
सही-गलत से इतर एक सवाल और भी है जो मुझे हमेशा परेशान करता है.. क्या सत्य का फ़ैसला इस आधार पर होगा कि वह पोलिटिकली करेक्ट है या नहीं?
सोमवार, 27 अगस्त 2007
बुरक़े के अँधेरे
अनोखी कही जा सकने वाली बात थी सिर्फ़ लड़की का बुरक़ा। लड़की ने दुनिया की वहशत से अपना हुस्न छिपाने के लिए बुरक़ा नहीं डाला था। यदि ऐसा होता तो शायद वह मॉल की पतनशील संस्कृति में हिस्सा लेने वहाँ आती ही क्यों? इस तरह सरेआम अपने प्रेमी से सटकर खड़ी होती ही क्यों? नज़रों में नज़रें फँसाकर उसके चेहरे पर चाहत के राज़ खोल कर उसे दुनिया के आगे शर्मिन्दा करती ही क्यों? यह बुरक़ा तो उसने अपने घर और पड़ोस के पहरेदारों से खुद को छिपाने के लिए डाला था। लड़की मुझे एक साथ दो दुनिया में जीती नज़र आई। एक परदे व ज़ब्त की तहज़ीब और दूसरी ओर ग्रीड और एनवे का संसार। क्या दोनों का हिस्सा वह मनमर्ज़ी से है? या किसी एक में कुछ ज़ोर-ज़बरदस्ती है? अगर है तो ये ज़ाहिर है कि ज़बरदस्ती कहाँ हो रही है।
ये देख कर मुझे अपनी एक और ग़लती का एहसास हुआ (करता ही रहता हूँ ग़लतियाँ)। मैं ने अभी हाल में करोड़ों करोड़ मुसलमानों को जहालत के अँधेरों में कै़द घोषित कर डाला। आज मुझे अपनी वह घोषणा कुछ अतिरंजित लग रही है। शायद सच्चाई यह है कि ये अँधेरे जहालत से ज़्यादा बुरक़े के हैं, औरतों पर ही नहीं मर्दों पर भी। सबब ये कि तरक़्क़ी और अक़्ल के उजाले जितनी दूसरी क़ौमों में हैं कमोबेश उतने यहाँ भी हैं पर महदूद हैं। मगर उन हदों से निकलने की बेचैनी आम मुसलमान के भीतर सर मार रही है और ये क़ौम उन अँधियारों को लिए-लिए मॉल की नियॉनी रोशनी में आती जा रही हैं। और इसीलिए अपनी घोषित लड़ाई के अलावा मुस्लिम आतंकवादियों की एक कोशिश अपनी क़ौम को खौफ़ के साये में दबाये रखने की भी है।
शुक्रवार, 10 अगस्त 2007
उन का अल्ला
हमला करने वाले तीनों मर्द एक राजनीतिक दल के सदस्य हैं.. जिसका दर्शन मज़हबी है.. वे आंध्र प्रदेश की विधान सभा के सदस्य भी हैं.. आज के अखबार में उन्हे लॉमेकर कह कर उल्लिखित किया गया है.. ये विधि को बनाने वाले विधायक, इस देश के क़ानून पर तो पता नहीं.. मगर क़ुरान और अल्ला के पैग़म्बर मुह़म्मद पर आस्था रखते हैं ऐसा उनका कहना है.. अब चूँकि सब की आस्थाओं की कसौटी उन्ही के पास है इसलिए कोई उन पर सवाल नहीं उठा सकता.. और उनका आरोप है कि वह औरत नहीं रखती और अपनी किताबों में इस्लाम और पैग़म्बर के बारे में उल्टी सीधी बातें लिखती हैं..
औरत का कहना है कि वो जिस बात को ग़लत समझती है उसे लिखती है.. और इस बेबाकी के चलते उसे अपना देश भी छोड़ना पड़ा.. क्योंकि वहाँ पर बहुत सारे मर्दों को ऐसा लगता था कि वह जो भी बोलती लिखती है उसका उसे हक़ नहीं हैं.. यहाँ और वहाँ के इस्लाम के रक्षकों का मानना है कि तस्लीमा नसरीन नाम की इस औरत के लिखने से इस्लाम खतरे में पड़ जाता है.. तो इस्लाम और पैग़म्बर मुहम्मद को बचाने के लिए वे तीनों मर्द उसे इरादा करके धमकाने-मारने के लिए आए..
सामान्य नैतिकता क्या कहती है वह आप खुद तय कर सकते हैं.. हो सकता इस्लाम की उनकी परिभाषा में एक अकेली औरत पर इस तरह का हमला करना धर्म संगत हो..मैंने जो इस्लाम के बारे में जाना है वह ऐसा नहीं है.. मुस्तफ़ा मुह्म्मद के जीवन की ऐसी कोई घटना तो मुझे इस वक्त याद नहीं आ रही .. मगर हज़रत ईसा जो इस्लाम में भी पैग़म्बर माने जाते हैं.. उन्होने एक औरत को पत्थर मारती भीड़ से कहा था कि पहला पत्थर वह मारे जिसका अपना दामन पाक-साफ़ हो.. जिसने कोई पाप न किया हो.. शायद ये तीनों अपने को ऐसा ही कोई फ़रिश्ता मानते हों..
तीनों को गिरफ़्तार कर लिया गया था.. आज टीवी में मैंने देखा कि उन में से एक सधी हुई अंग्रेज़ी में आत्मविश्वास के साथ कह रहा था.. ज़ाहिर है वह रिहा हो चुका है.. कि एक औरत पर इस तरह के हमले का उसे कोई अफ़सोस नहीं बल्कि वो अगली बार और भी बढ़-चढ़ कर हमला करने का इरादा रखता है.. यह आदमी इस देश के एक राज्य का का़नून बनाने के लिए जनता द्वारा चुना गया है.. इसने शपथ ली है कि वह इस देश के का़नून का सम्मान करेगा.. जहाँ तक मेरी जानकारी है कुछ ऐसी ही शपथ ली जाती है .. जिसमें विधि द्वारा सम्मत.. जैसा कुछ बोलते हैं.. तो ऐसी कसम खाने के बाद खुले आम यह आदमी ऐसे दावे कर रहा है..?
