आत्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आत्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 17 अप्रैल 2009

घर पर पुल

जीवन तो भैया एक सफ़र है। जन्म और मृत्यु के बीच के दो अटल सत्य के बीच का अल्पविराम है। सुधीजन कहते हैं कि जीवन तो जन्म के इस पार और मृत्यु के उस पार के बीच का एक छोटा पुल है, और पुल से होकर बस गुज़र जाया जाता है। इस रहगुज़र में बोझा हलके से हलका रखा जाता है। ताकि मन करे तो पुल पर खड़े हो कर नीचे के बहाव को देख कुछ चिंतन-मनन कर लिया जाय! और इस पुल पर - या किसी भी पुल पर - घर नहीं बनाया जाता!

मगर सुधीजनों की बात कौन सुनता है। कभी-कभी तो सुधीजन स्वयं भी सुध-बुध भूल कर पुल पर दुमहलों-चौमहलों की अटारियां बनाने में व्यस्त हो जाते हैं। आजकल के बाबा-बापू गण वैतरणी में गैया की पूंछ के चक्कर में हैं या संसार में अपनी पूछ के चक्कर में हैं; ये राज़ किस से छिपा है।

खैर, हमारे बाबा लोग की महिमा अपरम्पार है जो कहते भले ही कुछ भी हों, बाक़ी दुनिया की तरह वो भी पुल पर घर बनाने में लगे पड़े हैं। उनका क्या दोष; आखिर वे भी मनुष्य हैं।

पर उन बेचारों का क्या जिनका घर ही पुल पर हो.. या घर के आगे भाई लोगों ने पुल बना दिया हो! वे आध्यात्मिकता के इस अचार का रस कैसे पाएं?



चित्र: भायखला पूर्व व पश्चिम को जोड़ने वाला पुल, मुम्बई

शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2009

एक इन्काई कथा

मैंने अखबार में एक अजीब बात पढ़ी। मेक्सिको में कुछ वैज्ञानिकों ने एक इन्काई शहर# जाने के लिए कुछ मज़दूरों को साथ लिया। रास्ते में एक जगह मज़दूर अचानक रुक गए और आगे जाने से इन्कार कर दिया। इस अड़ियल व्यवहार से वैज्ञानिक बौखला गए.. और उनके बहुत हो हल्ला करने पर भी मज़दूर आगे नहीं बढ़े। घण्टों के इन्तज़ार के बाद मज़दूर फिर चलने को तैयार हो गए.. पूछने पर मज़दूरों में से एक ने बताया कि उनके इस तरह रुक जाने का कारण क्या था..

आप जानना चाहते हैं..? अगर आप अब भी पढ़ रहे हैं तो मैं मान लेता हूँ कि आप ज़रूर जानना चाहते हैं..


मज़दूर ने बताया कि वे बहुत तेज़ चल रहे थे.. इतना तेज़ कि उनकी आत्माएं पीछे छूट गई थीं।

हम अक्सर जीवन में इतना तेज़ दौड़ते हैं कि हमारी आत्मा पीछे छूट ही नहीं जाती.. खो जाती है।

मिकेलएंजेलो अन्तोनियोनी की फ़िल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' में एक चरित्र के मुख से सुनाई गई कथा।

#यह तथ्यत: ग़लत है। इंका सभ्यता का सम्बन्ध पेरू के पर्वतों से हैं.. मेक्सिको में माया सभ्यता के अवशेष हैं।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...