जो आदमी अपने देश के का़नून की कसम खा कर अपने देश के का़नून का मखौ़ल बनाता हो.. वह अपने अल्ला के प्रति कितना निष्ठावान होगा.. इसमे मुझे बहुत शंका है.. और वैसे भी जिसका अल्ला इन जैसों की सुरक्षा में अपना अस्तित्व बचाये हुए हो.. उस अल्ला के प्रति भी मुझे बहुत संशय है..
रविवार, 22 जुलाई 2007
प्रेम में अपराध..
जो लोग नहीं जानते उनके लिए बता दूँ कि असीमा जी हिन्दी के प्रख्यात और प्रखर कवि आलोक धन्वा की पत्नी हैं.. उनकी उमर में खासा फ़र्क भी है.. इस कथा में अपने सम्बंध के ऐसे तमाम अंतरंग मसलों पर असीमा जी ने खुल कर चर्चा की है जिन्हे जानने में किसी भी गॉसिप पसन्द महिला/ पुरुष की दिलचस्पी होती है..
दो व्यक्तियों के बीच का हर सम्बन्ध परिभाषा से एक सामाजिक सम्बन्ध है.. और समाज के हर गुण-लक्षण उसमें परिलक्षित होंगे.. मगर स्त्री पुरुष का सम्बन्ध एक सामाजिक सम्बन्ध होने के साथ साथ एक निजी सम्बन्ध भी होता है.. और व्यक्ति की निजता की एक गरिमा भी होती है.. एक मालिक मजदूर के बीच के सामाजिक सम्बन्ध जितनी सरलता की अपेक्षा एक स्त्री पुरुष के वैवाहिक सम्बन्ध में भी करना बचकाना होगा.. उनके बीच एक आदिम पशुता की स्वार्थी हिंसा भी होती है और उच्च मानवीय प्रेम और बलिदान की संवेदना भी..
यह उम्मीद पाल लेना कि उच्च सौन्दर्य बोध की रचनाएं करने वाला कवि अपने निजी जीवन के हर क्षण में उसी उच्च संवेदना से संचालित होगा और एक अतिमानव की भाँति सारे क्लेश-द्वेष से मुक्त होगा.. ऐसी कल्पना ही कवि की मनुष्यता के साथ अन्याय है.. आखिर कवि मनुष्य ही तो है.. कोई संत तो नहीं.. और ईसा ने तो कहा ही है कि पहला पत्थर वह मारे जिसने कोई पाप न किया हो..
स्त्री पुरुष सम्बन्ध में अपराध को आप कैसे परिभाषित करेंगे.. ? सहज रूप से सामने आने वाले अपराध तो स्थूल हिंसा से जुड़े होंगे.. मगर कुछ अपराध सूक्ष्म हिंसा के भी होंगे.. जैसे विश्वासघात और उपेक्षा.. एक स्त्री और पुरुष के बीच क्या घटता है, क्या पकता है.. उस के बारे में मोटी राय बना लेना आसान तो बहुत है.. मगर न्यायशील नहीं..
असीमा जी जिस प्रकार से निजी प्रसंगो में आलोक जी की अमानवीयता को उजागर करके उनकी मान-प्रतिष्ठा और धवल छवि को आघात पहुँचा रही हैं.. वो कितना ठीक है मैं नहीं जानता?.. मैं ये भी नहीं कह सकता कि ये आलोक जी का निजी मामला है.. क्योंकि ये असीमा जी का भी निजी मामला है.. और उन्हे पूरा हक़ है कि वे अपने अति निजी प्रसंगो को समाज के बीच सुलझायें..
मैं ने पूरी कहानी नहीं पढ़ी है.. और मैं नहीं जानता कि सच्चाई क्या है..मैं जानना भी नहीं चाहता.. मगर इस विषय पर जिस तरह से आलोक जी ने अभी तक चुप्पी साधी है .. और वे एक आरोप लगाती स्त्री पर प्रत्यारोप कर के उस की छीछालेदर करने के बजाय मौन रहकर अपनी, उसकी, और रिश्ते की गरिमा बनाए हुए हैं.. मैं फ़िलहाल उस मौन से ज़्यादा प्रभावित हूँ..
शनिवार, 7 अप्रैल 2007
जो नहीं बनना चाहतीं राखी सावंत
पिछले दिनों गुरुदेव का स्त्री पर जो लेख आप पढते रहे .. उस पर ऐसा समझा गया कि मैं अपनी बाते गुरुदेव से कहलवा रहा हूँ.. मैं ऐसा कहूँगा कि मैंने जो पहले भी कहा वो गुरुदेव के विचारों से प्रभावित हो कर कहा फिर अपनी बात ठीक ठीक न रख पाने के कारण गुरुदेव को ही आपके सामने पेश कर दिया.. गुरुदेव के पूरे लेख में दो तीन बाते मुख्य तौर पर निकल कर आईं..१] एक तो स्त्री का स्वभाव पुरुष से अलग है.. उसका स्वभाव कोमल और उदार है.. वह ग्रहणशील है व प्रकृति की तरह समाज में उसकी भूमिका समावेशी है..
२} पुरुष वाह्य रूप से स्त्री से ज़्यादा बलवान है.. और उसने स्त्री जाति को काफ़ी समय से दबा कर रखा है और समाज को अपने गुणों के अनुकूल ढाला है.. इस तरह से पैदा हुआ समाज असंतुलित है और बार बार विनाश होता रहा है आज भी उसी मार्ग पर है..
३] एक मानवीय समाज बनाए के लिये स्त्रैण गुणों को और स्त्री को समाज की अग्रणी भूमिका में आना होगा और वह आयेगी..
नोटपैड वाली सुजाता जी ने और घुघूती बासूती जी ने स्त्री को इस तरह से डिफ़ाइन करने के प्रयास पर भी सवाल खड़ा किया है.. पर मेरा मत यह है कि यहाँ गुरुदेव की मंशा स्त्री को परिभाषित कर उसे एक खास भूमिका में क़ैद कर देने की नहीं है.. बल्कि स्त्री के स्वरूप पर बात करते हुये उन्होने सभ्यता सम्बंधी बड़े प्रश्न उठायें हैं.. स्त्री शोषण के मूल में छिपे तत्वों का अनावरण किया है.. घुघूती बासूती जी ने कहा कि उन पर बाइबिल का प्रभाव है.. आप की बात अंशतः सही है चूँकि गुरुदेव अमेरिका की बहुसंख्यक क्रिश्चियन श्रोताओं से मुखातिब हैं इसलिये उन्होने एक दो जगह बाइबिल के उद्धरण दिये हैं .. इसके अलावा उनके विचार काफ़ी मौलिक है..
सुजाता जी ने बिलकुल ठीक बताया कि अभी का समाज ऐसा है जिसमें स्त्री होना पीड़ा और शर्म का दूसरा नाम हो गया है.. उसके जननांगों का उपहास होता है.. वह बलत्कृत होती है.. गर्भ में ही मार जाती है.. और इस पर मेरा मत यह है कि परिणाम स्वरूप कुछ स्त्रियाँ अपने अन्दर के ऐसे व्यक्तित्व के विकास के प्रति ज़्यादा सचेत हो रही है जो लिंग निरपेक्ष हैं.. और अपने नैसर्गिक स्त्रैण गुणों को नकार रही है..
अन्त में बस इतना कहूँगा कि हमें नहीं चाहिये वो समाज जो एक स्त्री के अन्दर की किरन बेदी और सानिया मिर्जा और राखी सावंत को दमित करता हो.. ऐसा समाज स्त्री विरोधी और मानव विरोधी है.. साथ साथ ही हमें ऐसे समाज से भी सावधान रहना चाहिये जो सुषमा, रेखा और अतिया जैसी हज़ारों हज़ार आम स्त्रियों को अपने आप से शर्मसार करता हो क्यों कि वो नहीं बनना चाहती किरन बेदी, सानिया मिर्ज़ा और राखी सावंत .. वे किसी को अपना पति चुन कर और उसके साथ छोटे छोटे मौलिक मनुष्यों की रचना और उनके पोषण में ही खुश रहना चाहती हैं.. उन्हे रसोई में तकलीफ़ नहीं होती और वही उनकी दुनिया है.. वे दोनों ही समाज स्त्री विरोधी हैं एक वो जो उन्हे धकेल के रसोई के अन्दर बंद करता है.. और दूसरा वह जो उन्हे धकेल के रसोई से बाहर कर मैकडोनाल्ड के रास्ते पर खड़ा कर देता है.. और उन्हे बना देता है अपने विशाल बाज़ार का सिर्फ़ एक मज़दूर.. .
गुरुवार, 5 अप्रैल 2007
स्त्री टूटी नहीं है और ना तोड़ी जा सकती है..
जीवन बदल रहा है.. विशेषकर स्त्री पुरुष सम्बंधों और स्त्री की समाज में भूमिका को लेकर.. इस विषय पर तमाम तरह के विचार समाज में चल रहे हैं.. भारत के एक मूर्धन्य कवि और विचारक और आधुनिक ऋषि, गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के विचार आपके सामने ला रहा हूँ..स्त्री पर अपने ये विचार उन्होने १९१६-१७ की अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान एक भाषण में व्यक्त किये.. कल आपने पढ़ा दूसरा टुकड़ा.. जिसमें गुरुदेव ने कहा.. मगर क्योंकि आदमी अपनी सत्ता के अभिमान में उन सारी चीज़ों का उपहास करता है जो कि जीवित हैं और उन सम्बंधो का जो कि मानवीय है, तो बहुत सारी स्त्रियाँ गला फाड़ के चीख रही हैं ये सिद्ध करने के लिये कि वे स्त्रियाँ नहीं हैं और संगठन और सत्ता में ही उनकी सच्ची अभिव्यक्ति होती है। वर्तमान काल में जब उन्हे अस्तित्व की जैविक ज़रूरत और प्रेम और सहानुभूति के गहरी आध्यात्मिक ज़रूरत की संरक्षक के बतौर सिर्फ़ माँ समझा जाय तो उन्हे लगता है कि उनके सम्मान को क्षति होती है.. आज पढ़िये तीसरा और अन्तिम टुकड़ा..काफ़ी समय से बदलाव जारी हैं समाज की ठोस परत के नीचे जिस पर स्त्री की दुनिया की बुनियाद रखी है। हाल में, विज्ञान की मदद से, मनुष्य की सभ्यता और ज़्यादा पौरुषीय होती जा रही है। जिसके कारण व्यक्ति की पूरी वास्तविकता की उपेक्षा हो रही है। व्यक्तिगत रिश्तों के इलाक़े में संगठन अपने पैर फैला रहा है और भावनाओं का स्थान पर क़ानून। पौरुषीय आदर्शों से प्रभावित कुछ समाजो में, भ्रूण हत्या का चलन होता रहा है ताकि स्त्रियों की जनसंख्या पर क्रूरता से काबू बनाये रखा जाय। वही चीज़ एक दूसरे रूप में आधुनिक सभ्यता में भी हो रही है। सत्ता और सम्पदा के अपने सतत लोभ के चलते इस सभ्यता ने स्त्री को उसकी दुनिया के अधिकतर भाग से वंचित कर दिया है। घर रोज़-ब रोज़ दफ़्तर से और घेरा जा रहा है। स्त्रियो के लिये कुछ भी ना छोड़ कर इस ने पूरी दुनिया को निगल लिया है। ये अपकार ही नहीं अपमान भी है।
सत्ता के लिये आदमी की आक्रामकता के कारण स्त्रियों को महज़ सजावटी क्षेत्रों में हमेशा के लिये धकेला नहीं जा सकता। क्योंकि वह सभ्यता के लिये आदमी से कोई कम ज़रूरी नहीं बल्कि शायद ज़्यादा ज़रूरी है। पृथ्वी की भौमिकी इतिहास में विराट विभीषिकाओं के दौर भी गुज़रे हैं जबकि पृथ्वी ने परिपक्वता की वो नरमी हासिल नहीं की थी जो किसी भी प्रकार के हिंसक प्रदर्शन को तुच्छ समझती है। व्यापारिक स्पर्धा और सत्ता के लिये संघर्ष करने वाली सभ्यता को उस अवस्था की श्रेष्ठता के लिये भी जगह बनानी चाहिये जिसकी शक्ति, सौन्दर्य और शुभता की गहराई में छिपी होती है। इतिहास की बागडोर अभीप्सा के हाथ अब बहुत रह ली। क्योंकि व्यक्ति को अपने हर हक़ के लिये सत्ता पक्ष से बलपूर्वक छीना झपटी करनी पड़ी है और अपनी भलाई को प्राप्त करने के लिये भी बुराई की मदद लेनी पड़ी है। मगर इस तरह की व्यवस्था लम्बे समय तक नहीं चल सकती। ऐसी व्यवस्था को बार बार हिंसा क्रे बीजों का सामना करना होगा जो उसके कोनों दरारों म्रें ही पड़े रहते हैं, और सामना करना होगा अंधेरे में फैले व्यवधानों का जो इसको नेस्तनाबूद कर देंगे जबकि ऐसी कोई उम्मीद भी नहीं होगी।हालाँकि इतिहास की वर्तमान अवस्था में पुरुष अपने पौरुष का सिक्का चला रहा है और अपनी सभ्यता को शिलाखण्डों से बनाता आ रहा है, विकास के जीवन सिद्धान्त की उपेक्षा कर के। मगर वह स्त्री के स्वभाव को दबा कर मिट्टी या अपनी बिल्डिंगों का मृत सीमेन्ट रेतादि नहीं बना सकता। स्त्री के घर टूट गये हो पर स्त्री नहीं टूटी है और ना तोड़ी जा सकती है। सिर्फ़ आदमी की व्यापारिक इजारेदारी के खिलाफ़ संघर्ष करते हुये स्त्री अपने रोज़गार की आज़ादी खोज रही है, ऐसा नहीं है कि बल्कि ये संघर्ष है आदमी की सभ्यता पर इजारेदारी के खिलाफ़ जहाँ वह रोज़ उसका हृदय खण्डित कर रहा है और जीवन विध्वंस कर रहा है। उसे स्त्री का सम्पूर्ण भार मानवीय दुनिया के सृजन में लगाते हुये सामाजिक असंतुलन को फिर से संतुलन में लाना चाहिये। संगठन की पैशाचिक मोटर-कार जीवन के राजमार्ग पर चलते हुये, विपत्ति और विकृति फैलाते हुये, घरघरा किरकिरा रही है क्योंकि दुनिया में तेज़ गति ही उसकी प्रथम वरीयता है। अतः आवश्यक है कि व्यक्ति के घायल और चोटिल जगत में स्त्री का आगमन हो, और वो हर एक को अपनाये, बेकार को और तुच्छ को भी। वह भावनाओं के सुन्दर सुमनों को वैज्ञानिक प्रवीणता के झुलसा देने वाले ठहाकों से छाँव दे ।
लोभ के सांगठनिक साम्राज्य के द्वारा जीवन को उसकी सामान्यताओं से वंचित किये जाने पर जन्मी और बढ़ती अशुद्धताओं को बुहार कर बाहर करे । समय आ गया है कि जब उसका कार्य क्षेत्र घरेलू आयामों से कहीं बाहर तक फैल गया है और स्त्री की ज़िम्मेदारी पहले से और बढ़ गई है। दुनिया ने, अपने अपमानित व्यक्तियों के समेत, अपनी गुहार उस तक पहुँचा दी है। इन व्यक्तियों को अपनी सच्चा मूल्य फिर से पाना है, खुले आसमान में फिर से सर उठाना है, और उसके प्रेम के सहारे ईश्वर में अपनी आस्था का पुनर्जागरण करना है। आदमियों ने आज की सभ्यता की अर्थहीनता देख ली है, जो राष्ट्रवाद पर आधारित है, यानी कि आर्थिक और राजनैतिक आधारों पर, और उसके परिणाम सैन्यवाद पर। आदमी अपनी आज़ादी और मानवता खोता रहा है विशाल मशीनी संगठनों मे फ़िट होने के लिये। तो अगली सभ्यता, ऐसी आशा है !!!, सिर्फ़ आर्थिक, राजनैतिक स्पर्धा और शोषण पर नहीं और सिर्फ़ कार्यकुशलता के आर्थिक आदर्शों पर नहीं बल्कि विश्वव्यापी सामाजिक सहयोग, आदान प्रदान के आध्यात्मिक आदर्शों पर आधारित होगी। और तब स्त्रियों को अपना सच्चा स्थान मिलेगा।
निश्चित ही वह चंचल हो सकती है अपने नज़रिये में संकीर्ण हो सकती है और अपने लक्ष्य से भटक भी सकती है। स्त्री अलग थलग रही है, आदमी के पीछे एक ग़ुमनामी में रही है अब तक, पर मेरा ख्याल है कि आने वाली सभ्यता में इस बात की खानापूरी हो जायेगी। और जीवन की अगली पीढ़ी में हारेंगे वे मनुष्य जो अपनी सत्ता की डींगे मारते रहे, और आक्रामक तरीक़ों से शोषण करते रहे और जिनका भरोसा उठ गया है अपने मालिक की शिक्षा के असल अर्थ से कि कमज़ोर ही पृथ्वी का उत्तराधिकारी होगा। यही बात प्राचीन दिनों में भी घटी थी, प्रागैतिहासिक काल में, डायनासोर और मैमॉथ जैसे विशाल प्राणियों के साथ। उन्होने पृथ्वी का उत्तराधिकार खो दिया है। बलशाली प्रयासों के लिये उनके पास विराट मज्जायें थी लेकिन उन्हे अपने से कहीं कमज़ोर प्राणियों से हारना पड़ा उनसे जिनकी मज्जा कम थी, आकार कम था। और भविष्य की सभ्यताओं में भी, स्त्री जो कि कमज़ोर प्राणी है, अपने बाहिरी आकार में, मज्जा में, और जो हमेशा पीछे रहीं और छोड़ दी गईं पुरुष नाम के उस विशाल प्राणी के साये में, वे अपनी जगह हासिल करेंगी और बड़े प्राणियों को रास्ता देना होगा।बुधवार, 4 अप्रैल 2007
मानवीय दुनिया स्त्रियों की दुनिया है
जीवन बदल रहा है.. विशेषकर स्त्री पुरुष सम्बंधों और स्त्री की समाज में भूमिका को लेकर.. इस विषय पर तमाम तरह के विचार समाज में चल रहे हैं.. भारत के एक मूर्धन्य कवि और विचारक और आधुनिक ऋषि, गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के विचार आपके सामने ला रहा हूँ..स्त्री पर अपने ये विचार उन्होने १९१६-१७ की अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान एक भाषण में व्यक्त किये.. कल आपने पढ़ा पहला टुकड़ा.. जिसमें गुरुदेव ने कहा.. जो स्त्रियां अपनी रुचियों को जीवंत बनाये रखने के लिये अपने माहौल में कुछ विशेष और हिंसक तलाश करती हैं केवल यही सिद्ध करती हैं कि उनका अपने सच्चे जगत से नाता टूट चुका है। देखा गया है कि पश्चिम में बहुत सारी स्त्रियां और पुरुष भी उन चीज़ों की भर्त्सना करते हैं जो आम हैं। और वे उन चीज़ों का पीछा करते हैं जो कुछ खास है, और अपनी सारी शक्तियों का ज़ोर एक ऐसी जाली मौलिकता पर देते हैं जो सिर्फ़ चकित करती है, संतुष्ट भले ना करती हो। मगर ऐसी कोशिशें जीवंतता की सही निशानियां नहीं हैं। और ये पुरुषों से ज़्यादा स्त्रियों के लिये घातक होती होंगी... आज दूसरा टुकड़ा ..अगर, बाहरी उद्दीपन के प्रयोग से, वे एक मानसिक व्यसन पाल लें, और लगातार सनसनी के घूँट दर घूँट खुराक की लती हो जायें, तो वे अपनी प्राकृतिक संवेदनशीलता खो बैठेंगी और साथ ही अपने स्त्रीत्व की बहार भी और इसके साथ मनुष्य जाति को क़ायम रखने की वह वास्तविक शक्ति भी।
एक आदमी की अभिरुचि दूसरे मनुष्य में तब ही जागती है जबकि उसमें कोई विशेष उपयोगिता या प्रतिभा हो, लेकिन एक स्त्री दूसरे मनुष्यों मे दिलचस्पी रखती है क्योंकि वे जीवित प्राणी है, वे मनुष्य हैं, किसी विशेष प्रयोजन के खातिर नहीं, या उनकी किसी ऐसी क्षमता के कारण भी नहीं जो स्त्री को बहुत भा गई हो। चूँकि स्त्री में यह शक्ति है इसीलिये वह हमारे मानस को इतना मोहित करती है.. जीवन के प्रति उसका ये उल्लास इतना मोहक होता है कि उसकी वाणी, उसकी चाल, उसकी हँसी, सब कुछ एक गरिमा से भर जाता है। उसकी गरिमा का यह सुर हमारे वातावरण की रुचियों के इसी समन्वय में है।
सौभाग्य से हमारे रोज़मर्रा की दुनिया में साधारणता का सूक्ष्म और निराग्रही सौन्दर्य है मगर इसके अदृश्य अचंभों को समझने के लिये हमें अपने स्वयं के संवेदनशील मन पर निर्भर होना होगा क्योंकि वे आध्यात्मिक हैं। यदि हम उसके आवरण को चीर कर भीतर जा सकें, कि दुनिया अपने साधारण आयामों में एक चमत्कार है।
इस सत्य को हम अपने प्रेम की शक्ति के द्वारा अन्तर्बोध से जानते हैं, इस शक्ति के ज़रिये समझते हैं कि हमारे प्रेम और सहानुभूति के पात्र, अपने महत्वहीनता के खुरदुरे भेस के बावजूद, अनमोल हैं। जब स्त्रियाँ साधारण चीज़ों में अपनी रुचि की शक्ति को खो बैठती हैं तो फिर फ़ुर्सत अपने खालीपन से उन्हे डराती है क्योंकि उनकी अपनी कुदरती संवेदनशीलता कुंद हो चुकी है और उनके आस पास ऐसा कुछ भी नहीं जो उनके ध्यान को पकड़ सके। तो फिर वो अपने आप को बुरी तरह से व्यस्त रखती हैं समय के उपयोग में नहीं, महज़ उसको काटने में।हमारा दैनंदिन जीवन एक बाँस की तरह है, इसका सच्चा मूल्य इसके अपने आप में नहीं मगर जिनके पास ध्यान की शक्ति और शांति है वे सुन सकते हैं वह संगीत, जो अनन्त हमारे खालीपन के ज़रिये बजाता है। लेकिन चीज़ों की क़दर उनके लिये ही करना स्त्रियों की आदत होती है तो आप उनसे उम्मीद कर सकते हैं कि वे आप के मानस में तूफ़ान खड़ा कर दें, आपकी आत्मा को अनन्त से मिलन से लुभा लें और अपनी अर्थहीन ध्वनियों की अविराम गति से अनन्त की आवाज़ का गला घोंट दें।
मेरा ये तात्पर्य नहीं है कि घरेलू जीवन ही स्त्री के लिये एकमात्र जीवन है। मेरा मतलब है कि मानवीय दुनिया महज़ संगठित करने का अमूर्त प्रयास नहीं, मानवीय दुनिया स्त्रियों की दुनिया है चाहे वह घरेलू हो या मानवीय जीवन की कोई और गतिविधि।
जब भी कोई चीज़ मूर्त रूप से व्यक्तिगत और मानवीय है तो वह स्त्रैण दुनिया है। घरेलू दुनिया ही वह दुनिया है जहाँ हर व्यक्ति को उसके व्यक्तित्व का सच्चा मूल्य मिलता है इसलिये उसकी कीमत बाज़ारू कीमत नहीं है..बल्कि प्रेम की कीमत है; कहने का मतलब यह है कि वह मूल्य जो प्रभु ने अपनी अनन्त दया से हर प्राणी को प्रदान किया है। घरेलू दुनिया स्त्रियों को प्रभु की एक भेंट रही है। वह अपने प्रेम की आभा को सभी ओर अपनी सीमाओं के परे ले जा सकती है और छोड़ भी सकती है अपने स्त्रीत्व को सिद्ध करने के लिये समय आने पर । लेकिन ये एक सच है इसकी उपेक्षा की नहीं जा सकती कि जिस पल वह अपने माँ की गोद में जन्म लेती है वह अपनी सच्ची दुनिया, मानवीय सम्बंधों की दुनिया के केंद्र में जन्म लेती है।
स्त्रियों को अपनी शक्ति का प्रयोग सतह को चीर कर चीज़ों के केंद्र में जाने के लिये करना चाहिये जहाँ कि जीवन का रहस्य में मौजूद है एक शाश्वत अभिरुचि। आदमी के पास ऐसी शक्ति नहीं है। मगर स्त्री के पास है यदि वह इसकी हत्या नहीं कर देती- और इसी लिये वह उन प्राणियों से भी प्रेम करती है जो अपने असामान्य चरित्र के कारण प्रेमयोग्य नहीं हैं। आदमी अपनी ही दुनिया में अपना फ़र्ज़ निभाता है जहाँ वह सत्ता और सम्पदा और तमाम तरह के संगठन खड़े करता रहता है। लेकिन प्रभु ने स्त्री को संसार से प्रेम करने के लिये भेजा है, एक साधारण ची़ज़ों और घटनाओं के संसार से। वह किसी परी कथा के संसार में नहीं रहती जहाँ कोई परी सदियो तक सोती रहती है जब तक कि वह जादुई छड़ी से छुई नहीं जाती। प्रभु के संसार में स्त्रियों के पास अपनी जादू की छड़ियाँ हैं जो उनके दिलों को जगाये रखती हैं और ये छड़ियां सम्पदा के सोने की नहीं है और ना ही सत्ता के लोहे की।हमारे सारे आध्यात्मिक गुरुओं ने व्यक्ति के अनन्त मूल्य का गुणगान किया है। ये वर्तमान काल का निरंकुश भौतिकवाद है जो संगठन के लहूलोलुप बुतों के आगे व्यक्तियों की क्रूर बलि दे रहा है। जब धर्म भौतिकवादी था, जब आदमी अपने भगवानों की अर्चना उनके रौद्ररूप से डर कर करता था या फिर सत्ता और सम्पदा के लोभ से , तब अनुष्ठान नृशंस थे और बलिदान असंख्य। परन्तु आदमी के आध्यात्मिक जीवन के विकास के साथ हमारी अर्चना प्रेम की अर्चना बन गई है।
सभ्यता की वर्तमान अवस्था में जब कि न सिर्फ़ व्यक्ति को विकृत किया जाता है बल्कि उसका महिमा मण्डन भी होता है, ऐसे में स्त्रियाँ अप्ने स्त्रीत्व से ही लज्जा महसूस करती हैं। क्योंकि प्रभु ने अपने प्रेम के संदेश के साथ उन्हे व्यक्तियों के संरक्षक के रूप में भेजा है और अपनी इस दिव्य भूमिका में उनके लिये सेना, नेवी संसद दुकानो और कारखानों से कहीं ज़्यादा व्यक्ति का मूल्य है। यहाँ वे अपने प्रभु के वास्तविक मन्दिर में सेवारत हैं जहाँ प्रेम का मूल्य सत्ता से ज़्यादा है।
मगर क्योंकि आदमी अपनी सत्ता के अभिमान में उन सारी चीज़ों का उपहास करता है जो कि जीवित हैं और उन सम्बंधो का जो कि मानवीय है, तो बहुत सारी स्त्रियाँ गला फाड़ के चीख रही हैं ये सिद्ध करने के लिये कि वे स्त्रियाँ नहीं हैं और संगठन और सत्ता में ही उनकी सच्ची अभिव्यक्ति होती है। वर्तमान काल में जब उन्हे अस्तित्व की जैविक ज़रूरत और प्रेम और सहानुभूति के गहरी आध्यात्मिक ज़रूरत की संरक्षक के बतौर सिर्फ़ माँ समझा जाय तो उन्हे लगता है कि उनके सम्मान को क्षति होती है।क्योंकि आदमी अपनी उत्पादित अमूर्तताओं की छवियों की चिकनी चुपड़ी तारीफ़ें करता रहता है, स्त्रियाँ शर्म में अपने सच्चे प्रभु का भंजन कर रही हैं, और वो आत्म-बलिदानात्मक प्रेम द्वारा अपनी अर्चना की प्रतीक्षा कर रहा है।
जारी.. कल अन्तिम टुकड़ा..
मंगलवार, 3 अप्रैल 2007
वो मनुष्य जाति की मातायें हैं
जीवन बदल रहा है.. विशेषकर स्त्री की समाज में भूमिका को लेकर.. इस विषय पर तमाम तरह के विचार समाज में चल रहे हैं.. उन विचारों के बिल्ले भी हैं.. नारीवादी, अतिनारीवादी, प्रगतिशील, पतनशील, पुरातनपंथी, रूढ़िवादी आदि आदि.. इन विचारों में कुछ पोलिटिकली करेक्ट विचार माने जाते हैं.. और कुछ पोलिटिकली इनकरेक्ट.. मैंने भी कुछ ऐसे ही पोलिटिकली इनकरेक्ट विचार पिछले दिनों व्यक्त किये.. लोग अप्रसन्न भी हुए.. आज मैं भारत के एक मूर्धन्य कवि और विचारक और आधुनिक ऋषि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के विचार आपके सामने ला रहा हूँ.. स्त्री पर ये विचार उन्होने १९१६-१७ की अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान एक भाषण में व्यक्त किये.. पाठकों से थोड़े धैर्य की अपेक्षा है.. कुछ गुरुदेव की अपनी अंग्रेज़ी की सीमायें हैं और कुछ मेरे अनुवाद की.. एक साथ पूरे भाषण को देना पढने वालों के लिये भारी हो जायेगा इसलिये तीन टुकड़े कर दिये हैं.. आज पहला टुकड़ा..स्त्री
जब नर प्राणी एक दूसरे को मारने के लिये अपनी हिंसा में लिप्त होते हैं, कुदरत इसकी अनदेखी करती है क्योंकि, तुलनात्मक रूप से, मादा उसके मक़सद में अनिवार्य हैं जबकि नर महज़ एक ज़रूरत। किफ़ायती शील की होने के कारण कुदरत उन भूखी सन्तानों को ज़्यादा तरजीह नहीं देती जो झगड़े की हद तक पेटू हैं मगर कुदरत का ऋण चुकाने के लिये योगदान बहुत ज़रा सा ही करते हैं। इसीलिये कीट जगत में हम यह संवृत्ति देखते हैं जिसमें मादायें नर जन संख्या को कम से कम रखने की ज़िम्मेदारी निभाती हैं।प्रकृति के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी से बहुत हद तक मुक्त हो गये, मनुष्य जगत में नर को, अपने शौक और खुराफ़ातों को पूरा करने की आज़ादी मिल गई है। आदमी को परिभाषा से औज़ार बनाने वाला प्राणी कहा जाता है। ये औज़ार बनाना कुदरत के दायरे से बाहर है।
वास्तव में हम अपनी औज़ार बनाने की ताक़त के ज़रिये ही कुदरत की अवहेलना कर सके हैं। अपनी अधिकतर ऊर्जा की मुक्ति की बदौलत ही मनुष्य ने ये क्षमता पैदा की और शक्तिशाली हो गया। और इस तरह से, बावजूद इसके कि कुदरत द्वारा प्रदत्त जैविक विभाग की गद्दी अभी भी स्त्री के ही पास है, मानसिक विभाग में पुरुष ने अपना प्रभुत्व बना और बढ़ा लिया है। इस महान कार्य के लिये दिमाग़ का अलगाव और गतिविधि की स्वतंत्रता आवश्यक थे।
आदमी ने शारीरिक और भावनात्मक बेड़ियों से अपनी तुलनात्मक आज़ादी का फ़ायदा उठाया और अपने जीवन की सीमाओं को तोड़ने की दिशा में बेरोकटोक बढ़ चला। इस यात्रा में वह क्रांति और विध्वंस के खतरनाक रास्तों से होकर गुज़रा है। समय समय पर उसके संचय समूह ढहते रहे और और तरक़्क़ी की धारा अपने स्रोत से ही अदृश्य होती रही है। लाभ अच्छे खासे हुए मगर नुकसान उससे भी ज़्यादा उठाने पड़े। खासकर कि जब हम ये सोचें कि जो सम्पदा जाती रही वो अपने साथ सारे प्रमाण भी ले गई। विनाश के इन आवृत्तियों से आदमी ने ये समझा है, हालाँकि उस सत्य का पूरा लाभ अभी भी नहीं लिया है, कि उसके सभी संरचनाओं को विनाश से बचाने के लिये एक लय बनाये रखना ज़रूरी है, कि मह्ज़ शक्ति की असीमित बढोत्तरी सच्ची तरक़्क़ी नही लाती, और सच में एक सही प्रगति के लिये एक सन्तुलन होना चाहिये, संरचना का बुनियाद के साथ एक तालमेल होना चाहिये।
स्त्री के स्वभाव में स्थायित्व के गुण के लिये बड़ा मूल्य है। अंधकार के हृदय में जिज्ञासा के चंचल तीर छोड़ते रहने का महज़ चलताऊपन उसे कभी नहीं लुभाता। उसकी सारी शक्तियाँ कुदरतन चीज़ों को एक आकार एक गोलाई देने में लगी रहती हैं क्यों कि यही जीवन का नियम है। जीवन की गति में हालाँकि कुछ भी अन्तिम नहीं मगर फिर भी हर कदम में एक पूर्णता की लय है।एक कली में भी अपने आदर्श की सम्पूर्ण गोलाई है, और फल में भी। मगर एक अधूरी इमारत में सम्पूर्णता का कोई आदर्श नहीं होता। इसलिये अगर वह अपने परिमाण में बढ़ती ही जाय तो धीरे धीरे वह अपने स्थायित्व के दायरे से बाहर चली जाती है। मानसिक सभ्यता की पौरुषीय संरचनायें बेबेल की मीनारें हैं। वे अपने बुनियाद की अवहेलना की ज़ुर्रत करती हैं और बार बार भरभराकर धसक जाती हैं। मनुष्य का इतिहास अपने विध्वसों की परतों पर ही विकसित होता रहा है। ये कोई सतत जीवन विकास नहीं रहा है। अभी चल रहा युद्ध (प्रथम विश्व युद्ध) इसी की एक अभिव्यक्ति है। बुद्धि से जन्मे हुए आर्थिक और राजनैतिक संगठन जो महज़ मशीनी शक्ति के ही नुमाइन्दे हैं, जीवन के बुनियादी आयाम में अपने गुरुत्व के केन्द्रों को भूल जाने के लिये प्रवृत्त हैं। शक्ति और स्वामित्व का संचित लोभ जिसका कोई सम्पूर्णता की कोई अवस्था नहीं हो सकती, जिसका नैतिक और आध्यात्मिक पूर्णता के आदर्शों के साथ कोई तादात्म्य नहीं है, आखिरकार अपने ही उपादान के भारीपन पर एक हिंसक वार कर बैठता है ।
इतिहास के वर्तमान मकाम पर सभ्यता लगभग पूरी तरह से पौरुषीय है, एक ताक़त की सभ्यता, जिसमें स्त्रियों को एक किनारे ढकेल दिया गया है। इसलिये इस सभ्यता का सन्तुलन बिगड़ा हुआ है और ये एक युद्ध से दूसरे युद्ध में उछलते हुए सी गति कर रही है। इसकी नीयत की शक्ति विनाश की शक्ति है, और इसके अनुष्ठान मानव बलि की एक भयंकर संख्या के साथ सम्पन्न होती है। ये एकतरफ़ा सभ्यता एक ज़बरदस्त चाल से दुर्घटनाओं की एक श्रंखला से टकराती हुई चल रही है क्यों कि ये एकतरफ़ा है। और आखिरकार वो समय आ गया है जब स्त्रियों आकर इस ताक़त की इस दुस्साहसी चाल को अपने जीवन लय प्रदान करें।
क्योंकि स्त्री की भूमिका मिट्टी की ग्रहणशील, समावेशी भूमिका है जो न केवल पेड़ को बढने में मदद देती है बल्कि उसकी वृद्धि की सीमायें भी तय करती है। जीवन के जीवट के लिये पेड़ अपनी शाखाएं ऊपर की दिशा में सभी ओर फैलाता है मगर उसके सारे गहरे बन्धन ज़मीन के नीचे मिट्टी में जकड़े हुये छिपे हुए हैं और उसे जीने में सहायक होते हैं। हमारी सभ्यता के भी अपने समावेशी तत्व चौड़े, गहरे और स्थिर होने चाहिये। केवल वृद्धि नहीं, वृद्धि का एक समन्वय होना चाहिये। सिर्फ़ सुर नहीं ताल भी होना चाहिये। ताल कोई बाधा नहीं है, ये वैसे ही जैसे नदी के किनारे होते हैं, वो धारा को सततशील बनाते हैं वरना वह दलदल के अनियतता में खो जायेगी। ये लय है ताल है, जो संसार की गति को रोकती नहीं बल्कि उसे एक सत्य और सौन्दर्य प्रदान करती है।
शील, विनय, समर्पण और आत्म-बलिदान की शक्ति स्त्री को समावेशिता के ये गुण पुरुष से ज़्यादा अनुपात में मिले हैं। ये प्रकृति की समावेशिता का गुण ही है जो इस की पैशाचिक शक्ति के जंगली तत्वों को वश में करके सौम्य और कोमल बनाकर जीवन के सेवायोग्य एक सुन्दर रचना में बदल देता है। स्त्री की इसी समावेशिता की शक्ति ने उसे वह वृहद और गहरी शान्ति दी है जो स्वास्थ्य पोषण और संग्रहण के लिये अत्यावश्यक है। अगर जीवन सिर्फ़ व्यय होने का नाम होता तो वह रॉकेट की तरह एक पल ऊपर जाता और दूसरे पल राख बनकर ज़मीन पर आ गिरता। जीवन एक चिराग़ की तरह होना चाहिये जिसमें कि रौशनी की सम्भावना लपटों से कहीं ज़्यादः है। स्त्री के स्वभाव में इसी समावेशिता की गहराई में जीवन की सम्भावना संग्रहीत होती है।
मैंने पहले कहीं कहा है कि पश्चिमी दुनिया की स्त्रियों में एक खास बेचैनी देखी जाती है जो उस के स्वभाव का सामान्य पहलू नहीं हो सकता। क्योंकि जो स्त्रियां अपनी रुचियों को जीवंत बनाये रखने के लिये अपने माहौल में कुछ विशेष और हिंसक तलाश करती हैं केवल यही सिद्ध करती हैं कि उनका अपने सच्चे जगत से नाता टूट चुका है। देखा गया है कि पश्चिम में बहुत सारी स्त्रियां और पुरुष भी उन चीज़ों की भर्त्सना करते हैं जो आम हैं। और वे उन चीज़ों का पीछा करते हैं जो कुछ खास है, और अपनी सारी शक्तियों का ज़ोर एक ऐसी जाली मौलिकता पर देते हैं जो सिर्फ़ चकित करती है संतुष्ट भले ना करती हो। मगर ऐसी कोशिशें जीवंतता की सही निशानियां नहीं हैं। और ये पुरुषों से ज़्यादा स्त्रियों के लिये घातक होती होंगी क्योंकि स्त्रियों में जैविक शक्ति पुरुषों की तुलना में अधिक प्रबल होती है। वो मनुष्य जाति की मातायें हैं और अपने आस पास की दुनिया की आम चीज़ों में उनकी सच्ची अभिरुचि होती है, यदि ऐसा ना हो तो मनुष्य जाति का विनाश हो जायेगा।
जारी..




